समाचार मध्यप्रदेश नीमच 17 सितंबर 2026 गुरुवार

सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को रेडक्रॉस परिसर में होंगे रक्तदान शिविर एवं एनसीडी कैंप
स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी को मिलेगा बढ़ावा
नीमच, 16 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश शासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य सहित विभिन्न सेवाओं से जोड़ना और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर को रेडक्रॉस परिसर स्थित जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य विभाग द्वारा दो प्रमुख गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें रक्तदान शिविर तथा एनसीडी (गैर-संचारी रोग) कैंप शामिल हैं।
रक्तदान शिविर के माध्यम से नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं एनसीडी कैंप में गैर-संचारी रोगों से संबंधित स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे नागरिकों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा बीमारियों की समय पर पहचान के लिए प्रेरित किया जा सके।
दोनों कैंपों का शुभारंभ 17 सितंबर को प्रातः 11 बजे रेडक्रॉस परिसर स्थित जिला चिकित्सालय में होगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों से इन जनहितकारी गतिविधियों में सहभागिता करने की अपील की गई है।
–00–
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जिले के 156 तीर्थयात्री हरिद्वार-ऋषिकेश रवाना
विधायक एवं अपर कलेक्टर ने पुष्पमाला पहनाकर किया स्वागत, हरी झंडी दिखाकर विशेष ट्रेन को किया रवाना
नीमच, 16 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बुधवार को नीमच जिले के 156 तीर्थयात्रियों का दल हरिद्वार एवं ऋषिकेश की नि:शुल्क तीर्थयात्रा के लिए विशेष ट्रेन से रवाना हुआ। नीमच रेलवे स्टेशन पर विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार एवं अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश ने तीर्थयात्रियों का पुष्पमाला पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार ने तीर्थयात्रियों को सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के बुजुर्ग नागरिकों को प्रमुख धार्मिक एवं तीर्थस्थलों के नि:शुल्क दर्शन का अवसर मिल रहा है। वर्ष 2012 में प्रारंभ हुई यह योजना वर्तमान सरकार द्वारा भी निरंतर संचालित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में बुजुर्गों को तीर्थस्थलों के दर्शन कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। हरिद्वार एवं ऋषिकेश की यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक आनंद एवं धार्मिक आस्था का अवसर है। उन्होंने तीर्थयात्रियों से सेवा, सद्भावना और सामाजिक सहभागिता की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान भी किया।
अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश ने तीर्थयात्रियों को सफल, सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। यात्रियों की सुविधा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए कर्मचारियों को अनुरक्षक के रूप में विशेष ट्रेन के साथ भेजा गया है।
नीमच जिले से रवाना हुआ तीर्थयात्रियों का दल 19 सितंबर 2026 को तीर्थयात्रा पूर्ण कर नीमच लौटेगा। यात्रा पर रवाना हुए तीर्थयात्रियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर श्रीमती वंदना खंडेलवाल, श्रीमती किरण शर्मा, श्रीमती हेमलता धाकड़, श्री निलेश पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, तीर्थयात्री एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
–00–
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को 50 हजार दीपों से जगमगाएगा किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर
शहर के पांच अन्य स्थानों पर भी जलेंगे ‘आशीर्वाद के दीया’
नीमच, 16 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश शासन के सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम शाम 6 से 7 बजे तक किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में होगा, जहां 50 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया ने बताया कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा नागरिक सहभागिता करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी कनावटी, दीनदयाल वाटिका इंदिरा नगर, गोधाम बालाजी, एसटीपी प्लांट सिटी रोड मुक्तिधाम के पास तथा फिल्टर प्लांट हिंगोरिया में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अभियान के तहत प्रत्येक वार्ड से शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता कहानियां संकलित की जाएंगी। 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा (कलश यात्रा) तथा 2 से 10 अक्टूबर तक पौधारोपण, स्वच्छता एवं सिंगल यूज प्लास्टिक जागरूकता अभियान आयोजित होंगे। 2 अक्टूबर को सुशासन सेवा संवाद सहित स्वास्थ्य जांच एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी होंगे।
