दो साल से अलग रह रहे पति-पत्नी फिर हुए एक, लोक अदालत ने बसाया घर

दो साल से अलग रह रहे पति-पत्नी फिर हुए एक, लोक अदालत ने बसाया घर
असलम खान – संस्कार दर्शन न्यूज, खाचरौद जिला उज्जैन
खाचरौद। तहसील विधिक सेवा समिति खाचरौद के तत्वावधान में शनिवार को न्यायालय परिसर में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत का शुभारंभ प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश नीतूकांता वर्मा, द्वितीय जिला न्यायाधीश नीरज शर्मा, व्यवहार न्यायाधीश शैफाली सिंह एवं निर्मला पटेल सहित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित एवं सरस्वती पूजन कर किया।
खाचरौद न्यायालय में दो वर्षों से लंबित पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद का नेशनल लोक अदालत में सुखद पटाक्षेप हुआ। आपसी मतभेद और मनमुटाव के चलते न्यायालय की चौखट तक पहुंचे दंपती के बीच सुलह कराकर एक बार फिर परिवार को जोड़ने का सफल प्रयास किया गया।
पिछले दो वर्षों से घरेलू हिंसा सहित विभिन्न मामलों को लेकर न्यायालय की चौखट पर पहुंचे पति-पत्नी के बीच आखिरकार नेशनल लोक अदालत ने समझौते की राह खोल दी। खाचरौद निवासी हसन अली एवं उनकी पत्नी शाइस्ता पिछले दो साल से अलग रह रहे थे और उनके प्रकरण खाचरौद न्यायालय में विचाराधीन थे।
लोक अदालत के दौरान दोनों पक्षों को समझाइश दी गई। हसन अली की ओर से अधिवक्ता मोहम्मद सादिक शाह ने भी दोनों पक्षों को आपसी मतभेद भुलाकर वैवाहिक जीवन पुनः शुरू करने के लिए समझाया। समझाइश के बाद दोनों पति-पत्नी साथ रहने और अपना जीवन एक-दूसरे के साथ खुशी-खुशी बिताने के लिए सहमत हो गए।
दोनों पक्षों की सहमति से प्रकरणों में राजीनामा हुआ। इस अवसर पर उपस्थित न्यायाधीशगण ने पति-पत्नी को एक-दूसरे को माला पहनवाई और उज्ज्वल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। लोक अदालत की इस पहल से दो साल से अलग रह रहे दंपती फिर साथ आए और एक टूटता परिवार दोबारा बस गया।


