रतलाममध्य प्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 03 फरवरी 2026 , मंगलवार

रेडक्रॉस ने कराई मैजिक संगठन व ट्रैफिक विभाग की सीपीआर ट्रेंनिंग’

भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी रतलाम द्वारा कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में चल रहे सीपीआर ट्रेंनिंग प्रोग्राम के अंतर्गत चेयरमैन प्रीतेश गादिया के नेतृत्व में दो बत्ती पुलिस थाने पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिथि ट्रैफिक डीएसपी आनंद सोनी ने बताया कि यह ट्रेनिंग मैजिक संगठन के समस्त चालक के लिए एवं ट्रैफिक से जुड़े हर व्यक्ति के लिए अति आवश्यक है जो की चलते यात्री की किसी भी वक्त जीवन बचाने के काम आ सकती है। चेयरमैन प्रीतेश गादिया ने बताया कि सेवा का कार्य एक व्यक्ति से शुरू होकर सेकड़ो लोगों तक कार्यकर्ता अपना कार्य कहीं भी रहकर कर सकते है। सेवा पुण्य का एक माध्यम है, रेडक्रॉस उसी का पर्याय है। मैजिक संगठन के अध्यक्ष राजकुमार लाला एवं अखिल अहमद ने अपने उदबोधन में रेडक्रॉस एवं मेडिकल टीम का आभार मानते हुए इस ट्रेनिंग को सार्थकता से सबके बीच पहुंचाने का संकल्प लिया। सुशील मुनत ने बताया कि लक्ष्मी नारायण पांडे महाविद्यालय के विभाग अध्यक्ष शैलेंद्र डाबर के मार्गदर्शन में डॉ सचिन कुंभारे, डॉ हेमंत चौरे, डॉ रिद्धिमा, डॉ संयम एवं डॉ राखी ने प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर रेडक्रॉस के संचालक दिनेश बरमेचा एवं मैजिक संगठन के पदाधिकारी ने डॉक्टरर्स का सम्मान किया। संचालन हेमंत मुनत ने किया।

=========

जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रेषित पत्रों का समाधानकारी जवाब दे -कलेक्टर

लोक सेवा गारंटी अंतर्गत समय सीमा बाह्य आवेदनों के लिए जिम्मेदारों पर लगेगी पेनल्टी समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक मे कलेक्टर ने दिए निर्देश

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह द्वारा आज सोमवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक ली गई । बैठक में कलेक्टर ने आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश सी एम एच ओ को दिए । कलेक्टर के सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त पत्रों के समयावधि मे समाधानकारी निराकरण कर जनप्रतिनिधियों को भी अवगत करवायें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन, एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव सहीत जिला अधिकारी उपस्थित थे। सभी अधिकारी/कर्मचारियों ने कलेक्टर सभाकक्ष में राष्ट्रगीत वंदे मातरम और राष्ट्रगान जन गण मन का गायन किया।

कलेक्टर ने बैठक के दौरान विभिन्न विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि विभागीय बैठक के पालन प्रतिवेदन की नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जाए। सभी एसडीएम, वन विभाग से समन्वय कर अपने क्षेत्र में पट्टे प्राप्त करने के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करें , और पट्टो के संबंध में प्राप्त आवेदनों का निराकरण करें। कलेक्टर ने संकल्प से समाधान कार्यक्रम के अंतर्गत 106 शासकीय योजनाओं के संबंध में आवश्यक प्रचार प्रसार करने नगर पालिका निगम, जिला पंचायत और जिला शहरी विकास प्राधिकरण के माध्यम से आवेदनों को प्राप्त करने और सेवाएं प्रदान करते हुए उनका निराकरण करते हुए ऑनलाइन प्रविष्टि के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के नाम की सूची निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त की जाए और सीईओ जनपद तथा बीएमओ आपस में बैठक करते हुए हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड बनाकर प्रदान करें, स्वास्थ्य विभाग में आयुष्मान के लिए नोडल अधिकारी का नामांकन किया जाए तथा श्रम विभाग से श्रमिक संवर्ग के हितग्राहियों की नाम की सूची प्राप्त कर श्रमिक संवर्ग के लोगों को आयुष्मान कार्ड बनाकर प्रदान किये जाए।

