
चौमहला में खाटू श्याम मंदिर पर फागोत्सव व भक्ति संध्या, निशान यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैल
चौमहला / झालावाड़रिपोर्ट रमेश मोदी
श्री खाटू श्याम भक्त मंडल के तत्वावधान में शुक्रवार को बाबा श्री खाटू श्याम मंदिर पर फागोत्सव एवं विशाल भक्ति संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह श्री राम‑हनुमान मंदिर से बाबा की आरती के साथ निशान यात्रा निकालकर की गई, जो नगर भ्रमण करते हुए खाटू श्याम मंदिर पहुंची।
निशान यात्रा के नगर भ्रमण के दौरान मार्ग में भक्तजनों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। श्याम प्रेमी महिलाएं व पुरुष हाथों में निशान थामे भजनों पर झूमते-नाचते बाबा के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे ,समाजसेवी ज्ञान चंद मावा वाला ने रथ पर विराजित बाबा खाटू श्याम की प्रतिमा की आरती कर हार पहनाया तथा भक्तों को प्रसादी स्वरूप आइसक्रीम वितरित की।
निशान यात्रा के मंदिर पहुंचने पर फागोत्सव मनाया गया, जिसमें अबीर-गुलाल की वर्षा के बीच श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। आयोजन की अगली कड़ी में रात्रि को मंदिर परिसर में विशाल भजन संध्या का आयोजन रखा गया है, जिसमें कई प्रसिद्ध भजन गायक सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। आयोजकों ने धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की।



