नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 15 मई 2026 शुक्रवार

//////////////////////////////////////

फार्मर आई.डी.बनाने ग्राम पंचायतों में शिविर आज

किसान भाई शिविर में फार्मर आई.डी. बनवाएं

नीमच 14 मई 2026, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में जिले के किसानों के लिए फार्मर आईडी (किसान आईडी) बनाने हेतु जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। आज 15 मई 2026, शुक्रवार को विभिन्‍न ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा हैं।

तहसील नीमच नगर की पंचायत पिपल्या बाग, नीमच ग्रामीण के भादवा, बिसलवास सोनिगरा, बोरदिया कलां, बोरखेड़ी पानेरी, तहसील जीरन के केलूखेड़ा, कोटडी इस्तमुरार, लखमी,जावद के आकली, अरनिया मामादेव, बांगरेड, बराड़ा, सिंगोली के रतनगढ़, श्रीपुरा, अंबा, अथवा बुजुर्ग, बडी, मनासा के मोकडी, नलवा, पलासिया, पावटी, फोफलिया एवं रामपुरा के दुधलाई, हतुनिया, जन्नौद, खिमला ब्लॉक पंचायतों में शिविर आयोजित किए जा रहे है। आगामी खरीफ मौसम में खाद लेने तथा विभागीय योजनाओं में पंजीयन कराने के लिए फार्मर आई.डी. अनिवार्य होगी।

इन शिविरों में आवश्यक दस्तावेज:- आधार कार्ड (मोबाइल नंबर से लिंक होना अनिवार्य), भूमि दस्तावेज– खसरा/खतौनी की नकल, सक्रिय मोबाइल नंबर के साथ शिविर में उपस्थित होकर लाभ उठाए।

सभी किसानों से अपनी ग्राम पंचायत के शिविर में पहुंचकर फार्मर आईडी बनवाने तथा अपने सभी खसरों को फार्मर आईडी से लिंक कराने का अनुरोध किया गया है।

============

कानून एवं व्‍यवस्‍था संबंधी बैठक 21 मई को

नीमच 14 मई 2026, आगामी दिवसो में जिले में त्‍यौहार आपसी भाईचारे एवं सौहार्द्रपूर्ण तरीके से मनाने हेतु कानून एवं व्‍यवस्‍था संबंधी बैठक का आयोजन 21 मई 2026 को सुबह 11.30 बजे कलेक्‍टोरेट सभागृह में किया जा रहा है। अपर कलेक्‍टर श्री बी.एस.कलेश ने सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को इस बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए है।

============

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक 21 मई को

नीमच 14 मई 2026, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्‍यक्षता में 21 मई 2026 को दोपहर 12 बजे कलेक्‍टोरेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की जा रही है। लोक निर्माण कार्यपालन यंत्री श्री अमित नार्गेश ने समिति के सभी सदस्‍यों से बैठक में उपस्थित होने का आगृह किया है।

==========

सी.आर.पी.एफ.के सहायक उप निरीक्षको का दीक्षांत समारोह 25 को

नीमच 14 मई 2026, डी.ए.एस.ओ.(भूतपूर्व सैनिक) कोर्स क्रम संख्‍या-99 के प्रशिक्षुओं का सत्‍यापन सह शपथ ग्रहण समारोह आर.टी.सी. नीमच के परेड़ ग्राउण्‍ड पर 25 मई को प्रात:7 बजे आयोजित किया जा रहा है। समारोह में मुख्‍य अतिथि श्री दर्शनलाल गोला, निदेशक, प्राचार्य आई.एस.ए. माउंट आबू के.रि.पु.बल एवं सी.टी.सी.नीमच के अधिकारी एवं गणमान्‍य नागरिक समारोह में शामिल हो रहे हैं। यह जानकारी सी.टी.सी.प्राचार्य ने दी है।

==============

मिशन वात्सल्य तहत जिला स्तरीय कार्यशाला सम्‍पन्‍न

नीमच 14 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नीमच श्री अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में जिले में संचालित मिशन वात्सल्य के तहत गुरूवार को आयुष भवन नीमच में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।

