समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 15 अप्रैल 2026 बुधवार

//////////////////////////////////
मंदसौर की महिलाओं ने घोल दी महानगरों में मिठास, ‘महाराणा समूह’ बना स्वरोजगार की मिसाल
समूह ने आजीविका मिशन के 5 लाख के ऋण के सहारे रचा आत्मनिर्भरता का मॉडल, दिया 10 लोगो को रोजगार
मंदसौर 14 अप्रैल 2026/ ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रभावी पहल से मंदसौर जिले के ग्राम पिपलिया कराडिया की महिलाओं ने आत्मनिर्भरता की एक प्रेरणादायक कहानी लिखी है। ‘महाराणा स्वसहायता समूह’ आज न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहा है, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर रहा है।
ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत समूह को आगे बढ़ने के लिए वित्तीय सहायता के रूप में 5 लाख का बैंक ऋण, 1.5 लाख की सामुदायिक निवेश निधि तथा 10 हजार की चक्रीय राशि प्रदान की गई। इस सहयोग ने समूह को अपने व्यवसाय को मजबूती देने और विस्तार करने में महत्वपूर्ण आधार प्रदान किया।
समूह की महिलाएं प्राकृतिक और स्वादिष्ट जूस एवं शेक निर्माण में दक्ष हो चुकी हैं। इनके उत्पादों में लेमन, जीरा, जिंजर लेमन, कच्ची केरी, आंवला जूस के साथ-साथ मिल्क शेक, बादाम शेक, राजभोग और शाही गुलाब शेक शामिल हैं, जो ग्राहकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा हैं।
आजीविका मिशन के मार्गदर्शन और सहयोग से समूह ने स्थानीय स्तर से आगे बढ़ते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उज्जैन, भोपाल, दिल्ली, नोएडा, सूरत, बड़ौदा, चंडीगढ़ और गुरुग्राम जैसे बड़े शहरों में आयोजित मेलों में सहभागिता कर समूह ने अपने उत्पादों की विशेष पहचान स्थापित की है।
आज ‘महाराणा स्वसहायता समूह’ प्रति माह 25 हजार से 30 हजार की शुद्ध आय अर्जित कर रहा है, जिससे वार्षिक आय लगभग 3 लाख तक पहुंच रही है। यह समूह अपनी 10 महिला सदस्यों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रहा है, वहीं 10 अन्य लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार भी उपलब्ध करा रहा है।
यह सफलता की कहानी इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाएं केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे महिलाओं को आत्मविश्वास, कौशल और आत्मनिर्भरता की नई दिशा भी प्रदान कर रही हैं।
‘महाराणा समूह’ आज ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरा है, जो यह संदेश देता है कि सही मार्गदर्शन और शासन के सहयोग से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
===============
आज भारत जिस मुकाम पर खड़ा है उसमें डॉ. भीमराव अंबेडकर का महत्वपूर्ण योगदान : सांसद श्री गुप्ता
अंबेडकर जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में संपन्न
मंदसौर 14 अप्रैल 2026/ भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आज जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। कार्यक्रम में सांसद श्री सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, पूर्व विधायक श्री यशपाल सिंह सिसोदिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर सहित कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन, जिला संयोजक आदिम जाति विभाग श्रीमती अंगुरबाला भगोरा एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद श्री गुप्ता ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारत के संविधान को एक सशक्त, व्यवस्थित एवं समावेशी स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया। आज भारत जिस शक्ति और प्रतिष्ठा के साथ विश्व पटल पर खड़ा है, उसमें डॉ. अंबेडकर का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने समानता, न्याय और विकास की जो भावना संविधान में निहित की, उसी के अनुरूप देश निरंतर आगे बढ़ रहा है।
पूर्व विधायक श्री यशपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि संविधान के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी प्रेरणा मिली है। डॉ. अंबेडकर ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया, जिसके कारण आज हम गर्व के साथ प्रगति के पथ पर अग्रसर हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी गुर्जर ने कहा कि हमें अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए समाज में सकारात्मक योगदान देना चाहिए, यही डॉ. अंबेडकर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा आदिम जाति कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र एवं दो-दो लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। साथ ही अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को भी मंच से सम्मानित किया गया।
===========
जिला प्रशासन ने अवैध पेड़ काटने पर कि कार्यवाही
