नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 24 अप्रैल 2026 शुक्रवार

///////////////////////////////////

बारात रवाना होने से पहले पहुंची प्रशासन की टीम:

शिवपुरिया में रुकवाया नाबालिग बालक का विवाह, परिवार को समझाइश दी

नीमच, 23 अप्रैल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव के निर्देशानुसार संपूर्ण जिले में बाल विवाह रोकथाम हेतु विशेष निगरानी रखी जाकर सतत कार्यवाही की जा रही है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास सुश्री अंकिता पंड्या ने बताया, कि एस.डी.एम.मनासा श्रीमती किरण आंजना के मार्गदर्शन में ग्राम शिवपुरिया, विकासखंड मनासा, जिला नीमच में दल द्वारा स्थल पर पहुंचकर, जांच की गई। जिसमें बालक नाबालिग पाया गया एवं इस कारण विवाह को रुकवाया गया। परिवार को समझाइश दी गई, पंचनामा बनाया गया तथा परिवार में बालक की आयु 21 वर्ष पूर्ण होने पर ही विवाह करने की बात कही। टीम द्वारा चेतावनी दी गई है, कि यदि 21 वर्ष के पूर्व बालक की शादी की गई, तो वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

===============

सुपोषित भारत’ के संकल्प के साथ 8वां पोषण पखवाड़ा संपन्न

नीमच जिले में चली 15 दिवसीय जागरूकता मुहिम

1112 आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ थीम पर हुए विविध आयोजन

नीमच 23 अप्रैल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में 9 से 23 अप्रैल 2026 तक महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित 8वें पोषण पखवाड़े का समापन समारोह के साथ हुआ।

जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या ने बताया, कि ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ और ‘स्वस्थ बालक-बालिका’ की थीम पर आधारित इस 15 दिवसीय अभियान का उद्देश्य जन-आंदोलन के माध्यम से कुपोषण को जड़ से मिटाना और पोषण के प्रति जागरूकता फैलाना था। पखवाड़े के तहत 5 मुख्य बिंदुओं पर केंद्रित विभिन्न आयोजन किए गए। जिले के सभी 1112 आंगनवाड़ी केंद्रों में गतिविधियां आयोजित की गई।

जन-भागीदारी के इस पखवाड़े में जिले भर में योग सत्र, पोषण वाटिका (किचन गार्डन) का निर्माण, हेल्थ कैंप और एनीमिया जांच शिविर आयोजित किए गए। स्वस्थ बालक-बालिका स्पर्धा के तहत बच्चों के विकास की निगरानी के लिए बच्चों का वजन और लंबाई मापी गई। मोटे अनाज (मिलेट्स) के महत्व और स्वच्छता के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया। इसमें नागरिकों की भी सक्रिय भागीदारी रही।

===============

राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026:

26 अप्रैल को दो सत्रों में होगी परीक्षा, अभ्यर्थी 90 मिनट पूर्व पहुंचें केंद्र

बायोमेट्रिक, प्रवेश पत्र स्कैनिंग व HHMD से होगी त्रिस्तरीय जांच,

सिर्फ बॉलपेन-पानी की बोतल ले जा सकेंगे

नीमच 23 अप्रैल 2026, आयोग द्वारा राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026, 26.04.2026 को ओ.एम.आर.पद्धति से प्रातः10:00 से 12:00 एवं दोपहर 02:15 से 04:15 बजे तक दो सत्रों में प्रदेश के 54 जिला एवं संभाग तथा जिला मुख्यालयों के 365 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। निर्देशानुसार, उक्त परीक्षा निर्विघ्न, सुव्यवस्थित एवं शुचितापूर्ण सम्पन्न हो, इस हेतु जिला मुख्यालय पर उक्त परीक्षा हेतु नवीन प्रक्रिया आयोग द्वारा निर्धारित की गई है।

डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धार्वे ने बताया, कि राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों हेतु परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के दौरान त्रिस्तरीय नवीन जांच प्रक्रिया (बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्रवेश पत्र की स्कैनिंग, एच.एच.एम.डी. के माध्यम से तलाशी) प्रारंभ की गई है।

इसके अंतर्गत परीक्षार्थियों को निम्न प्रक्रिया का पालन करना है: परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों को अनिवार्यतः 90 मिनट पूर्व पहुंचना होगा। परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों की त्रिस्तरीय जांच की जाएगी। परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार के समीप अनुमत एवं वर्जित वस्तुओं की जानकारी चस्पा होगी, जिसका पूर्णतः पालन किया जाना होगा। परीक्षार्थियों की एच.एच.एम.डी. के माध्यम से दोनों सत्रों में जांच (फ्रिस्किंग) की जाएगी, जिसमें पुरुष परीक्षार्थियों की जांच पुरुष वीक्षक द्वारा एवं महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला वीक्षक द्वारा (केबिन में) की जाएगी। ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों के पास विकल्प होगा कि वह अपनी फ्रिस्किंग महिला अथवा पुरुष कर्मचारी से करवाना चाहते हैं। परीक्षार्थियों की दोनों सत्रों में त्रिस्तरीय जांच की जाएगी, तत्पश्चात परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षार्थी स्वयं के साथ केवल बॉलपेन एवं एक पानी की पारदर्शी बॉटल, ई-प्रवेश पत्र व आई.डी.कार्ड साथ में ला सकते हैं।