समयावधि पत्रों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई करने, नेशनल हाईवे पर अनाधिकृत व्यवसाय के संबंध में ढाबों की लाइन लिस्टिंग करने, कट पॉइंट्स का निर्धारण करने, टोल प्लाजा से संबंधित कर्मचारियों की बैठक आयोजित कर टोल पर रिकवरी रेट का निर्धारण, वहां उपलब्ध मानव संसाधन का उचित उपयोग ,सड़कों के आवश्यक पैच वर्क करने के संबंध में निर्देशित किया। अमृत सागर तालाब, समग्र आईडी बनाने, संबंधी प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के पद स्थापना के संबंध में दावे और आपत्तियों का समय सीमा में निराकरण किया जाएं और नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएं। जनप्रतिनिधियों द्वारा सांसद निधि एवं विधायक निधि से प्राप्त राशि अंतर्गत तकनीकी स्वीकृति में विलंब नहीं किया जाए। प्रशासन गांव की ओर अभियान अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समय सीमा में निराकरण किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि लोक सेवा केंद्र के माध्यम से प्राप्त होने वाले आवेदनों के संबंध में समय सीमा में सेवा प्रदान नहीं करने वाले विभाग प्रमुखों पर पेनल्टी अधिरोपित की जाए। चालान के माध्यम से पेनल्टी जमा नहीं होने की दशा में संबंधित के वेतन से कटौत्रा किया जाए। जिले में शासकीय उचित मूल्य की सभी दुकान खुलना चाहिए । ऐसी शासकीय उचित मूल्य की दुकान ,जो महीने में 10 दिन से कम खुलती है, उनको नोटिस जारी करने और एसडीएम द्वारा इसकी निरंतर मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय में भी प्रसूता को डिस्चार्ज के पूर्व जन्म प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएं। पोस्ट ऑफिस के अधिकारियों ने कलेक्टर कार्यालय में उपस्थित होकर संपूर्ण सुकन्या अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 10 वर्ष से कम आयु की किसी भी बालिका का पोस्ट ऑफिस में सुकन्या संबंधित खाता खुलवाया जा सकता है। इसके लिए शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग को सहयोग करने हेतु निर्देशित किया गया। पोस्ट ऑफिस के अधिकारियों ने बताया कि योजना में 8.2 प्रतिशत की वार्षिक ब्याज दर है। आकलन के अनुसार यदि 250 रुपए प्रति माह के मान से कन्या का खाता खुलवाते हैं तो 15 साल में 45000 रुपए मूल जमा होते हैं। इस पर 93647 रुपए का ब्याज प्राप्त होता है, जिसकी कुल परिपक्वता राशि 138642 होती है। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय रतलाम मेडिकल कॉलेज रतलाम में पोस्ट ऑफिस के अधिकारियों के लिए हेल्प डेस्क लगाई जाए तथा इस हेल्पडेस्क में 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों के आधार कार्ड बनाने, इच्छुक लोगों द्वारा सुकन्या योजना में खाता खुलवाने तथा जन्म प्रमाण पत्र प्रदान करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में कलेक्टर ने कृषि विभाग अंतर्गत किसानों के लिए ई -टोकन व्यवस्था के माध्यम से उर्वरक वितरण व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए।

===============

कृषि रथ द्वारा भ्रमण कर, ग्राम पंचायतों में किसानों को कृषि की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी

उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास श्रीमती नीलम सिंह चौहान ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 11 जनवरी से 11 फरवरी तक जिले मे कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत कृषि रथ का संचालन किया जा रहा है। जिसमें कृषि एवं संबद्ध विषयों जैसे उद्यानिकी, पशुपालन, आत्मा, मत्स्य पालन आदि पर किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों के मध्य सीधा संपर्क कायम कर नवीन एवं वैज्ञानिकी तकनीकी सुधार की जानकारी कृषकों को दी जा रही। आज 2 फरवरी को विकासखंड आलोट के बिसलखेड़ा, मुडला कला, भैसाना, मरमिया खेड़ी विकासखंड बजाना के हरथल, रावटी देथला, विकासखंड पिपलोदा के कालूखेड़ा, तालिदाना, मामटखेड़ा, विकासखंड सैलाना के भामट, ठीकरिया, विकासखंड रतलाम के नौगांवा कला, धामनोद, डेलनपुर विकासखंड जावरा के रोजाना, बनवाडा रोला में कृषि रथ द्वारा भ्रमण कर जैविक खेती एवं प्राकृतिक कृषि क्षेत्रों का विस्तार, पराली न जलाने, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, एकीकृत पोषक तत्व, कीट एवं रोग प्रबंधन, कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के उपाय, फसल विविधीकरण को बढावा देना, प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना, ई विकास प्रणाली अंतर्गत ई-टोकन उर्वरक वितरण व्यवस्था, के संबंध में कृषकों को जानकारी दी गई।

