समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 15 मई 2026 शुक्रवार

///////////////////////////////////////
हर घर जल योजना के सभी कार्य जून तक पंचायतों को हैंडओवर करें
विद्युत विभाग गर्मी के दिनों में कंट्रोल रूम को हमेशा सक्रिय रखें
सभी निर्माण विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्न
मंदसौर 14 मई 26 / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन स्थित सभागार में निर्माण विभाग से जुड़े सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि हर घर जल योजना अंतर्गत जिले में संचालित सभी कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करते हुए जून माह तक शत-प्रतिशत पंचायतों को हैंडओवर किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को इसके लिए स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि गर्मी एवं वर्षा काल को देखते हुए कंट्रोल रूम को हमेशा सक्रिय रखा जाए। साथ ही 33 केवी केंद्र, केवी लाइन, सब स्टेशन तथा नए ट्रांसफार्मर स्थापना के कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए।
बैठक में जल निगम के कार्यों की फेसवाइज समीक्षा करते हुए डब्ल्यूटीपी कार्य, इंटकवेल, सप्लाई लाइन, पाइपलाइन, हाउस सर्विस कनेक्शन एवं अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।
जल संसाधन विभाग कि समीक्षा के दौरान कहा कि सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति प्रतिदिन प्रस्तुत की जाए। साथ ही ग्राम स्तर पर जल उपभोक्ता समितियों का गठन कर उनके संचालन हेतु संबंधित जनपद सीईओ को प्रभारी बनाया जाए।
इसके अतिरिक्त बैठक में लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, जल संसाधन विभाग, ब्रिज, आरईएस तथा योजना एवं सांख्यिकी विभाग के निर्माण सांसद एवं विधायक निधि वाले कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
===============
गाँधी सागर नं 8 में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित
मंदसौर 14 मई 26 / प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय आयुष्मान आरोग्य अभियान के तहत गाँधी सागर न 8 में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक वर्ग, विशेषकर उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों के निवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना एवं टीबी (क्षय रोग) जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान करना रहा।
शिविर के दौरान टीबी जागरूकता अभियान अंतर्गत उपस्थित ग्रामीणों को टीबी शपथ दिलाई गई। ब्लॉक भानपुरा के टीबीएचवी श्री देवेंद्र तिवारी द्वारा ग्रामीणों को टीबी रोग के प्रति जागरूक करते हुए इसके प्रमुख लक्षणों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि लगातार कई दिनों तक खांसी आना, भूख न लगना, वजन में कमी होना, रात में पसीना आना तथा बुखार बने रहना टीबी के संभावित लक्षण हो सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि टीबी एक पूरी तरह से उपचार योग्य बीमारी है और घबराने की आवश्यकता नहीं है। बलगम जांच में पॉजिटिव आने पर 6 माह तक नियमित उपचार से मरीज पूर्णतः स्वस्थ हो सकता है। साथ ही शासन द्वारा मरीजों को उपचार अवधि के दौरान प्रति माह 1000 रुपये की पोषण सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है।
शिविर में आए नागरिकों की व्यापक स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें टीबी स्क्रीनिंग हेतु एक्स-रे के माध्यम से संदिग्ध एवं पूर्व उपचाररत मरीजों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, रक्त शर्करा एवं बीएमआई सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए।
===============
राहगीर अभियान के तहत 4 किमी रास्ता अतिक्रमण मुक्त, कई गांवों में हुई कार्रवाई
मंदसौर 14 मई 26 / गरोठ एसडीएम श्री राहुल चौहान ने बताया कि शासकीय रास्तों से अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए जा रहे “राहगीर अभियान” के अंतर्गत ग्राम छायन, किलगारी, लोटखेड़ी, देथली बुजुर्ग, सादलपुर एवं संधारा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार की उपस्थिति में हल्का पटवारियों द्वारा जनसहयोग से किसानों की मौजूदगी में रास्तों से अतिक्रमण हटाया गया।