मंदसौर 14 अप्रैल 26/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के निर्देशन में जिला प्रशासन ने अवैध पेड़ काटने पर कार्यवाही की है।
मंदसौर एसडीएम (ग्रामीण) श्री शुभम पाटीदार द्वारा बताया गया की कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के अवैध पेड़ कटाई पर सख्त कार्रवाई के निर्देश हैं। इसी क्रम में ग्राम आक्या उमड़ाहैड़ा मे स्थित स्कूल मैदान में बिना सक्षम अनुमति के पेड़ काटने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपए की शास्ति अधिरोपित कर वसूली की गई व पेड़ काटने वाले व्यक्तियों को विद्यालय परिसर में पुनः 21 पौधे लगाने का आदेश दिया गया।
साथ ही नायब तहसीलदार दलोदा रवि पटेल द्वारा विद्यालय की जमीन पर दुकान और चद्दर सेट बनाकर किए गए अतिक्रमण को हटाकर विद्यालय के खेल मैदान को अतिक्रमण मुक्त किया गया।
=============
राहगीर अभियान के तहत ग्राम बोलिया व लसूड़िया में रास्तों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू
मंदसौर 14 अप्रैल 2026/ गरोठ उपखण्ड अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में रास्तों की समस्याओं के निराकरण हेतु संचालित “राहगीर अभियान” के तहत आज ग्राम बोलिया एवं लसूड़िया में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही प्रारंभ की गई।
गरोठ एसडीएम श्री राहुल चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के अंतर्गत आयोजित ग्राम सभा में तहसील गरोठ, भानपुरा एवं शामगढ़ के एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे। ग्राम सभा के एजेंडे में राहगीर अभियान को शामिल करते हुए ग्रामीणों को अभियान की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस दौरान हल्का पटवारी द्वारा अब तक किए गए कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा चिन्हित रास्तों पर हुए अतिक्रमण के संबंध में ग्रामवासियों को अवगत कराया गया। साथ ही आगामी चरणों में जनभागीदारी के माध्यम से रास्तों को अतिक्रमण मुक्त करने की रूपरेखा भी साझा की गई।
अभियान के तहत आज से ग्राम बोलिया एवं लसूड़िया में रास्तों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी मिलकर गांव के रास्तों को सुगम एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने में भागीदारी निभाएं। फोटो संलग्न
==============
मंदसौर की हॉकी खिलाड़ी शालिनी का इंडिया कैंप में चयन
मंदसौर 14 अप्रैल 2026/ जिले के लिए गौरव का क्षण है कि प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी शालिनी सिंह का चयन सब जूनियर एशिया कप की तैयारी हेतु आयोजित इंडिया कैंप के लिए हुआ है। यह उपलब्धि उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और निरंतर मेहनत का परिणाम है।
जिला खेल अधिकारी श्री विजेंद्र देवड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में झारखंड में आयोजित सब जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया, जिसमें शालिनी सिंह ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।
शालिनी ने हॉकी की शुरुआत कक्षा 5 वीं में विद्यालय स्तर से की थी। उनकी लगन और प्रतिभा के चलते अब उनका चयन इंडिया कैंप के लिए हुआ है, जिसमें वे आगामी 7 मई को शामिल होंगी।
उन्होंने आगे बताया कि शालिनी मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित हॉकी फीडर सेंटर एवं केंद्र सरकार के खेलो इंडिया सेंटर मंदसौर की नियमित खिलाड़ी रही हैं। यहां से उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी पहचान बनाई। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ही उनका चयन मध्य प्रदेश शासन की प्रतिष्ठित हॉकी अकादमी ग्वालियर में हुआ।
शालिनी को खेल की प्रेरणा उनके पिता श्री किशोर सिंह से मिली, जो स्वयं भी एक उत्कृष्ट हॉकी खिलाड़ी रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर खेल विभाग सहित जिलेवासियों में हर्ष का माहौल है और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
==========
अंबेडकर जयंती पर सभी ग्राम पंचायतों में हुई विशेष ग्राम सभाएं
सीईओ श्री अनुकूल जैन कुचड़ौद ग्राम पंचायत की में हुए शामिल, विकास एवं जनकल्याण योजनाओं पर हुआ व्यापक विमर्श
मंदसौर 14 अप्रैल 2026/ भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंबेडकर जयंती पर ग्राम सभाएं आयोजित कर ग्राम स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों एवं शासन की योजनाओं की समीक्षा की गई।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत कुचड़ोद में आयोजित ग्राम सभा में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुकूल जैन विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई है, जहां ग्रामीण अपने गांव के विकास की रूपरेखा तय करते हैं और योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
