डॉ. रघुवीर सिंह शासकीय महाविद्यालय में मना अक्षय ऊर्जा दिवस, विद्यार्थियों को दिलाया ऊर्जा संरक्षण का संकल्प

डॉ. रघुवीर सिंह शासकीय महाविद्यालय में मना अक्षय ऊर्जा दिवस, विद्यार्थियों को दिलाया ऊर्जा संरक्षण का संकल्प
सीतामऊ । डॉ. रघुवीर सिंह शासकीय महाविद्यालय, सीतामऊ में 20 अगस्त को अक्षय ऊर्जा दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण तथा ऊर्जा की बचत को लेकर चेतना जागृत करना रहा।इस अवसर पर ‘पर्यावरण एवं ऊर्जा संरक्षण’ विषय पर महाविद्यालय स्तरीय निबंध प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ऊर्जा के पारंपरिक स्रोतों के सीमित उपयोग और गैर-पारंपरिक (अक्षय) ऊर्जा के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर राजेश बारिया के द्वारा उपस्थित समस्त स्टाफ सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं को दैनिक जीवन में बिजली की बचत करने, प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए “ऊर्जा संरक्षण संकल्प” दिलाया गया। इस अवसर पर प्रोफेसर संजय प्रजापति ने भारतीय ज्ञान परंपरा में पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा संरक्षण के लिए दैविय परंपराओं ,पूजा पाठ इत्यादि के महत्व की बात विद्यार्थियों को व्याख्यान के रूप में बताई।
आयोजन में महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आभार सुश्री रानू धाणक ने माना।



