नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 07 जून 2026 रविवार

/////////////////////////////////////////

“सभी के सुझाव से बनेगा समान नागरिक संहिता का मसौदा”: उच्च स्तरीय समिति ने नीमच में किया जनसंवाद

डॉ. गोपाल शर्मा की अध्यक्षता में नीमच में आयोजित हुई बैठक

ucc.mp.gov.in पोर्टल पर नागरिक भेज सकते हैं सुझाव,

नीमच, 06 जून 2026, समान नागरिक संहिता के अध्ययन एवं परीक्षण के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक शनिवार को जिला पंचायत सभाकक्ष नीमच में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सदस्य डॉ. गोपाल शर्मा ने की। इस मौके पर एडीएम श्री बी.एस.कलेश, श्री पराग जैन, डिप्‍टी कलेक्‍टर श्री चंद्रसिह धार्वे व अन्‍य अधिकारी उपस्थित थे।

जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से लिया फीडबैक: बैठक में जनप्रतिनिधिगणों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यगणों, पत्रकारगणों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने सहभागिता की। इस दौरान UCC के संबंध में विभिन्न सामाजिक, विधिक एवं प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थितजनों ने समान नागरिक संहिता के संभावित स्वरूप, विभिन्न राज्यों के अनुभव, सामाजिक समरसता तथा नागरिक अधिकारों से जुड़े विषयों पर अपने महत्‍वपूर्ण विचार एवं सुझाव प्रस्‍तुत किए।

‘यूसी लागू करने से पहले नागरिकों के सुझाव जरूरी’: डॉ. गोपाल शर्मा

समिति सदस्य डॉ. गोपाल शर्मा ने पारिवारिक कानूनों, महिलाओं के अधिकार, सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक प्रावधानों के संबंध में सुझावों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि “कुछ प्रदेशों में पूर्व में यूसीसी लागू हो गया है। प्रदेश सरकार चाहती है कि यूसीसी लागू करने से पूर्व नागरिकों के सुझाव लिये जायें।

डॉ. शर्मा ने बताया कि देश में विभिन्न धर्म समुदायों के लिए भिन्न प्रकार के पारिवारिक कानून हैं। आजादी के बाद इनमें कुछ कानूनों को सुधारने की कोशिश की गई, लेकिन अभी भी बहुत से विषय ऐसे हैं जिनमें सुधार नहीं किया गया है, जो परंपरागत रीति रिवाजों से चलते हैं। विवाह, विवाह विच्छेद, भरण पोषण, उत्तराधिकार, लिव-इन जैसे विषय समान नागरिक संहिता की परिधि में आते हैं।

ucc.mp.gov.in पोर्टल पर भेजें सुझाव: डॉ.शर्मा ने आगामी चरणों में नागरिकों से संवाद एवं सुझाव प्राप्त करने के लिए ucc.mp.gov.in पोर्टल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संविधान में समानता के लिए यूसीसी लाने का प्रस्ताव है, इसीलिए यह विचार विमर्श हो रहा है। नागरिक इस पोर्टल पर समान नागरिक संहिता के संबंध में अपने सुझाव भेज सकते हैं।

इस जनपरामर्श बैठक में न.पा.अध्‍यक्ष श्रीमती स्‍वाति चौपड़ा, सामाजिक कार्यकर्ता सुश्री उषा गुप्‍ता, श्री प्रवीण शर्मा, सहायक प्राध्‍यापक श्री नवीन सक्‍सैना, श्री लक्ष्‍मीनारायण जोशी, वरिष्‍ठ नेता श्री राजकुमार अहीर, जनपद सदस्‍य श्री रतनलाल मालावत, पूर्व न.पा.उपाध्‍यक्ष श्री महेन्‍द्र भटनागर, श्री हेमन्‍त हरित, विधायक प्रतिनिधि श्री नीलेश पाटीदार, श्री प्रदीप वर्मा, शिक्षिका सुश्री सुदामा अम्‍ब, शांति समिति सदस्‍य श्री साबीर मसूदी, श्री हारून रशीद, ज्ञानोदय कॉलेज के श्री पंकज श्रीवास्‍तव, बी.एस.सी. के श्री प्रेमचंद्र कलोसिया, युवा श्री विक्‍की छाबडा, शांति समिति सदस्‍य श्री अनवर हुसैन कुरैशी, धर्मगुरू श्री सुरेशानन्‍द जी शास्‍त्री, ज्ञानमंदिर कालेज के प्राचार्य डॉ.विवेक नागर, प्रो.सुश्री रचना राठौड़, डॉ.श्रीमती निर्मला हाड़ा, अभिभाषक संघ जावद के अध्‍यक्ष श्री विजय जोशी, आम आदमी पार्टी के श्री नवीन अग्रवाल, डॉ.नवनीत, आयोग मित्र श्री के.के.जैन, सिंधी समाज के श्री नन्‍दलाल मालानी, विधि प्राध्‍यापक श्री शुभम मेहता, श्री दर्शन सिह गांधी, रोटरी क्‍लब ने भी अपने महत्‍वपूर्ण सुझाव दिए।

