तंत्र- मंत्र से पैसा दोगुना करने का दावा पड़ा भारी: अंधविश्वास का खेल, नोटों की बारिश करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

तंत्र -मंत्र से पैसा दोगुना करने का दावा पड़ा भारी: अंधविश्वास का खेल, नोटों की बारिश करने वाले गिरोह का पर्दाफाश…
मंदसौर। जिले के अफजलपुर पुलिस ने अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर मासूम लोगों को ठगने वाले एक शातिर गिरोह को बेनकाब किया है। नोटों की बारिश करने और धन दोगुना करने का लालच देकर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले इस गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं।
20 अप्रैल 2026 को नंदावदा निवासी फरियादी वर्दीचन्द्र किर ने थाना अफजलपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि करीब 8 माह पूर्व अमर सिंह निवासी शामगढ़ का नाम बताकर व्यक्ति ने उसे झांसा दिया था कि एक गुरुजी तंत्र-मंत्र के जरिए नोटों की बारिश करवाते हैं। लालच में आकर फरियादी ने ग्राम झावल के खेतों में गुरुजी व एक अन्य व्यक्ति द्वारा पूजा करवाई, जिसके बदले आरोपियों ने 2 लाख 51 हजार रुपये ऐंठ लिए।
ठगी यहीं नहीं रुकी आरोपियों ने फरियादी को डराने के लिए ओंकारेश्वर में दोबारा पूजा का आयोजन किया। वहां पूजा के दौरान गिरोह के एक सदस्य ने मरने का झूठा नाटक किया। इसके बाद आरोपियों ने फरियादी को डराया कि इंसान मर गया है। डर के कारण फरियादी ने किस्तों में 5 लाख 20 हजार रुपये और दे दिए। कुल मिलाकर फरियादी से 7 लाख 70 हजार रूपये की ठगी की गई।
कुछ समय बाद आरोपी अमर सिंह ने नशे की हालत में फरियादी को सच बता दिया कि मरने वाला व्यक्ति जिंदा है। सच्चाई पता चलने पर फरियादी ने पुलिस की शरण ली। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी हरीश मालवीय के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की और गिरोह के सरगनाओं तक जा पहुँची।
पुलिस ने इस मामले में जगदीश पिता गोवर्धनलाल सोलंकी और भैरूलाल पिता मांगीलाल कनारची को गिरफ्तार कर लिया है।
जप्त सामग्री: आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये नकद, एक अल्टो कार और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
फरार आरोपी: वाहिद हुसैन (नकली गुरुजी) और अमर सिंह बागरी की तलाश जारी है।



