मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 26 सितंबर 2026 शनिवार

शनिवार से जिले में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम की शुरुआत

मंदसौर 25 सितंबर 2026 / सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक जिले में महिला बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम की शुरुआत। प्रदेश की महिला बाल विकास विभाग मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया की उपस्थिति में की जाएगी।

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास विभाग सुश्री अंकिता पांडया ने बताया कि आंगन मिलन सेवा के अंतर्गत तीन चरणों में कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रथम चरण 26 सितंबर से 28 सितंबर तक की अवधि में मंदसौर शहर तथा मंदसौर ग्रामीण परियोजना क्रमांक एक एवं दो में महिलाओं, बच्चों तथा सफलता की कहानियों की प्रस्तुति संबंधी गतिविधि आयोजित होगी। इसी प्रकार की गतिविधियां द्वितीय चरण 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक जिले की परियोजना मल्हारगढ़ तथा सीतामऊ क्रमांक 1 एवं 2 मे आयोजित होगी। इसी प्रकार तृतीय चरण 2 अक्टूबर से 5 अक्टूबर तक की अवधि में जिले की परियोजना भानपुरा तथा गरोठ क्रमांक एक एवं दो में उक्त गतिविधियां आयोजित की जाएगी।

आंगन मिलन सेवा गतिविधियों के अंतर्गत बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, खेल गतिविधिया एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। महिलाओं की स्वास्थ्य जांच एवं पोषण पर चर्चा तथा सफलता की कहानियां प्रस्तुत की जाएगी। 26 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन होगा। 27 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट आंगनबाड़ियों में किया जाएगा। आंगन मिलन कार्यक्रम के अंतर्गत श्रेष्ठ कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं को प्रस्तुत किया जाएगा।

–00–

शासन की योजना की मदद से किराने की दुकान लगाई विनोद का जीवन खुशहाल हुआ

मंदसौर 25 सितंबर 2026 / शासन की योजना की मदद से मंदसौर जिले के ग्राम नांदवेल के रहने वाले विनोद खराड़ी के जीवन में खुशहाली आई है। उसका परिवार खुशहाल हो गया है यह बदलाव शासन की योजना की मदद से आया है।

विनोद 12वीं तक शिक्षित है परिवार में 5 सदस्य हैं। घर की खराब आर्थिक स्थिति के चलते उन्हें रोजगार की आवश्यकता थी समाचार पत्रों के माध्यम से शासन की भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना की जानकारी मिली विनोद ने मंदसौर जनजाति कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग में संपर्क किया। कार्यालय द्वारा योजना की विस्तृत जानकारी विनोद को दी गई। इसके बाद विनोद द्वारा समस्त पोर्टल पर एमपी ऑनलाइन के माध्यम से अपना आवेदन योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रस्तुत किया।

कार्यालय द्वारा विनोद के आवेदन का सत्यापन कर स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया की दलोदा शाखा को प्रेषित किया गया शाखा बैंक शाखा द्वारा स्थल निरीक्षण तथा औपचारिकताएं पूर्ण कराकर विनोद के प्रकरण में 2 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई योजना में विनोद को शासन की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिल रहा है उक्त राशि से लगभग 2वर्ष पूर्व विनोद ने गांव में किराना की दुकान का व्यवसाय प्रारंभ किया मेहनत और लगन के कारण उनकी दुकान अच्छी चलती है उनके परिवार की मासिक आय अब लगभग 20 से 22 हजार रुपए प्रत्येक माह हो जाती है विनोद अपनी लगभग 4500 रुपए बैंक किस्त भी नियमित अदा कर रहे हैं अपने परिवार में खुशहाली आने पर विनोद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को धन्यवाद देते हैं

–00–

विशाल निःशुल्क आयुर्वेद सर्व रोग चिकित्सा शिविर संपन्न

मंदसौर 25 सितंबर 2026 / 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” के अंतर्गत कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह के मार्गदर्शन एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. बिंदु ध्रुव के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं जिला आयुष विभाग द्वारा जामा मस्जिद के पास वार्ड क्रमांक 24 एवं 25 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर विशाल निःशुल्क आयुर्वेद सर्व रोग चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला आयुष अधिकारी डॉ. बिंदु ध्रुव, उपस्थित अतिथिगण एवं स्थानीय पार्षद द्वारा भगवान धन्वंतरि का पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

