अफजलपुर पुलिस ने नाकाबंदी कर पकड़ा, 26 लाख रुपए की एमडी ड्रग्स सहित मादक पदार्थ जब्त

अफजलपुर पुलिस ने नाकाबंदी कर पकड़ा, 26 लाख रुपए की एमडी ड्रग्स सहित मादक पदार्थ जब्त
अफजलपुर- थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 260 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 26.10 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को थाना अफजलपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हल्के नीले रंग की टी-शर्ट और नीले रंग की लोअर पहने हुए विमल के झोले में मादक पदार्थ लेकर पलवई फंटे से कहीं जाने वाला है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक विकास गेहलोत ने पुलिस टीम गठित कर पलवई फंटे पर नाकाबंदी करवाई।
नाकाबंदी के दौरान मुखबिर के बताए हुलिए का एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम और पंचों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुख्तयार अहमद खान (50), निवासी नीम चौक के पीछे सागर पेशा, जावरा शहर, जिला रतलाम बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी की लोअर की जेब से प्लास्टिक की थैली में 260 ग्राम एमडी ड्रग्स तथा उसके हाथ में मौजूद विमल के झोले से 5 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना अफजलपुर में धारा 8/15, 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थों के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में अफजलपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक विकास गेहलोत एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