जिला कार्यक्रम अधिकारी म.बा.वि.नीमच सुश्री अंकिता पंड्या ने कार्यशाला में वलनरेबिलिटी मैपिंग तहत चिन्हांकन कर, गूगल फॉर्म पंजीयन, बाल श्रम,बाल भिक्षावृत्ति, बाल सगाई, बाल विवाह व संस्थागत सेवाओं संबंधित विस्तृत चर्चा कर, आगामी रणनीति पर ध्यान देने हेतु निर्देशित किया। जिला स्तरीय कार्यशाला में सहायक संचालक श्री वैभव बैरागी, परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक व सभी ब्लॉक समन्वयक उपस्थित थे।

===========

छात्रा कुमारी नंदू को अब आसानी से मिलेगा शासन की योजनाओं का लाभ

रात्रि चौपाल में कलेक्टर के निर्देश पर प्रोफाइल पंजीयन हुआ

नीमच, 14 मई 2026, जनजातीय कार्य विभाग के एमपीटास्क पोर्टल पर प्रोफाइल पंजीयन उपलब्ध होने के कारण अनुसूचित जनजाति वर्ग की छात्रा कुमारी नंदू को विभाग की योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं हो पा रहा था। छात्रा की समस्या का समाधान विगत 5 मई को ग्राम टामोटी में आयोजित रात्रि चौपाल में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर जनजातीय कार्य विभाग, नीमच की तत्परता से तत्काल कर दिया गया।

समस्या का समाधान होने के बाद आगामी शैक्षणिक सत्र से छात्रा को छात्रावास में प्रवेश सहित जनजातीय कार्य विभाग की समस्त योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

उल्लेखनीय है, कि 05 मई 2026 को ग्राम टामोटी में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की उपस्थिति में रात्रि चौपाल में छात्रा कुमारी नंदू पिता सदा भील द्वारा एमपीटास्क पोर्टल पर प्रोफाइल पंजीयन में आ रही समस्या के संबंध में आवेदन पत्र प्रस्तुत किया गया था। कलेक्टर श्री चंद्रा द्वारा छात्रा की समस्या के त्वरित निराकरण हेतु निर्देश दिए गए।

छात्रा की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला संयोजक, जनजातीय कार्य श्री राकेश कुमार राठौर ने अधीक्षिका, जनजातीय सीनियर कन्या छात्रावास कुकड़ेश्वर के माध्यम से छात्रा के आधार कार्ड, समग्र आईडी एवं जाति प्रमाण-पत्र की छायाप्रति आदि दस्तावेज प्राप्त कर, तत्काल छात्रा का प्रोफाइल पंजीयन एमपीटास्क पोर्टल पर करवाकर उसे उपलब्ध करा दिया है। इस प्रकार छात्रा की समस्या का अब समाधान हो गया है।

===========

तहसील मनासा एवं जावद में विस्फोटक भंडारणों का किया अधिकारियों ने औचक निरीक्षण

एक गोदाम खाली मिला, दूसरे में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ विस्फोटक सामग्री पाई गई

नीमच, 14 मई 2026 कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार तहसील मनासा में संचालित विस्फोटक भंडारणों का अनुविभागीय अधिकारी राजस्व उपखंड मनासा सुश्री किरण आंजना, तहसीलदार मनासा श्री मुकेश निगम, नायब तहसीलदार मनासा श्री रूपसिंह राजपूत एवं संबंधित मौजा पटवारी की उपस्थिति में औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण में उचेड़ स्थित जय माता दी इंटरप्राइजेस विस्फोटक गोदाम मौके पर खाली पाया गया। गोदाम में कोई भी विस्फोटक सामग्री संग्रहित नहीं थी।

वहीं सांडिया में स्थित श्री अनिल मूंदड़ा एंड कंपनी के विस्फोटक गोदाम में 25 एमएम जिलेटिन रॉड 456.625 किलोग्राम, डेटोनेटिंग फ्यूज 18,375 मीटर, ई-डेट 248 नग तथा डीटीएच/टीएलडी 978 नग सामग्री पाई गई। मौके पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी पाई गई। एसडीएम जावद सुश्री प्रीती संघवी ने भी क्षेत्र के विस्‍फोटक गोदामों, पटाखों के गौदामों का अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्‍यवस्‍था का जायजा लिया और संबंधितों को आवश्‍यक निर्देश भी दिए है।

जिला प्रशासन द्वारा विस्फोटक भंडारणों की सुरक्षा एवं नियमों के पालन हेतु समय-समय पर औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं।

============

सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार 2025-26 के लिए 20 मई तक आवेदन आमंत्रित

