समाचार मध्यप्रदेश नीमच 16 सितंबर 2026 बुधवार

पूर्व जवानों के सम्मान संग सीआरपीएफ नीमच में वेटरन्स-डे एवं वार्ब बैठक सम्पन्न
नीमच, 15 सितंबर 2026। ग्रुप केंद्र, सीआरपीएफ, नीमच के महाराणा प्रताप भवन में मंगलवार को श्री सुरेन्द्र कुमार, उप महानिरीक्षक, ग्रुप केंद्र, नीमच की अध्यक्षता में वेटरन्स-डे एवं कल्याण एवं पुनर्वास (वार्ब) बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ग्रुप केंद्र, नीमच के क्षेत्राधिकार अंतर्गत मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में निवासरत सीएपीएफ पेंशनधारियों, शहीद एवं दिवंगत कार्मिकों के आश्रितों को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सेवानिवृत्त कार्मिकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, नीतियों एवं सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना था।
इस अवसर पर भूतपूर्व कार्मिकों ने अपने कार्यकाल के महत्वपूर्ण अनुभव साझा किए। उपस्थित पेंशनधारियों एवं आश्रितों ने अपनी समस्याएं अध्यक्ष के समक्ष रखीं। श्री सुरेन्द्र कुमार ने समस्याओं को गंभीरता से सुना। पेंशन संबंधी प्रकरणों को छोड़कर अन्य समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया, जबकि शेष प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में भूतपूर्व कार्मिकों के लिए संचालित नवीनतम कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर श्री सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्त कार्मिक सीआरपीएफ परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी हरसंभव सहायता के लिए विभाग सदैव तत्पर है। उन्होंने सभी के स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की कामना करते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि पिछली बैठक में प्राप्त सभी प्रकरणों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। कार्यक्रम के अंत में श्री सुरेन्द्र कुमार ने उपस्थित पेंशनधारियों एवं उनके आश्रितों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर श्री प्रमोद कुमार साहू, कमांडेंट सहित अन्य अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
–00–
कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक संपन्न
लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश
सेवा संकल्प अभियान में विभागीय समन्वय के साथ गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें—कलेक्टर
नीमच, 15 सितंबर 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा निर्धारित साप्ताहिक लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन – कलेक्टर श्री चंद्रा ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को शिकायतों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत करने तथा खराब ग्रेडिंग एवं रैंकिंग वाले विभागों को निराकरण की गति बढ़ाकर स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग, किसान एवं कृषि कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, अनुसूचित जाति विभाग, राजस्व विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की खराब रैंकिंग पर नाराजगी व्यक्त करते हुए राज्य स्तर पर रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए।
फॉर्मर रजिस्ट्री कलेक्टर ने फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य को अभियान के रूप में संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र में राजस्व एवं कृषि विभाग के संयुक्त दल के माध्यम से कैंप आयोजित कर फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि 30 सितंबर तक फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रगति 65 प्रतिशत से कम नहीं होनी चाहिए। कार्य में लापरवाही अथवा निर्धारित दायित्व का निर्वहन नहीं करने पर संबंधित के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।
आंगनवाड़ी कलेक्टर श्री चंद्रा ने स्वीकृत आंगनवाड़ियों के कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य प्रारंभ होने की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए।
नगरपालिका एवं नगर परिषद — पेयजल व्यवस्था कलेक्टर ने सभी नगर पालिका एवं नगर परिषद के अधिकारियों को नागरिकों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल की गुणवत्ता की आवश्यक जांच समय-समय पर सुनिश्चित करने को कहा।
लंबित प्रकरण एवं समय-सीमा पत्र कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को समय-सीमा पत्रों, सीएम हेल्पलाइन तथा अन्य लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित साप्ताहिक लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित की जाए। निराकरण योग्य प्रकरणों को लंबित रखना गंभीरता से लिया जाएगा तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान- कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सेवा संकल्प अभियान कलेक्टर श्री चंद्रा ने 17 सितंबर से प्रारंभ होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अभियान के अंतर्गत निर्धारित दायित्वों के अनुरूप आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विभागीय समन्वय कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित योजनाओं एवं कार्यों का समयबद्ध, व्यवस्थित और सुचारू रूप से क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को अद्यतन एवं संपूर्ण विभागीय जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित होने तथा लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मयूरी जोक, सुश्री श्रुति भयडीया, श्री चंद्र सिंह धार्वे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
–00–
कलेक्टर श्री चंद्रा ने जनसुनवाई में सुनी 65 आवेदकों की समस्याएं
आवेदनों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता से त्वरित निराकरण करने के दिए निर्देश