एसडीएम श्री चौहान ने बताया कि ग्राम संधारा से लेदी तक जाने वाला मार्ग लंबे समय से बंद था। तहसीलदार द्वारा मौके का निरीक्षण करने के बाद राजस्व दल एवं हल्का पटवारी की सहायता से लगभग 4 किलोमीटर रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करवाकर पुनः चालू कराया गया।
राहगीर अभियान के तहत शासकीय रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
=========
ग्रीष्म ऋतु में पशुओं का हीट स्ट्रोक से बचाव के उपाय अपनाए
मंदसौर 14 मई 26 / उपसंचालक पशुपालन विभाग द्वारा बताया गया है कि ग्रीष्म ऋतु में माह अप्रैल, मई जुन में अत्यधिक तापमान होने से पशुओं पर इसका सीधा असर होता है। हीट स्ट्रोक होने पर पशु सुस्त हो जाते है, पशु सिर नीचे रखते हुये मुँह खोल कर साँस लेते है। पशु के शरीर का तापमान बढ जाता है पशु के मुँह से लार गिरती है श्वांस गति बढ़ जाती है एवं नाक व नथुने सुख जाते है। पशु का दुग्ध उत्पादन अचानक कम हो जाता है।
हीट स्ट्रोक से बचाव हेतु पशुओं को चारा दाना सुबह जल्दी एवं देर शाम को दे क्योंकि इनके पाचन से शरीर में उष्मा पैदा होती हैं। दिन में पशुओं को हरा चारा देवे इससे आवश्यक खनिज तत्व एव पानी की पूर्ति होगी। पशुओं को स्वच्छ ठंडा जल दिन में चार से पांच बार पिलाये।
पशुओं को रखने का स्थान साफ एवं खुला हवादार होना चाहिये। पशुशाला में टाट बोरिया आदि भिगोकर लगा सकते है। पशुशाला में पखे एवं पानी के फव्वारे भी उपयोग कर सकते हैं। पशुओं को सुबह शाम ठंडे पानी से नहलाये।
============
सैद्धांतिक प्रशिक्षण हेतु योग्य एवं अनुभवी ट्रेनरों से आवेदन 15 मई तक आमंत्रित
मंदसौर 14 मई 26 / सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि म.प्र. शासन के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को सैन्य बल एवं अन्य समकक्ष सुरक्षा बलों, पुलिस, होमगार्ड तथा निजी सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती हेतु सक्षम बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के 20 जिला मुख्यालयों पर कन्या एवं बालक हेतु पृथक-पृथक आवासीय प्रशिक्षण संचालित किया जाना है।
योजना अंतर्गत सैद्धांतिक प्रशिक्षण हेतु शासन द्वारा निर्धारित दर 500 रुपये प्रति कालखण्ड (1 घंटा) एवं अधिकतम 12 हजार 500 रुपये प्रतिमाह मानदेय पर सामान्य ज्ञान, सामान्य विज्ञान, सामान्य हिन्दी, सामान्य अंग्रेजी, सामान्य कम्प्यूटर, अंकगणित एवं तर्कशक्ति विषयों के योग्य एवं अनुभवी ट्रेनरों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आवेदन 15 मई 2026 तक कार्यालयीन समय सायं 6 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया पूर्णतः ऑफलाइन एवं निःशुल्क रहेगी। आवेदन प्रारूप कार्यालय कलेक्टर, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, मंदसौर से प्राप्त एवं जमा किए जा सकेंगे।
अधिक जानकारी हेतु कार्यालय कलेक्टर, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, कक्ष क्रमांक 315, द्वितीय तल, सुशासन भवन, मंदसौर अथवा मोबाइल नंबर 6261565001 पर कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।
===========
अनुसूचित जाति वर्ग के युवा स्वरोजगार के लिए ऑनलाइन आवेदन
मंदसौर 14 मई 26 / जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति कार्यपालन अधिकारी द्वारा बताया गया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के 18 वर्ष से 55 वर्ष की आयु वर्ग के अशिक्षित बेरोजगार युवक/युवतीयों को स्वयं का स्वरोजगार स्थापित करने हेतु इकाई लागत 10 हजार रूपये से 1 लाख रूपये तक के ऋण बैकों के माध्यम से वितरीत किये जायेगें। जिस पर 7 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से ब्याज अनुदान अधिकतम 5 वर्षों तक (मोरेटोरियम अवधि सहित) नियमित रूप से ऋण भुगतान (निर्धारित समय एंव राशि) की शर्त पर निगम द्वारा दिया जायेगा। गारंटी फीस म.प्र. शासन द्वारा देय होगी। आवेदन पत्र ऑनलाइन वेबसाईट http://samast.mponline.gov.in पर कर सकते है।
आववेदन पत्र में निम्न पात्रताएं होना आवश्यक है : –
1) आवेदक का म.प्र. स्थानीय निवासी होना आवश्यक है।
2) आवेदक की आयु 18 से 55 वर्ष के मध्य हो।
3) आवेदक अनुसूचित जाति वर्ग का हो।
4) आयकर दाता न हो।
5) उद्योग ( विनिर्माण ) सेवा एवं व्यवसाय क्षेत्र की समस्त परियोजनायें, CGTMSE अंतर्गत बैंक ऋण गारंटी के पात्र है।
6) आवेदक स्वयं किसी बैंक या अन्य वित्तिय संस्था में डिफाल्टर न हो।
7) आवेदक द्वारा वर्तमान में राज्य, केन्द्र सरकार की किसी अन्य स्वरोजगार योजना का हितग्राही न हो।