–00–
अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
62 लीटर महुआ हाथ भट्टी कच्ची शराब एवं मोटरसाइकिल जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
नीमच, 16 सितंबर 2026। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने 62 लीटर महुआ हाथ भट्टी कच्ची शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री पी.एल. सिंगड़ा के मार्गदर्शन में आबकारी उपनिरीक्षक श्री विजय गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने 16 सितंबर को तड़के गश्त के दौरान मालखेड़ा-चौकड़ी रोड, ग्राम मालखेड़ा के पास कार्रवाई की। टीम ने बालमुकुंद जाट, निवासी चचौड़ी को मोटरसाइकिल क्रमांक MP44MP5748 पर 62 बल्क लीटर अवैध हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब का परिवहन करते हुए पकड़ा।
आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया तथा उसे जेल भेजा गया। जब्त शराब एवं वाहन का बाजार मूल्य लगभग 95 हजार रुपये है। कार्रवाई में विभागीय आबकारी बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।
–00–
चलित खाद्य प्रयोगशाला ने विद्यार्थियों को मिलावट की पहचान और स्वस्थ खान-पान के प्रति किया जागरूक
नीमच के दो शासकीय कन्या विद्यालयों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम
नीमच, 16 सितंबर 2026। नियंत्रक, खाद्य, औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश भोपाल एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देश तथा अपर कलेक्टर एवं जिला अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा प्रशासन, नीमच के मार्गदर्शन में जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में चलित खाद्य प्रयोगशाला नीमच द्वारा 11 सितंबर को संदीपनी शासकीय कन्या विद्यालय एवं पीएम श्री शासकीय कन्या विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा टीम एवं केमिस्ट द्वारा विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को मसालों और मिठाइयों में होने वाली मिलावट तथा उसकी प्राथमिक पहचान के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को मसालों में अखाद्य रंगों की पहचान की मौके पर जांच कर समझाया गया तथा बताया गया कि कुछ प्राथमिक जांच घर पर भी सावधानीपूर्वक की जा सकती हैं। मिठाइयों में स्टार्च की उपस्थिति की जांच के लिए आयोडीन की सहायता से होने वाली जांच का प्रदर्शन भी किया गया। स्टार्च की उपस्थिति में आयोडीन के संपर्क से गहरा नीला रंग दिखाई देने की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को फूड फोर्टिफिकेशन, नमक, चीनी एवं तेल का सीमित मात्रा में उपयोग करने तथा इनके अधिक सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। बाजार से पैकेज्ड खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेट पर अंकित लेबल, सामग्री, पोषण संबंधी जानकारी एवं आवश्यक निर्देशों को पढ़कर ही खाद्य पदार्थ खरीदने की समझाइश दी गई।
दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी एवं खाद्य सुरक्षा टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
–00–
नवम राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जिले में पोषण एवं नशा मुक्ति जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रम किए गए आयोजित
नीमच, 16 सितंबर 2026। नवम राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में आयुष विभाग तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों द्वारा पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में गर्भवती एवं धात्री माताओं, किशोरी बालिकाओं, बच्चों एवं अभिभावकों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, प्रोटीन एवं फाइबर युक्त खाद्य पदार्थों तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई।
मनासा क्षेत्र के ग्राम शेषपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 एवं माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 82 हितग्राहियों को पोषण संबंधी जानकारी दी गई। आयुर्वेद के दृष्टिकोण से उचित मात्रा में गर्म, सुपाच्य एवं हितकर आहार लेने तथा भोजन में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, वसा, विटामिन एवं खनिज पदार्थों का संतुलित समावेश रखने के लिए प्रेरित किया गया। दाल, चना, मूंग, सोयाबीन, दूध-दही एवं मूंगफली जैसे स्थानीय एवं आसानी से उपलब्ध प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने की सलाह दी गई।