============

कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी:

अधिकारियों संग बस में सवार होकर कोज्या रात्रि चौपाल के लिए हुए रवाना

जिला पंचायत सी.ई.ओ., ए.डी.एम. एवं डिप्टी कलेक्टर भी साथ

नीमच 23 अप्रैल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा आज ग्राम कोज्या में आयोजित रात्रि चौपाल के लिए जिलाधिकारियों के साथ यात्री बस में सवार होकर कलेक्ट्रेट, नीमच से कोज्या के लिए रवाना हुए। प्रारंभ में कलेक्टर श्री चंद्रा ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर अधिकारियों के वाहन को कोज्या के लिए रवाना किया। कलेक्टर स्वयं भी बस में सवार होकर अधिकारियों के साथ यात्री बस से ही कोज्या के लिए रवाना हुए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सी.ई.ओ. श्री अमन वैष्णव, ए.डी.एम. श्री बी.एस. कलेश, डिप्टी कलेक्टर श्री पराग जैन एवं अन्य जिला अधिकारी भी यात्री बस में सवार होकर रवाना हुए।

============

स्वैच्छिक संस्थाएं जल गंगा संवर्धन अभियान में सहभागी बने श्री चंद्रा

स्वैच्छिक संगठनों को ‘पंख’ देगा जन अभियान परिषद:

सशक्तिकरण हेतु जिला स्तरीय बैठक संपन्न

नीमच 23 अप्रैल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में सामाजिक संस्थाओं के समन्वय एवं योजनाओं में भागीदारी पर हुई विस्तृत चर्चा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा स्वैच्छिक संगठनों के सशक्तिकरण के उद्देश्य से दृष्टि योजना अंतर्गत ‘पंख’ कार्यक्रम आरंभ किया गया है। इसी क्रम में जिले में विभिन्न सामाजिक विषयों पर कार्यरत स्वैच्छिक संगठनों के कार्यों को विस्तार देने तथा समन्वय बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता एवं जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, डिप्टी कलेक्टर श्री पराग जैन की उपस्थिति में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

जिला समन्वयक श्री वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए परिषद की योजनाओं एवं जल गंगा संवर्धन अभियान की पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया, कि जिले में कार्यरत स्वैच्छिक संगठनों की एक जिला स्तरीय डायरेक्टरी तैयार की जाना है, जिसके अंतर्गत अलग-अलग क्षेत्र और विषयों में कार्य करने वाले स्वयंसेवी संगठनों का सूचीकरण किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की। कलेक्टर द्वारा म.प्र.जन अभियान परिषद की गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, नशामुक्ति अभियान, सृजन, लोककला, रोजगार एवं पर्यावरण से संबंधित स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त कर शासन की योजनाओं में भागीदारी, क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा, समाधान और सुधार पर विस्तृत चर्चा की गई।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा, कि आप सभी संस्थाएं अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। सामाजिक समस्याओं का हल समाज से ही निकलता है। सभी विभाग अपने-अपने विभाग की योजनाओं, अभियानों, बाल विवाह उन्मूलन, स्कूलों में प्रतिदिन योग, बालिकाओं के लिए सेल्फ डिफेंस, नर्सरी एवं पौधरोपण, जल गंगा संवर्धन, पर्यावरण, बच्चों के स्वास्थ्य, गौशाला प्रबंधन, सामाजिक उत्थान जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाएं तथा शासन की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार में सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लिया जाए।

जिला पंचायत सी.ई.ओ. श्री अमन वैष्णव ने जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत व्यापक स्तर पर जन सहयोग से कार्य करने, भजन संध्या, योग, ध्यान के माध्यम से जल संरक्षण हेतु जन जागरूकता पर मार्गदर्शन दिया। डिप्टी कलेक्टर श्री पराग जैन द्वारा जनगणना अंतर्गत स्व-जनगणना करने एवं आम लोगों में इसके प्रति जन जागरूकता कर उनसे स्वयं स्व-जनगणना ऑनलाइन सबमिट करने हेतु कार्य करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।