विकासखंड स्तर पर ₹10 हजार व जिला स्तर ‌पर ₹25 हजार का पुरस्कार

कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य व कृषि अभियांत्रिकी के कृषक कर सकेंगे आवेदन

नीमच 14 मई 2026, मध्यप्रदेश किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन “आत्मा” अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार दिए जाने हैं। परियोजना संचालक “आत्मा” नीमच ने बताया कि जिले के सभी 3 विकासखंडों से पांच-पांच सर्वोत्तम किसान (कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं कृषि अभियांत्रिकी प्रत्येक क्षेत्र से 1-1) को ₹10,000/- का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। जिला स्तरीय पुरस्कार हेतु उक्त पांचों क्षेत्रों के प्रत्येक विजेता को ₹25,000/- का पुरस्कार दिया जाएगा।

आवेदन एवं चयन प्रक्रिया: अंतिम तिथि: विकासखंड स्तरीय एवं जिला स्तरीय कृषक पुरस्कार के लिए 20 मई 2026 तक प्रविष्टियां आमंत्रित की जाती हैं।

विकासखंड स्तर पर चयन: गठित चयन समिति द्वारा 30 मई 2026 तक विकासखंड स्तरीय सर्वोत्तम कृषक का चयन किया जाएगा।

राज्य स्तर पर प्रेषण: चयनित नाम जिला स्तरीय पुरस्कार हेतु राज्य स्तर पर परीक्षण के लिए 15 जून 2026 तक भेजे जाएंगे।

राज्य स्तर पर चयन: राज्य स्तरीय समिति द्वारा 30 जून 2026 तक अंतिम चयन किया जाएगा।

पुरस्कार वितरण: चयनित किसानों को प्रमाण पत्र सहित पुरस्कार 26 जनवरी 2027 को पूरे प्रदेश में एक साथ प्रदान किए जाएंगे।

चयन समिति:विकासखंड स्तरीय सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार के लिए गठित चयन समिति के अध्यक्ष कलेक्टर होंगे। परियोजना संचालक “आत्मा” सदस्य सचिव तथा उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन विभाग के जिला प्रमुख एवं कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी इस समिति में सदस्य बनाए गए हैं।

कृषि विभाग ने जिले के किसानों तथा कृषक समूहों से इस पुरस्कार के लिए अधिक से अधिक आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया है। किसान भाई प्रत्येक विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी/ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर (B.T.M.) कार्यालय तथा संबंधित विभाग के कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर पूर्ण रूप से भरकर बंद लिफाफे में 20 मई 2026 तक प्रस्तुत कर सकते हैं।

===========

देश एवं प्रदेश की अनोखी औषधीय मण्‍डी के रूप में सुप्रसिद्ध है नीमच मण्‍डी

कृषि उपज मंडी समिति, नीमच द्वारा वर्ष 2025-26 में किए गए उल्लेखनीय कार्य

नीमच 14 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा जिला नीमच के निर्देशन में कृषि उपज मंडी समिति, नीमच द्वारा कृषकों की उपज की नियत समय पर नीलामी, शीघ्र तौल एवं भुगतान व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए वर्ष 2025-26 में बहुआयामी एवं उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं।

प्रमुख उपलब्धियां: राजस्व एवं आवक में अभूतपूर्व वृद्धि:वर्ष 2024-25 की तुलना में 2025-26 में आवक 64,16,201 क्विंटल से बढ़कर 72,40,492 क्विंटल हुई, जो 13 प्रतिशत की वृद्धि है। मंडी शुल्क ₹33.02 करोड़ से बढ़कर ₹34.58 करोड़ हुआ, जिसमें ₹1.56 करोड़ (+5 प्रतिशत) की वृद्धि दर्ज की गई। ई-अनुज्ञा पोर्टल पर विलंब शुल्क एवं ब्याज के रूप में ₹1.73 लाख की अतिरिक्त वसूली की गई है।

पारदर्शी नीलामी से रिकॉर्ड राजस्व: नवीन मंडी प्रांगण डुंगलावदा में 248 भू-खण्डों की पारदर्शी नीलामी से अपसेट वैल्यू ₹5.02 करोड़ के विरुद्ध ₹55.81 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। उड़नदस्ता कार्रवाई से 36 प्रकरणों में ₹3.68 लाख वसूले गए है।

अधोसंरचना एवं तकनीकी उन्नयन:- नवीन मंडी प्रांगण को हाई टेक मंडी के रूप में विकसित किया जा रहा है। किसानों हेतु आर.ओ. संयंत्र स्थापित किए गए हैं।