03 फरवरी को विकासखंड आलोट के साँगाखेडा, खारवाखुर्द, किशनगढ़, थम्बगुराडिया विकासखंड बजाना के उमर, आमलीपाडा, बिलडी, विकासखंड पिपलोदा के कांसेर, भाटखेडा, चिकलाना विकासखंड सैलाना के कांगसी, सुंडी विकासखंड रतलाम के पंचेड, नामली, पलटूना विकासखंड जावरा के रिंगनोद, गोठडा, कामलिया में रथ भ्रमण करेगा। किसान भाई इन पंचायतों में सम्मिलित होकर उक्त योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते है।

=========

खेलो एमपी खेल प्रतियोगिता में रतलाम की टीम को ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त

खेलो एमपी खेल प्रतियोगिता का आयोजन राज्य स्तर पर भोपाल में किया गया। जिसमें रतलाम थ्रो बॉल एसोसिएशन की बालिका खिलाड़ियों ने राज्य स्तर प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल जीता। जिला सचिव दुर्गा शंकर मोयल व रतलाम जिले के राधा गुर्जर, आरती यादव, तनीषा पाटीदार, पूजा सिंगाड़, वंशिका सोलंकी, अल्फिया खान की टीम ने उज्जैन संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया। खिलाड़ियों को खेल मंत्री श्री विश्वास सारंग एवं अतिथियों ने मेडल एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया। रतलाम आने पर सभी खिलाड़ियों को रतलाम थ्रो बॉल एसोसिएशन के श्री अनुज शर्मा, जिला खेल अधिकारी रुचि शर्मा, श्री जितेन धूलिया दीपेंद्र ठाकुर, हार्दिक कुरुवारा, प्रदीप पवार, संजय शर्मा, बद्रीलाल बसेरा, राहुल वर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई दी व हर्ष व्यक्त किया।

============

किसान जागरूकता वाहन रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

मध्य प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है । इस संबंध में सोमवार को मंडी प्रांगण रतलाम से मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया ।

जिसमें विधायक रतलाम ग्रामीण श्री मथुरालाल डामर, जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय भूतपूर्व जिला अध्यक्ष एवं कृषक आयोग के अध्यक्ष श्री ईश्वर लाल पाटीदार के मार्गदर्शन में रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया । किसान मोटरसाईकिल रैली के माध्यम से प्राकृतिक खेती को बढावा देना, नरवाई प्रबंधक के उपाय, संतुलित खाद्य उर्वरक के उपयोग, खेती की नवीन व उन्नत तकनीकी के उपयोग, उर्वरक वितरण के लिए ई-टोकन व्यवस्था, सिचाई में पानी की बचत करने के लिए स्प्रिंकलर और ड्रिप से सिंचाई करना संबंधी संदेश दिए गए ।

रैली में उपसंचालक कृषि श्रीमती नीलम चौहान, परियोजना संचालक आत्मा श्री निर्भय सिंह नार्गेश, सहायक संचालक कृषि श्री भिका वास्के, एसडीओ जावरा श्री आर.के सिंह, तकनीकी सहायक श्री बालकृष्ण राठौर, रतलाम ब्लॉक के प्रभारी एसएडीओ श्री बालचंद डोडियार, रतलाम ब्लॉक के कृषि विस्तार अधिकारी एवं बीटीएम एटीएम (आत्मा), कृषि उपज मण्डी के कर्मचारी, फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि, मृदा परीक्षण प्रयोगशाला मण्डी रतलाम उपस्थित थे ।

===========

संपूर्णता अभियान 2.0 को संपादित करने हेतु कलेक्टर ने दायित्व सौंपे

मुख्य कार्यकारी अधिकारी भारत सरकार नीति आयोग के निर्देशानुसार आकांक्षी विकासखंड बाजना में 20 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक संपूर्णता अभियान 2.0 संचालित कर निर्धारित 6 संकेतकों में शत प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति की जाकर सेचुरेशन प्राप्त करना है। कार्य समय सीमा में संपादित करने हेतु कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह द्वारा अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए है। सम्पूर्ण कार्यक्रम का नोडल अधिकारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रतलाम को नियुक्त किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}