शिविर में जिला आयुर्वेद चिकित्सालय के चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों से संबंधित निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं औषधि वितरण किया गया। मौसमी बीमारियों, डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, त्वचा रोग, पेट संबंधी रोग, पैरालिसिस तथा बालिकाओं एवं महिलाओं से संबंधित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं का उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया।

शिविर में डॉ. कैलाशचंद्र मालवीय, डॉ. कमलेश धनोतिया, डॉ. शिल्पा मंडवारिया एवं डॉ. मोनिका यादव द्वारा अपनी सेवाएं प्रदान की गईं। चिकित्सकों ने मरीजों को उपचार एवं औषधियों के साथ-साथ आयुर्वेदिक जीवनशैली, संतुलित आहार-विहार, योगासन एवं स्वस्थ दैनिक दिनचर्या के संबंध में भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

शिविर में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कुल 204 लाभार्थियों ने निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में महिलाओं, पुरुषों, बालकों एवं बालिकाओं सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।

आयुष विभाग द्वारा आयोजित शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन तक आयुर्वेद चिकित्सा एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचाना तथा लोगों को सहज एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

–00–

नमो सेवा गाथा के अंतर्गत शुक्रवार को जिले के चार स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए

मंदसौर 25 सितंबर 2026 / शासन के सेवा संकल्प अभियान में अंतर्गत नमो सेवा गाथा पर आधारित नुक्कड़ नाटकों का मंचन संस्कृति विभाग के कलाकारों द्वारा जिले में निरंतर किया जा रहा है। इस कड़ी में 25 सितंबर को जिले के सीतामऊ क्षेत्र में कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुति जनता के समक्ष दी गई। जिसमें पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्य प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं तथा देश में आए बदलावों की कहानियों को एक सरल भावनात्मक और संगीत पूर्ण नाटक प्रस्तुति के साथ आयोजित किया गया।

शुक्रवार को जिन स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया उनमें लदुना चौराहा सीतामऊ, ग्राम पंचायत कयामपुर आदि शामिल है नाटकों के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना, आयुष्मान योजना, स्वच्छता मिशन, सर्जिकल स्ट्राइक, कॉविड-19 पर आधारित कहानियों का मंचन लोक सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान उज्जैन के कलाकारों द्वारा टीम लीडर विकास चौहान के नेतृत्व में किया गया।

–00–

व्यवहारिक ज्योर्तिविज्ञान में 1 वर्षी डिप्लोमा पाठ्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित

मंदसौर 25 सितंबर 2026 / जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा बताया गया कि महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान म.प्र. द्वारा व्यावहारिक ज्योर्तिविज्ञान में एक वर्षीय पत्रोपाधि (डिप्लोमा) पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जाना है। जिसके अंतर्गत कक्षा 12 वी उत्तीर्ण छात्र/छात्राओं के लिये ऑनलाइन आवेदन पत्र आमंत्रित किये जाते है। प्रवेश हेतु आवेदन एम.पी. ऑनलाइन के माध्यम से किये जा सकते हैं।

प्रदेश के संबंध में सम्पूर्ण विवरण की जानकारी संस्थान की वेबसाइट www.mpssbhopal.org एवं www.mponline.gov.in पर उपलब्ध है।

–00–

युवा संगम का आयोजन शासकीय आईटीआई भानपुरा में 30 सितंबर को

मंदसौर 25 सितंबर 2026 / जिला रोजगार अध्किारी द्वारा बताया गया कि आगामी 30 सितंबर को शासकीय आईटीआई, भानपुरा, जिला मंदसौर में “युवा संगम (रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला)” का आयोजन किया जा रहा है।

मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोजकों द्वारा युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही युवाओं को स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं एवं अवसरों की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक आदि विभिन्न शैक्षणिक योग्यताधारी युवा भाग ले सकेंगे। इच्छुक युवा अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ मेले में उपस्थित होकर विभिन्न कंपनियों/नियोजकों के समक्ष रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप हेतु अपना पंजीयन/साक्षात्कार दे सकते हैं।

जिला रोजगार कार्यालय द्वारा जिले के अधिक से अधिक युवाओं से इस रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले में उपस्थित होकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की गई है। अधिक जानकारी के 9118870369 पर संपर्क करे।

–00–

नमो सेवा गाथा पर शनिवार को पांच स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किये जाएंगे