============

“पोषण भी, पढ़ाई भी’ अभियान तहत नवीन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण संपन्न

नीमच 06 जून 2026, जिले में 21 नवीन नियुक्त आंगनवाडी कार्यकर्ता को पोषण भी पढ़ाई अभियान के तहत प्रथम चरण का प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों को सक्षम बनाने और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) को मजबूत करने के उद्देश्य से पोषण भी, पढ़ाई भी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

“पोषण भी पढ़ाई भी” अभियान केवल एक नारा नहीं, बल्कि बच्चों के समग्र विकास का एक मजबूत आधार है। इस प्रशिक्षण से कार्यकर्ता जमीन स्तर पर बाल विकास सेवाओं को अधिक प्रभावी बना सकेंगी। “शिविर के अंत में सभी प्रशिक्षित नवीन आंगनवाडी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या, मास्टर ट्रेनर्स श्रीमती एकता प्रेमी, श्रीमती उमा शर्मा एवं श्रीमती इन्दु सोनी उपस्थित थी।

============

विश्व पर्यावरण दिवस पर वनमंडल नीमच में वृहद पौधारोपण संपन्न

डीएफओ एस.के. अटोदे ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रोपा कटहल का पौधा

कर्मचारियों ने जामुन, सीताफल, आम, रामफल सहित फलदार पौधे लगाकर ली देखभाल की शपथ

नीमच, 06 जून 2026, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन मंडल कार्यालय परिसर में वन मंडल अधिकारी नीमच श्री एस.के.अटोदे ने कार्यालयीन कर्मचारियों के साथ मिलकर पौधारोपण किया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ को किया सार्थक: वन मंडल अधिकारी श्री एस के अटोदे ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कटहल के पौधे का रोपण किया और रोपीत पौधे की देखभाल का संकल्प लिया।

कर्मचारियों ने भी लगाए फलदार पौधे: इस अवसर पर वनमंडल कार्यालय के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी श्री गिरीश सिंह राठौड़, मुख्य लिपिक श्री वीरेंद्र सिंह राठौड़, लेखा शाखा सहायक श्रीमती हेमलता सोनी, राजस्व शाखा प्रभारी श्री कुंवर अग्निवेश, तेंदूपत्ता शाखा प्रभारी श्रीमती पूजा बंबोरिया सहित कार्यवाहक वनपाल श्रीमती हीरामणि पहाड़िया, वनरक्षक श्रीमती टीना योगी, श्री विनय कुमार सालवी, श्री राकेश शर्मा ने भी जामुन, सीताफल, कटहल, रामफल, आम आदि फलदार प्रजाति के पौधों का रोपण कर उनकी सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लिया।

अधिकाधिक पौधारोपण का आह्वान: वन मंडल अधिकारी नीमच श्री एस.के. अटोदे ने सभी कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्तर पर भी अधिकाधिक पौधारोपण करने हेतु प्रोत्साहित किया और कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

==========

नगरीय निकायों की मतदाता सूची पुनरीक्षण: दावा-आपत्ति की तिथि 15 जून तक बढ़ी

नीमच 06 जून 2026, राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकायों की फोटोयुक्त मतदाता सूची वार्षिक पुनरीक्षण 2026 के द्वितीय चरण की समय-सारणी संशोधित की है। अब दावा-आपत्ति केंद्रों पर 15 मई से 15 जून 2026, अपरान्ह 03:00 बजे तक दावे-आपत्ति दर्ज कराए जा सकेंगे। पहले यह अवधि 25 मई तक थी।