8) आवेदक सिर्फ एक बार ही योजनान्तर्गत पात्र होगा।
अधिक जानकारी हेतु कार्यालयीन समय में कार्यालय के दूरभाष नंबर 07422 241558 एंव मो. 9584525557 अथवा जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित, 09 मीरा अमर, रिक्रिएशन ग्राउंड, संजय गांधी उद्यान के पास, मन्दसौर में संपर्क करें।
========
अनुसूचित जाति वर्ग के यूवा स्वरोजगार के लिएऑनलाइन आवेदन
मंदसौर 14 मई 26 / जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति कार्यपालन अधिकारी द्वारा बताया गया कि संत रविदास स्वरोजगार योजना अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के 18 वर्ष से 45 वर्ष की आयु वर्ग के बेरोजगार युवक/युवतीयों को स्वयं का स्वरोजगार स्थापित करने हेतु परियोजना इकाई लागत सेवा एंव व्यवसाय हेतु 1 लाख रूपये से 25 लाख रूपये एवं उद्योग इकाई हेतु 1 लाख रूपये से 50 लाख रूपये तक का ऋण बैकों के माध्यम से वितरीत किये जायेगें। जिस पर 5 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से ब्याज अनुदान अधिकतम 7 वर्षो तक (मोरेटोरियम अवधि सहित) नियमित रूप से ऋण भुगतान (निर्धारित समय एंव राशि) की शर्त पर निगम द्वारा दिया जायेगा । गारंटी फीस म.प्र. शासन द्वारा देय होगी। आवेदन पत्र ऑनलाइन वेबसाईट http://samast.mponline.gov.in पर भरे जा सकते है।
आवेदन पत्र में निम्न पात्रताएँ होना आवश्यक है –
1. आवेदक म.प्र. स्थानीय निवासी होना आवश्यक है ।
2. आवेदक की आयु 18 वर्ष से 45 वर्ष के मध्य हो ।
3. आवेदक अनुसूचित जाति वर्ग का हो ।
4. आवेदक न्यूनतम 8वी कक्षा उत्तीर्ण हो ।
5. परिवार की वार्षिक आय 12.00 लाख से अधिक न हो ।
6. उद्योग (विनिर्माण) सेवा एंव व्यवसाय क्षेत्र की समस्त परियोजनायें जो CGTMSE अंतर्गत बैक ऋण गारंटी के लिए पात्र है।
7. आवेदक स्वयं किसी बैक या अन्य वित्तीय संस्था से डिफाल्टर न हो ।
8. आवेदक द्वारा वर्तमान में राज्य, केन्द्र सरकार की किसी अन्य स्वरोजगार योजना का हितग्राही न हो।
9. आवेदक सिर्फ एक बार ही योजनान्तर्गत पात्र रहेगा ।
अधिक जानकारी हेतु कार्यालयीन समय में कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 07422 -241558 एंव मो. 9584525557 अथवा जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित, 09 मीरा अमर, रिक्रिएशन ग्राउंड, संजय गांधी उद्यान के पास, मन्दसौर में संपर्क करे।
================
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हाई स्कूल एवं हायर सेकंडरी की द्वितीय परीक्षा में किया आंशिक संशोधन
कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG-2026) की परीक्षाओं के दृष्टिगत मंडल ने किया निर्णय
विद्यार्थियों को अवगत कराने जारी किए दिशा निर्देश
19 मई को होगी कृषि, गृह विज्ञान एवं अकाउंटेंसी विषय की परीक्षा, गणित एवं मनोविज्ञान का पेपर अब होगा 26 मई को
मंदसौर 14 मई 26 / माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा आयोजित हाई स्कूल/हायर सेकेंडरी द्वितीय परीक्षा वर्ष 2026 के परीक्षा कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है।
यह संशोधन कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG-2026) की परीक्षाओं के दृष्टिगत किया गया है।
इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश भी जारी किए गए है। साथ ही संशोधित परीक्षा कार्यक्रम को विद्यालय के सूचना पटल पर प्रमुखता से प्रदर्शित करने और संबंधित विद्यार्थियों को इसकी जानकारी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाने को कहा है।
परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। नियमित, स्वाध्यायी एवं दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों की परीक्षाएं समान तिथि एवं समय पर संपन्न होंगी।
विद्यार्थी संशोधित परीक्षा कार्यक्रम मंडल की वेबसाइट माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश पर भी देख सकते हैं।
मंडल द्वारा जारी आदेश के अनुसार पूर्व निर्धारित परीक्षा तिथियों में परिवर्तन किया गया है। 14 मई 2026 को आयोजित होने वाली कृषि (Agriculture), गृह विज्ञान (Home Science) एवं अकाउंटेंसी (Accountancy) विषयों की परीक्षाएं अब 19 मई 2026 को होंगी। वहीं 21 मई को होने वाली गणित (Mathematics) एवं मनोविज्ञान (Psychology) विषयों की परीक्षाएं अब 26 मई 2026 आयोजित की जाएंगी।
==========