मुख्य मंडी, नवीन मंडी एवं उप मंडी जीरन को सी.सी.टी.वी. सर्विलांस युक्त किया गया तथा फायर फाइटर लगाए गए। दो बड़े इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों से सीधे गोदाम डिलीवरी की व्यवस्था प्रारंभ की गई। बिजनेस एग्रो मॉल का प्रस्ताव स्वीकृति हेतु वरिष्ठालय प्रेषित किया गया। नवीन मंडी डुंगलावदा-चंगेरा एवं उपमंडी जीरन हेतु शासकीय भूमि आवंटन की कार्यवाही प्रचलित है।

ई-मंडी एवं औषधि उपजों का सशक्तिकरण: गेहूं, जौ, मक्का, सोयाबीन, लहसुन, धनिया, रायड़ा सहित प्रमुख उपजों का ई-मंडी से घोष विक्रय प्रारंभ किया गया। अन्य उपजों को भी शीघ्र जोड़ना प्रस्तावित है।

नीमच मंडी औषधि एवं मसाला फसलों का प्रमुख केंद्र है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के प्रयासों से चिया सीड, किनोवा सहित कुल 26 औषधि/वन उपजों को ई-अनुज्ञा पोर्टल पर अधिसूचित करवाया, जिससे किसानों-व्यापारियों को विक्रय में सुविधा हुई।

औषधि मंडी हेतु केंद्रीय अनुदान: मुख्य मंडी प्रांगण के औषधि मंडी के उन्नयन हेतु केंद्र सरकार राष्ट्रीय पादप बोर्ड द्वारा ₹5.50 करोड़ का अनुदान स्वीकृत किया गया है।

मंडी समिति द्वारा किए गए उक्त कार्यों से पारदर्शिता, राजस्व वृद्धि, कृषक सुविधाओं का विस्तार एवं औषधि-मसाला उपजों के व्यापार को राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहन मिला है। यह प्रदेश में मंडी व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है।

नीमच कृषि उपज मंडी- देश की एकमात्र ऐसी मंडी जहां औषधीय फसलों की बोली लगाकर सार्वजनिक नीलामी होती है। इस मण्‍डी में 65+ प्रकार की औषधीय फसलें – अश्वगंधा, सफेद मूसली, गिलोय, चिया सीड, किनोवा, नागरमोथा, अकरकरा, बेल फल, गुलाब की सूखी पत्ती, भटकटैया कांटे, नीम की पत्ती, संतरे के छिलके तक नीलामी के लिए आते है। गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान समेत कई राज्यों के किसान यहां आते हैं। इसे “भारत की अनोखी औषधी मंडी” कहा जाता है।

नीमच मंडी को खास क्या बनाता है?- नीमच देश की पहली मंडी है जहां “कांटे, पत्ती, छिलके सब बिकते हैं”। यहां उपज के आधार पर 500 रुपये से 2 लाख रुपये तक के भाव मिलते हैं। अप्रैल के बाद यहां आवक दोगुनी हो जाती है।

अगर आप किसान हैं और औषधीय फसल उगाते हैं, तो म.प्र. सरकार के नए आदेश के बाद अब 15 औषधीय फसलें प्रदेश की सभी मंडियों में बिक सकेंगी। फिर भी सबसे बड़े भाव और देशभर के खरीदार नीमच मंडी में ही उपलब्‍ध होते है। उक्‍त जानकारी मण्‍डी सचिव नीमच श्री उमेश बसेडिया शर्मा ने दी है।

=========

आई.टी.आई.मनासा में 21 को युवा संगम रोजगार मेला

नीमच 14 मई 2026, आई.टी.आई.मनासा के प्राचार्य ने बताया, कि 21 मई 2026 को प्रात: 10 बजे से दोपहर एक बजे तक शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्‍था मनासा में युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 10वीं पास, 12वीं पास, आई.टी.आई. उत्‍तीर्ण सभी प्रशिक्षणार्थी शामिल हो सकते है। रोजगार मेले में प्रस्‍तावित कम्‍पनियॉं अडानी विलमार, अल्‍ट्राटेक, दिलीप बिल्‍डॉन, धीरेन्‍द्र सोया द्वारा आवश्‍यकतानुसार युवाओं का रोजगार के लिए चयन किया जावेगा।

======

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}