उप जिला निर्वाचन कार्यालय नीमच से प्राप्‍त संशोधित कार्यक्रम अनुसार दावा-आपत्तियों का निराकरण 25 जून, ERMS में प्रविष्टि 30 जून, अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची 9 जुलाई को जेनरेट की जाएगी। 10 जुलाई 2026 तक फोटोरहित अंतिम सूची वेबसाइट पर अपलोड होगी और 18 जुलाई को नगरीय निकायों के वार्डों में सार्वजनिक प्रकाशन किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को संशोधित समय-सारणी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

==========

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण: 9 जून को विशेष अभियान

जिला चिकित्सालय से आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक आयोजित होंगे विशेष जांच शिविर

प्रत्येक गर्भवती एवं प्रसवोत्तर महिला की होगी जांच, चिन्हित होंगी उच्च जोखिम वाली महिलाएं

नीमच, 06 जून 2026, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 9 जून को प्रदेश सहित जिले में विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस दिवस सुरक्षित मातृत्व सेवाओं का विस्तार आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक किया जाएगा।

गुणवत्तापूर्ण मातृत्व सेवाओं का एक दशक: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद ने बताया कि भारत सरकार द्वारा गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात सेवाएं प्रदान करने हेतु जून 2016 में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का शुभारंभ माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी जी द्वारा किया गया था। विगत 10 वर्षों से इस अभियान के माध्यम से उल्लेखनीय सेवाएं प्रदाय की गईं, जिसके कारण कई गर्भवती महिलाओं का गर्भावस्था के प्रथम त्रैमास में पंजीयन होने से उच्च जोखिम का पता लगाकर, प्रबंधन किया जा सका तथा उनका सुरक्षित प्रसव कराया गया है।

ग्राम स्तर तक पहुंचेगी सेवा: डॉ.प्रसाद ने बताया, कि 9 जून को ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस होने से ग्राम स्तर पर ही गर्भवती महिलाओं को सेवाएं प्राप्त होंगी। इस दिन जिले के हायर सेंटर के साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर सीएचओ, एएनएम के माध्यम से गर्भवती एवं प्रसवोत्तर महिला की पूरी एएनसी प्रोफाइल जांच की जाएगी। हब-स्पोक के माध्यम से ब्लड सैंपल भी एकत्र किए जाएंगे तथा महिलाओं को आवश्यक दवाई के साथ स्वास्थ्य एवं पोषण परामर्श प्रदान किया जाएगा।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं: जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.एल.पाटीदार ने बताया, कि 9 जून को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जीरन में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.लाड धाकड़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगोली में डॉ.आकांक्षा सिंह एवं डॉ.सलोनी शर्मा, सिविल अस्पताल जावद में डॉ.कमला भायल, सिविल अस्पताल मनासा में डॉ.बी.एल.भायल, सिविल अस्पताल रामपुरा में डॉ. नितीन जैन तथा जिला चिकित्सालय नीमच में डॉ.अंगूरबाला पाटीदार एवं डॉ.रूकसीन खान सेवाएं देंगी।

नवीन पंजीयन पर जोर: जिले में 9 जून को अभियान स्थल पर प्रत्येक गर्भवती महिला की जांच किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान में नवीन गर्भवती महिलाओं को खोजकर उनका पंजीयन भी किया जाएगा तथा उनको एमसीपी कार्ड बनाकर दिए जाएंगे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद ने सभी गर्भवती एवं प्रसवोत्तर महिलाओं से उक्त शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

===========]

नारकोटिक्स ब्यूरो कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई 67 किलो 90 ग्राम सघन डोडाचूरा जब्त

नीमच- केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो यानी सीबीएन मध्य प्रदेश ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 67 किलो 90 ग्राम सघन डोडाचूरा जब्त किया है। कार्रवाई राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार क्षेत्र में की गई, जहां हरियाणा नंबर के एक टाटा एलपीटी कंटेनर ट्रक को रोका गया।

जांच में खुलासा हुआ कि ट्रक में लोड 46 पानी के टैंकों के भीतर 12 प्लास्टिक बैगों में डोडाचूरा छिपाकर तस्करी की जा रही थी। सीबीएन टीम ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और पानी के टैंक भी जब्त किए गए हैं।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है। सीबीएन अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

=============

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}