==================

राजस्व कार्यों में संवेदनशीलता एवं तत्परता बरतें: कलेक्टर श्री चंद्रा

नीमच जिले में 4000 हेक्टेयर से अधिक शासकीय भूमि संरक्षित,

राजस्व प्रकरण निराकरण में नीमच प्रदेश में अव्वल

राजस्व अधिकारी-पटवारी बैठक में दिए निर्देश

नीमच 23 अप्रेल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को टाउन हॉल, नीमच में आयोजित जिले के सभी राजस्व अधिकारियों और पटवारियों की विभागीय समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि सभी राजस्व अधिकारी एवं पटवारी शासकीय जमीनों के संरक्षण, रास्ता विवाद, अतिक्रमण प्रकरण, दिव्यांगजनों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं कमजोर वर्ग के व्यक्तियों के राजस्व संबंधी कार्यों को संवेदनशीलता के साथ स्वयं आगे आकर तत्परतापूर्वक करें। अच्छा कार्य करने वाले सहयोगियों से सीखें, समझें और अपने कार्य में सुधार लाएं। कार्यों में पारदर्शिता रखें। बैठक में ए.डी.एम. श्री बी.एस. कलेश, सभी एस.डी.एम., तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी उपस्थित थे।

राजस्व कार्ययोजना अनुरूप समय-सीमा में करें कार्य: कलेक्टर

राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने संपूर्ण राजस्व अमले एवं पटवारियों को निर्देशित किया कि विभाग द्वारा वर्षभर के कार्यों की जिला राजस्व कार्ययोजना बनाई गई है। सभी कार्ययोजना के अनुरूप समय-सीमा में समर्पित होकर कार्य करें और विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में नीमच जिला इस वर्ष प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। नीमच की संपूर्ण राजस्व टीम ने उत्कृष्ट कार्य किया है, सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि नीमच जिले की राजस्व टीम ने शासकीय जमीनों के संरक्षण का भी सराहनीय कार्य किया है, यह कार्य निरंतर जारी रहे। अब तक जिले में चार हजार हेक्टेयर से अधिक शासकीय भूमि का संरक्षण किया जा चुका है। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व रिकॉर्ड अद्यतन करें, शासकीय भूमियों को संरक्षित करें तथा सभी शासकीय भूमियों के बंटाकन एवं तरमीम का कार्य पूर्ण करें।

राजस्व न्यायालयों के आदेशों के अमल एवं अनुपालन की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि सभी तहसीलदार एस.डी.एम. के माध्यम से एक सप्ताह में आदेश के अमल एवं अनुपालन का प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। पीठासीन अधिकारी द्वारा आदेश पारित करने के साथ ही आदेशों की पालना सुनिश्चित हो। बैठक में कलेक्टर ने तहसीलवार फार्मर आई.डी. बनाने, आर.ओ.आर., ई-के.वाई.सी., आधार लिंकेज, नक्शा तरमीम, नक्शा विहीन ग्रामों के नक्शा निर्माण कार्य की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की एवं आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर कलेक्‍टर श्री चंद्रा ने राजस्‍व विभाग के विभिन्‍न पैरामीटर्स पर उत्‍कृष्‍ट कार्य करने पर पटवारियों और राजस्‍व अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर, सम्‍मानित भी किया। कलेक्‍टर ने तहसीलदार मनासा श्री मुकेश निगम, तहसीलदार रामपुरा श्री मृगेंन्‍द्र सिसोदिया, नायब तहसीलदार सिंगोली श्री बी.के.मकवाना एवं पटवारी नीमच श्री शशिप्रकाश आर्य, श्री सुरेश पाठक, श्री कमलसिह, श्री पंकज वर्मा, श्री सुरेश कुमार यादव, सुश्री रविना एवं सुश्री रेखा उपाध्‍याय जावद, पटवा‍री सिंगोली सुश्री स्‍वाति जैन, रामपुरा के पटवारी श्री भारत धाकड एवं सुश्री रश्मि त्‍यागी को उत्‍कृष्‍ट कार्यो के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्‍मानित किया। अंत में एसडीएम नीमच ने आभार व्‍यक्‍त किया।

=================

संपूर्ण राजस्व अमले ने सामूहिक रूप से भरे स्वगणना फार्म

नीमच 23 अप्रेल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को टाउन हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के संपूर्ण राजस्व अमले द्वारा सामूहिक रूप से ऑनलाइन जनगणना पोर्टल पर अपना स्वगणना फार्म भरकर जानकारी दर्ज की गई। सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व अधिकारियों और पटवारियों ने टाउन हॉल में ही अपने मोबाइल से जनगणना पोर्टल पर स्वगणना फार्म की पूर्ति की।

=================

कलेक्‍टर श्री चंद्रा आज कोज्‍या में रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से रूबरू होंगे

नीमच 23 अप्रेल 2026, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा आज 23 अप्रेल 2026 को ग्राम कोज्‍या में रात्रि चौपाल पर ग्रामीणों की समस्‍याओं से रूबरू होंगे। सभी जिला अधिकारी भी ग्राम कोज्‍या में रात्रि चौपाल में उपस्थित रहेंगे। जिला मुख्‍यालय नीमच से आज गुरूवार को अपरान्‍ह तीन बजे सभी जिला अधिकारी वाहन (बस) से कोज्‍या के लिए रवाना होंगे और शाम को कोज्‍या पहुंचकर, रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से रूबरू होंगे।

===============

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}