माध्यमिक विद्यालय शेषपुर में विद्यार्थियों को नशा मुक्ति के प्रति भी जागरूक किया गया। तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों तथा शिक्षा, परिवार एवं सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने तथा आसपास के लोगों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में नीमच सिटी के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-71 में आयोजित कार्यक्रम में 38 हितग्राहियों को संतुलित एवं विविध आहार तथा प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों के महत्व की जानकारी दी गई। किशोरी बालिकाओं एवं गर्भवती महिलाओं सहित उपस्थित महिलाओं को पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जमुनियाकला के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में आयोजित कार्यक्रम में 35 लाभार्थियों को पोषण एवं प्रोटीनयुक्त आहार के महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं एवं उपस्थित महिलाओं को संतुलित आहार तथा आयुर्वेदानुसार हितकर एवं सुपाच्य भोजन के प्रति जागरूक किया गया।
थडोद के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में आयोजित पोषण शिविर में 48 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरी बालिकाओं एवं बच्चों को पोषक तत्वों के महत्व, मोटे अनाज के उपयोग, मौसमी बीमारियों से बचाव तथा ऋतु के अनुसार उपयुक्त खाद्य पदार्थों के सेवन की जानकारी दी गई।
बामोरा के आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में 28 प्रतिभागियों को पोषणयुक्त आहार में प्रोटीन एवं फाइबर के महत्व, कुपोषण की रोकथाम, एनीमिया से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जागरूक किया गया। प्रतिभागियों को स्थानीय एवं आसानी से उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रमों में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। इनमें डॉ.मदनलाल पाटीदार, डॉ.सीमा पाटीदार, डॉ.हर्षवर्धन शर्मा, डॉ.विमला पाटीदार, डॉ.आर.पी. वर्मा, डॉ.तारेंद्र सिंह सोनगरा सहित संबंधित स्टाफ एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।
–00–
छात्रावास की सुविधा से हरीश की पढ़ाई को मिली नई उड़ान
93.4 प्रतिशत अंक हासिल कर बढ़ाया परिवार और क्षेत्र का गौरव
नीमच, 16 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश शासन के अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रावास योजना विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए बेहतर अवसर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध करा रही है। योजना का लाभ लेकर मनासा तहसील के ग्राम शेषपुर निवासी हरीश मालवीय ने गत वर्ष 93.4 प्रतिशत अंक हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
हरीश वर्तमान में शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर छात्रावास में निवासरत हैं। उन्होंने बताया कि छात्रावास में रहने से विद्यालय आने-जाने की परेशानी दूर हुई और समय की बचत होने लगी। इससे उन्हें पढ़ाई के लिए अधिक समय मिला। छात्रावास में नियमित भोजन के साथ अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण, खेलकूद और अन्य गतिविधियों की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि छात्रावास की सुविधाओं ने उन्हें पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में मदद की। मेहनत और लगन से अध्ययन कर उन्होंने 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
हरीश ने छात्रावास योजना को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि यहां मिली सुविधाओं से उन्हें अपनी शिक्षा जारी रखने और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की ऐसी योजनाएं विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। वे आगे भी पूरी मेहनत से पढ़ाई कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करना चाहते हैं।
–00–
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सीएसआर समिति की बैठक संपन्न
सीएसआर निधि से शिक्षा, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य, किसान एवं युवा कल्याण के कार्यों को दी जा रही प्राथमिकता
नीमच, 16 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में 15 सितंबर को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय सीएसआर समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले की औद्योगिक इकाइयों द्वारा सीएसआर निधि से किए जा रहे विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सीएसआर निधि का प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहित में उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिक्षा: मिशन बेंचमार्क के तहत शासकीय विद्यालयों में अब तक 12,500 से अधिक फर्नीचर सेट उपलब्ध कराए गए हैं। लगभग 1,200 अतिरिक्त फर्नीचर सेट उपलब्ध कराए जाएंगे। कलेक्टर ने इस पहल के लिए संबंधित औद्योगिक इकाइयों की सराहना की।