मंदसौर 25 सितंबर 2026 / सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नमो सेवा गाथा विषय पर जिले में नुक्कड़ नाटकों का सिलसिला जारी है। इस कड़ी में 26 सितंबर को जिले के पांच स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किये जाएंगे।

26 सितंबर को जिले के विकासखंड गरोठ के अंतर्गत मेल खेड़ा में बजरंगबली चौराहे पर, खड़ावदा चौराहा, बस स्टैंड बोलिया में तथा विकासखंड भानपुरा के अंतर्गत विजय स्तंभ भानपुरा तथा भेरूजी चौराहा लोटखेड़ी में नुक्कड़ नाटक आयोजित किये जाएंगे।

–00–

मद्य निषेध सप्ताह के अंतर्गत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे

मंदसौर 25 सितंबर 2026 / आगामी मद्य निषेध सप्ताह 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक की अवधि में जिले में कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह के निर्देशन में कई कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य मद्यपान तंबाकू गुटका सिगरेट की लत तथा नशीले मादक द्रव्य पदार्थों के दुष्परिणामों से विद्यार्थियों तथा समाज को अवगत कराना नशाबंदी के पक्ष में वातावरण एवं चेतना का निर्माण करना है।

मद्यनिषेध सप्ताह के अंतर्गत प्रथम दिवस 2 अक्टूबर को नशा मुक्ति के लिए जन जागृति के लिए रैली का आयोजन होगा, नुक्कड़ नाटक मंचन होंगे, नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशा मुक्ति पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी, सम्मिलित जन समूह को नशा नहीं करने की शपथ दिलाई जाएगी। 3 अक्टूबर को स्कूलों में नशा मुक्ति विषय पर प्रतियोगिताएं, प्रश्न मंच, संगोष्ठी आयोजित किए जाएंगे। नशा पीड़ितों के उपचार के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। 4 अक्टूबर को ग्राम सभा में नशा मुक्त ग्राम बनाने संबंधी प्रस्ताव पारित कराए जाएंगे, नशाबंदी साहित्य का वितरण होगा। 5 अक्टूबर को ग्राम स्तर नगर स्तर पर स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुप तैयार किए जाकर ग्रुप में नशा मुक्ति के संदेश तथा जन जागरूकता के लिए लघु फिल्में प्रेषित की जाएगी।

6 अक्टूबर को समस्त महिला स्वास्थ्य सहायता समूह शौर्य दलों द्वारा स्थानीय स्तर पर नशा मुक्ति संदेश का प्रचार प्रसार अभियान चलाया जाएगा। 7 अक्टूबर को ग्राम स्तर शहरी स्तर पर नशा मुक्ति अभियान के लिए बनाए गए मास्टर वॉलिंटियर नशा मुक्ति मित्रों के माध्यम से सभी स्कूल कॉलेज में अनिवार्यता ऑनलाइन नशा मुक्ति शपथ दिलाई जाएगी। 8 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर साप्ताहिक कार्यक्रम का जिला स्तरीय समापन कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, नशा मुक्ति पर आधारित नाटक मंचन आदि होंगे। आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कार वितरण तथा सहभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। सप्ताह के सातों दिन नशा नहीं करने की शपथ दिलाई जाएगी।

–00–

महिला बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया का भ्रमण कार्यक्रम

मंदसौर 25 सितंबर 2026 / प्रदेश की महिला बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया 26 सितंबर को मंदसौर जिले के भ्रमण पर रहेगी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार सुश्री भूरिया 26 सितंबर को प्रातः 11:00 बजे जिले की लखमा खेड़ी आंगनबाड़ी केंद्र पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में सम्मिलित होगी। इस दौरान पौधारोपण हितग्राहियों से चर्चा तथा पुरस्कार वितरण होगा। इसी दिन 11:50 बजे सर्किट हाउस मंदसौर आगमन होगा। मंदसौर में दोपहर 12:15 बजे उत्कृष्ट विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान तथा राष्ट्रीय पोषण माह कार्यक्रम में शामिल होंगी। दोपहर 1:30 बजे मंदसौर शहर के आंगनबाड़ी केंद्र पर आंगन मिलन सेवा अंतर्गत बच्चों तथा महिलाओं के स्वास्थ्य जांच कैंप में शामिल होंगी। दोपहर 3:00 बजे पार्टी बैठक में सम्मिलित होकर मंदसौर से ही शाम 6:00 बजे झाबुआ के लिए प्रस्थान कर जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}