ग्राम सभा के दौरान ग्राम विकास के एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आजीविका के मुद्दों को प्रमुखता से रखा गया। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। विशेष रूप से एचपीवी वैक्सीनेशन के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
ग्राम सभाओं के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया।
==========
अवैध शराब परिवहन मामले में आरोपी बरी, न्यायालय ने पुलिस कार्रवाई को संदेहपूर्ण माना
पिपलियामंडी:- न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, नारायणगढ़ न्यायालय ने अवैध शराब परिवहन के एक मामले में आरोपी निर्मल पिता बाबूलाल पाटीदार, निवासी ग्राम बालागुढ़ा को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।
अभियोजन के अनुसार, पिपलियामंडी थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक अंतरसिंह जादौन ने मुखबिर की सूचना के आधार पर सूजनपुरा फंटा पर पुलिस बल के साथ नाकाबंदी की थी। इस दौरान आरोपी निर्मल को उसकी कार से 240 क्वार्टर (करीब 43 लीटर) देशी शराब एवं 12 बोतल (लगभग 39 लीटर) विदेशी बियर के अवैध परिवहन के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 8 गवाह और 17 दस्तावेज प्रस्तुत किए। वहीं बचाव पक्ष की ओर से प्रभावी जिरह और तर्क प्रस्तुत किए गए, जिनके आधार पर न्यायालय ने शराब जब्ती की कार्रवाई को संदेहास्पद माना और आरोपी को दोषमुक्त कर दिया।
इस मामले में आरोपी की ओर से अधिवक्ता एम. सय्यद मंसूरी, एम. जैनुल मंसूरी, जतिन परमार एवं विनीता कैथवास द्वारा पैरवी की गई।
मानहानि मामले में नया मोड़ सामने आया है। जबलपुर हाईकोर्ट ने कार्तिकेय चौहान को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कोर्ट ने साफ कहा है कि किसी भी फैसले से पहले सभी पक्षों को सुनना जरूरी है।
दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने खिलाफ चल रहे मानहानि मुकदमे को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कार्तिकेय चौहान को नोटिस जारी किया है।
हाईकोर्ट ने राहुल गांधी को निर्देश दिया है कि वे ट्रायल कोर्ट में लंबित मामले की स्टेटस रिपोर्ट भी पेश करें।
क्या है पूरा मामला-कार्तिकेय चौहान ने राहुल गांधी के खिलाफ भोपाल की एमपी-एमएलए कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया था। आरोप है कि 2018 की एक चुनावी सभा में राहुल गांधी ने पनामा पेपर्स मामले में कार्तिकेय चौहान और उनके पिता का नाम लिया था।
पहले ही जारी हो चुका है समन- एमपी-एमएलए कोर्ट इस मामले में राहुल गांधी के खिलाफ समन भी जारी कर चुका है। वहीं राहुल गांधी का कहना है कि उनका पक्ष सुने बिना ही मामला दर्ज किया गया। अब हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई के बाद आगे की दिशा तय होगी।
==============
खबर सोशल मिडिया से………
मामला मंदसौर शहर पुलिस कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर पर लगे जबरन आरोपीयों को लंगड़ाने का आरोप….
मंदसौर शहर कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने नाटक करने को कहा ताकि लोग सोचें कि शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की अच्छे से पिटाई की है
लंगड़ाने चलने वाले आरोपियों के साथ में चलते दिखे पुष्पेंद्र सिंह राठौर गजब का रोल करवा लेते हैं,,,और कौन सा रोल बाकी रह गया है साहब वह भी कर लो आपकी अच्छी तारीफ होगी
मंदसौर जिला चिकित्सालय में जादू है- मरीज लंगड़ाते हुए अंदर आता है…और 10 मिनट बाद दौड़ता हुआ बाहर निकल जाता है!*
एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें दोनों आरोपी चल भी नहीं पा रहे थे। लग रहा था पुलिस ने खूब पिटाई की है। जिसके कुछ समय बाद दूसरा वीडियो भी वायरल हुआ जिसमें अस्पताल के मुख्य द्वार पर मृतक के परिजन जमा हो गए, तो पुलिस ने उन्हें पीछे के रास्ते से निकाला। इसी वीडियो में रोहित और युवराज दौड़कर जीप में चढ़ रहे हैं! 🏃♂️
अब सवाल ये है :-या तो मंदसौर जिला अस्पताल का इलाज जादुई है…या फिर पुलिस ने आरोपीयों को लंगड़ाने का नाटक करने को कहा था, ताकि लोग सोचें कि पुलिस ने उनका अच्छा उपचार कराया!
==========
चौराहे के चारो रास्तो पर स्पीड ब्रेकर बनवाने हेतु निर्देशित किया
मन्दसौर-सीतामऊ रोड पर विगत दिनों ग्राम गुजरबड़िया चौपाटी पर एक ही दिन में दो सड़को हादसों में हुई मौत के बाद एसपी विनोद मीना ने घटनास्थल को देखा तथा सड़क निर्माण कम्पनी की लापरवाही पर एमपीआरडीसी के अधिकारियों को फटकार भी लगाई थी जिसके बाद घटनास्थल की अनियमिताओं को देखते हुए वहाँ चौराहे के चारो रास्तो पर स्पीड ब्रेकर बनवाने हेतु निर्देशित किया था जिसके बाद स्पीड ब्रेकर निर्माण तथा पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए।
===============


