मनासा तहसील में नशामुक्त जीवन महाअभियान, हजारों विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

मनासा
ब्रह्माकुमारीज संस्था के मनासा सेवा केंद्र द्वारा ‘नशामुक्त जीवन महाअभियान’ के तहत मनासा तहसील के विभिन्न विद्यालयों में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रतिज्ञा अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सुखी एवं संस्कारवान जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान के तहत 14 अगस्त को सीएम राइज स्कूल, मनासा में करीब 1000 विद्यार्थियों, 17 अगस्त को इनोसेंट स्कूल, मनासा में 300 विद्यार्थियों तथा 19 अगस्त को फ्लोरेंस इंग्लिश स्कूल में 250, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 250 एवं ग्रीनफील्ड स्कूल, मनासा में 300 विद्यार्थियों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई गई।
इसी क्रम में मैडम क्यूरी स्कूल, मनासा में कक्षा आठवीं तक के बच्चों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी शीतल दीदी एवं ब्रह्माकुमारी निर्मला दीदी की विशेष उपस्थिति रही। शीतल दीदी ने बच्चों को नशे से दूर रहने, अच्छे संस्कार अपनाने, सकारात्मक सोच रखने एवं सही संगति के महत्व के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

अभियान के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल परदा, शासकीय हाई स्कूल भाटखेड़ी, शारदा विद्या निकेतन हाई स्कूल भाटखेड़ी तथा विद्यासागर पब्लिक स्कूल हाई स्कूल भाटखेड़ी के विद्यार्थियों ने भी सहभागिता करते हुए नशामुक्ति का संदेश दिया।
वहीं शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मनासा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ‘नशामुक्ति’ विषय पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर नशे से दूर रहने एवं स्वस्थ और सुखी जीवन जीने का संदेश दिया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सार्थक पहल
ब्रह्माकुमारीज संस्था का यह अभियान विद्यार्थियों एवं युवाओं में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें सकारात्मक सोच, अच्छे संस्कार, सही संगति एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
अभियान से जुड़े सदस्यों ने कहा कि नशामुक्त विद्यार्थी ही नशामुक्त परिवार और नशामुक्त समाज की मजबूत नींव बन सकता है। विद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को नशे से सदैव दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया जा रहा है।