नीमच, 15 सितंबर 2026। कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 65 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आवेदकों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर संवेदनशीलता, प्राथमिकता और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्यवाही की जाए और पात्र आवेदकों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक पहल की जाए। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे प्रकरणों में, जिनका निराकरण जिला स्तर पर संभव है, त्वरित कार्यवाही कर आवेदकों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में आवास, भूमि एवं अतिक्रमण, पट्टा, राजस्व अभिलेख, बंटवारा, लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। आवेदकों द्वारा आवास योजना का लाभ दिलाने, भूमि संबंधी समस्याओं के निराकरण, पट्टा एवं अभिलेखों में आवश्यक दर्ज करने तथा योजना का लाभ दिलाने संबंधी समस्याएं प्रस्तुत की गईं। इसके साथ ही उपचार सहायता एवं सड़क पर वर्षा जल निकासी की व्यवस्था से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर प्रभावी एवं परिणाममूलक कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में आने वाले आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। कलेक्टर श्री चंद्रा द्वारा जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के संवेदनशील एवं त्वरित निराकरण की निरंतर समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
जनसुनवाई के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, श्रीमती मयूरी जोक, श्रीमती श्रुति भायडिया सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
–00–
नवम राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत पोषण जागरूकता एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
नीमच 15 सितम्बर 2026।आयुष विभाग अंतर्गत शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपल्या रावजी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 बर्डीया जागीर एवं माध्यमिक विद्यालय बर्डीया जागीर में नवम राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कुल 37 हितग्राहियों को पोषण एवं प्रोटीन युक्त आहार के महत्व की जानकारी दी गई। इसमें किशोरी बालिकाओं, गर्भवती महिलाओं एवं उपस्थित महिलाओं को संतुलित एवं विविध आहार के संबंध में जागरूक किया गया।
आयुर्वेद के दृष्टिकोण से उचित मात्रा में गर्म, सुपाच्य एवं हितकर आहार लेने तथा भोजन में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, वसा, विटामिन एवं खनिज पदार्थों का संतुलित समावेश रखने की जानकारी दी गई। साथ ही स्थानीय एवं आसानी से उपलब्ध दाल, चना, मूंग, सोयाबीन, दूध-दही एवं मूंगफली जैसे प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
माध्यमिक विद्यालय बर्डीया जागीर में विद्यार्थियों को नशा मुक्ति के संबंध में भी जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। नशे के कारण स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार एवं सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में समझाया गया तथा विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने हेतु जागरूक किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में पंचायत सदस्य, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. आबिद खान, कंपाउंडर गोपाल कृष्ण गंधर्व, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सहायिका, पूर्णेश राठौर ए.एन.एम., माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
–00–
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की समीक्षा
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
नीमच, 15 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कमिश्नर्स एवं कलेक्टर्स के साथ सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की योजनाओं से मध्यप्रदेश को सर्वाधिक लाभ मिला है। अभियान के अंतर्गत होने वाली प्रत्येक गतिविधि का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान चलेगा तथा 17 सितंबर को अभियान के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन पर केंद्र सरकार की योजनाओं से निर्मित बड़े निर्माण कार्यों एवं लाभान्वित हितग्राहियों के घरों में ‘आशीर्वाद के दीप’ जलाए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 500 दीपक अवश्य जलाए जाएं। इसी दिन रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के लिए कार्ययोजना के अनुसार सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करें तथा इसमें जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। कलेक्टर्स अपने जिले के प्रभारी मंत्री से परामर्श कर अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों को अंतिम रूप दें।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों के वीडियो, फोटो एवं अन्य जानकारियों को पोर्टल पर दर्ज करने के लिए अलग से टीम तैनात की जाए। उज्जैन में शिप्रा के तट पर 26 लाख से अधिक दीपक जलाए जाएंगे, जिसके लिए भी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वीडियो कांफ्रेसिंग के दौरान एनआईसी कक्ष नीमच में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव सहित अन्य अधिकारी उपस्थिति रहे।
–00–
अवैध शराब से संबंधित सूचना आबकारी नियंत्रण कक्ष को दें
नीमच, 15 सितम्बर 2026। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार आबकारी विभाग नीमच द्वारा जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि जिले में कहीं भी अवैध शराब से संबंधित विक्रय, परिवहन, संग्रहण अथवा मूल्य आदि से जुड़ी कोई सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आबकारी विभाग को उपलब्ध कराएं।
विभाग ने बताया कि प्राप्त सूचनाओं पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नागरिक आबकारी नियंत्रण कक्ष के प्रभारी श्री बी.एल. सिंगाडा, सहायक जिला आबकारी अधिकारी, नीमच के मोबाइल नंबर 9630826396 पर सूचना दे सकते हैं।
आबकारी विभाग ने जिलेवासियों से अवैध शराब से संबंधित गतिविधियों की जानकारी तत्काल साझा कर सहयोग करने की अपील की है।
–00–
जिले में अब तक औसत 652.0 मि.मी. वर्षा दर्ज
नीमच 15 सितम्बर 2026, जिले में चालू वर्षाकाल के दौरान अब तक औसत 652.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में जिले में औसत 1111.4 मि.मी. वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।
अधीक्षक भू-अभिलेख, नीमच से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 से 15 सितंबर 2026 की प्रातः 8 बजे तक जिले की चारों तहसीलों में वर्षा का विवरण इस प्रकार है- नीमच में 699.0 मि.मी., जावद में 623.0 मि.मी., सिंगोली में 727.1 मि.मी. तथा मनासा में 559.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इसी अवधि में नीमच में 1054.0 मि.मी., जावद में 1115.0 मि.मी., सिंगोली में 1334.9 मि.मी. तथा मनासा में 942.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई थी।
इसी प्रकार, 15 सितंबर 2026 को प्रातः 8 बजे तक बीते 24 घंटों में जिले में औसतन 16.4 मि.मी.वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान नीमच तहसील में 24.5 मि.मी., जावद में 26.0 मि.मी. मनासा में 7.0 मि.मी. तथा सिंगोली में 8.2 मि.मी.वर्षा दर्ज नहीं हुई।
–00–