टाटा सोलर पावर के कार्यों पर नाराजगी: सीएसआर मद के अंतर्गत अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लंबित एवं प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता से चिन्हित कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने तथा सीएसआर संसाधनों का वास्तविक जनकल्याण में उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सक्षम आंगनवाड़ी: आंगनवाड़ी केंद्रों को सर्वसुविधायुक्त बनाने के लिए मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए। पेंटिंग, टेबल-चेयर सेट, झूले, फिसलपट्टी, ईसीसीई किट, वजन मशीन एवं इन्फेंटोमीटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देने को कहा।
वृद्धाश्रम एवं छात्रावास: वृद्धाश्रम एवं मूक-बधिर छात्रावास में आवश्यक मरम्मत एवं सामग्री उपलब्ध कराने तथा पिछड़ा वर्ग विभाग के छात्रावास में आवश्यक मरम्मत कार्य सीएसआर मद से कराने के निर्देश दिए।
किसान एवं युवा कल्याण: किसानों की सुविधा के लिए फार्मर शेड तथा युवाओं के कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सीएसआर गतिविधियों में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य एवं पोषण: निक्षय अभियान के तहत टीबी मरीजों के उपचार एवं पोषण सहयोग के लिए सीएसआर मद से फूड बास्केट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित कार्यों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि सीएसआर निधि का उपयोग ऐसे कार्यों में किया जाए, जिनका प्रत्यक्ष एवं दीर्घकालिक लाभ आमजन को मिले। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ स्वीकृत एवं प्रस्तावित कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र श्रीमती योगिता भटनागर सहित अल्ट्राटेक सीमेंट, धानुका इंडस्ट्रीज, अडानी विल्मार, टाटा सोलर पावर, ग्रीनको, एम.एस. साल्वेक्स, स्वराज शूटिंग सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
–00–
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स एवं बंधक श्रमिक सतर्कता समिति की बैठक संपन्न
बाल एवं बंधक श्रम के विरुद्ध निरंतर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
नीमच, 16 सितंबर 2026। बाल श्रम एवं बंधक श्रम की रोकथाम तथा जिले में श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से 15 सितंबर 2026 को कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स एवं जिला स्तरीय बंधक श्रमिक सतर्कता समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में जिला स्तरीय बंधक श्रमिक सतर्कता समिति के सदस्यों ने अवगत कराया कि उनके द्वारा नीमच जिले के भ्रमण के दौरान वर्तमान में कोई बंधक श्रमिक नहीं मिला है। साथ ही, जिले में बाल श्रम की स्थिति में भी पूर्व की अपेक्षा काफी सुधार हुआ है।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने समिति के सदस्यों को बाल एवं बंधक श्रम के विरुद्ध निरंतर जन-जागरूकता अभियान संचालित करने तथा इनके दुष्प्रभावों के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाल श्रम एवं बंधक श्रम जैसी प्रथाओं की रोकथाम के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ सतत रूप से कार्य करें तथा शासन के प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत नीमच के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। श्रम पदाधिकारी श्री बी.एल.राठौर द्वारा पूर्व में बाल श्रम के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी भी बैठक में साझा की गई।
–00–
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत 18 सितम्बर को जावद में शिविर आयोजित होगा
नीमच, 16 सितम्बर 2026। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत दिनांक 18 सितम्बर 2026 को कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के आदेशानुसार सामुदायिक भवन, खोर दरवाजा जावद स्थित डोम में शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उक्त शिविर में नगरीय क्षेत्र जावद, अठाना एवं नयागांव के नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। शिविर में विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सकलेचा, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहेंगे। शिविर में प्राप्त होने वाले समस्त आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
–00–



