समाचार मध्यप्रदेश नीमच 26 सितंबर 2026 शनिवार

बैंक हड़ताल के दृष्टिगत महत्वपूर्ण सूचना
नीमच, 25 सितंबर 2026। जिले के समस्त बैंकों के ग्राहकों एवं आम नागरिकों को सूचित किया जाता है कि दिनांक 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल के दृष्टिगत ग्राहकों की सुविधा एवं बैंकिंग सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा रविवार, 27 सितंबर 2026 को सभी बैंक शाखाओं में नियमित बैंकिंग कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। अतः नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार 27 सितंबर को बैंक शाखाओं में पहुंचकर अपने आवश्यक बैंकिंग कार्य संपादित कर सकते हैं।
प्रस्तावित हड़ताल की अवधि के दौरान ग्राहक डिजिटल एवं वैकल्पिक बैंकिंग सेवाओं का उपयोग कर सकते हैं। उपलब्ध डिजिटल बैंकिंग सेवाएं एवं अन्य वैकल्पिक माध्यम यथासंभव सुचारू रूप से संचालित रहेंगे।
जिले के नागरिकों से आग्रह है कि प्रस्तावित बैंक हड़ताल को ध्यान में रखते हुए अपने आवश्यक बैंकिंग कार्यों की पूर्व में योजना बना लें तथा बैंकिंग सेवाओं से संबंधित जानकारी के लिए केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
–00–
जाजू कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता संपन्न
नीमच, 25 सितंबर 2026। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “मेरे सपनों का भारत” रहा।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने सपनों के भारत की परिकल्पना को विभिन्न आयामों के माध्यम से प्रस्तुत किया। छात्राओं ने विकसित, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण से जुड़े अपने विचार साझा करने के साथ ही इन सपनों को साकार करने के लिए आवश्यक दिशा और प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने सेवा संकल्प अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक सहभागिता के लिए छात्राओं को बधाई दी।
प्रतियोगिता में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा नित्या पारीक ने प्रथम, बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा प्रीति नागदा ने द्वितीय तथा बीए प्रथम वर्ष की छात्रा खनक चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. बीना चौधरी, प्रो. निशा जटिया एवं डॉ. अविनाश बिहरिया शामिल रहे। कार्यक्रम का समन्वय भाषण आयोजन समिति के डॉ. हीरसिंह राजपूत, डॉ. मेघा अग्रवाल एवं श्रीमती ज्योति पवार ने किया। अंत में डॉ. हीरसिंह राजपूत ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
–00–
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक 28 सितंबर को
नीमच, 25 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक 28 सितंबर को सायं 4 बजे कलेक्ट्रेट सभागृह में आयोजित की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने समिति के सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यक्रम अधिकारियों से वित्तीय वर्ष 2026-27 की अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित होने का आग्रह किया है।
–00–
सेवा संकल्प अभियान के तहत जाजू कन्या महाविद्यालय में चित्रकला प्रदर्शनी एवं नुक्कड़ नाटक आयोजित
नीमच, 25 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं द्वारा चित्रकला प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें स्वच्छता, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता तथा बदलते भारत की तस्वीर को चित्रों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ‘बदलते भारत में स्वच्छता और स्वास्थ्य’ विषय पर नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया। छात्राओं ने नाटक के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक स्वच्छता में नागरिकों की भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता का संदेश दिया गया।
चित्रकला प्रदर्शनी और नुक्कड़ नाटक में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं जनभागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
–00–
दिव्यांगता को नहीं बनने दिया बाधा, ई-रिक्शा से आत्मनिर्भर बनी दीपमाला यादव
शासन की योजनाओं और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के सहयोग से बदली जिंदगी, अब प्रतिमाह करीब 15 हजार रुपये की आय
नीमच 25 सितम्बर 2026 । कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से कई लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। वार्ड क्रमांक 08, भगवानपुरा निवासी श्रीमती दीपमाला यादव इसका प्रेरक उदाहरण हैं। 41 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद उन्होंने परिस्थितियों के आगे हार नहीं मानी और आज ई-रिक्शा चलाकर आत्मनिर्भर जीवन जी रही हैं।
आर्थिक कठिनाइयों के बीच परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए दीपमाला ने लंबे समय तक दूसरों के घरों में झाड़ू-पोछा और खाना बनाने का काम किया। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद उन्होंने मेहनत जारी रखी। उनकी इच्छा थी कि वे अपना स्वयं का रोजगार शुरू करें, जिससे परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ बच्चों के भविष्य को बेहतर बना सकें।
इसी दौरान जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की टीम के संपर्क में आने पर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिली। टीम के मार्गदर्शन में उनका दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड बनवाया गया तथा पात्रता के अनुसार निःशक्त पेंशन शुरू कराने में भी सहयोग किया गया।
स्वरोजगार के लिए दीपमाला ने कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद जिला प्रशासन, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा दिव्यांग संगठनों के समन्वय से दिव्यांगजनों को रोजगार से जोड़ने के प्रयास किए गए। इसी क्रम में सेवा पखवाड़े के अंतर्गत 27 सितंबर 2025 को सीएसआर मद से दीपमाला को ई-रिक्शा प्रदान किया गया।
ई-रिक्शा मिलने के बाद दीपमाला ने आत्मविश्वास के साथ अपना रोजगार शुरू किया। वे प्रतिदिन नीमच शहर में ई-रिक्शा चलाती हैं और करीब 500 रुपये प्रतिदिन की आय अर्जित कर रही हैं। वर्तमान में उनकी मासिक आय लगभग 15 हजार रुपये है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और बच्चों की शिक्षा सहित अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिल रही है।
दीपमाला कहती हैं कि शासन की योजनाओं, जिला प्रशासन और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के सहयोग से मुझे आगे बढ़ने का अवसर मिला। ई-रिक्शा मिलने के बाद मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है। अब मैं स्वयं काम करके अपने परिवार की जरूरतें पूरी कर पा रही हूं और अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मेहनत कर रही हूं।
दीपमाला यादव प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के लिए चलाई जा रही योजनाओं और आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों से उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला।
–00—



