
मंगेतर से मिलकर लौट रहे तीन युवकों पर हमले में मारपीट व पथराव में दो की मौत टीआई बोलीं- बाइक का बैलेंस बिगड़ने से हादसा हुआ
सैलाना क्षेत्र में बुधवार रात दोस्तों के साथ मंगतेर से मिलकर घर लौट रहे बाइक पर सवार तीन युवकों पर पत्थर व लाठियों से हमला हो गया। मारपीट में दो युवकों की मौत हो गई। एक साथी घायल है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना में मौत हुई है। हादसा सैलाना थाने के भेरुघाटा के पास का है। घायल करण (17) पिता मनसुख मईडा निवासी धभाईखेड़ी (अडवानिया) ने बताया कि वह अपने साथी रमेश (18) पिता वरसिंह भाभर एवं गोपाल (16) पिता गोवर्धन चरपोटा के साथ रमेश की मंगेतर से मिलने दौलतपुरा गांव गए थे। करण के अनुसार, वापसी में घर आते समय भैरूघाटा के पास सड़क किनारे 10 से 12 बच्चों ने हम पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। गाड़ी की स्पीड बढ़ाई तो आगे कुछ लोगों ने पत्थर एवं लाठियां बरसाना शुरू कर दी। जैसे तैसे अपनी जान बचाकर वहां से भागे। कुछ दूरी पर जाकर डायल 112 को सूचना दी। घटना में रमेश एवं गोपाल को सिर में गंभीर चोटें आई। डायल 112 से सैलाना लाते समय रास्ते में रमेश की मौत हो गई। गोपाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान मौत हो गई। करण घायल है।
टीआई बोलीं- दुर्घटना में मौत
सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया रात में 112 पर दुर्घटना का इवेंट आया था। पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से घायलों को लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। जिसमें से दो की मौत हो गई। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर जानकारी सामने आई कि बाइक सवार काफी स्पीड में थे। इनका बैलेंस बिगड़ने से पशु बांधने की टापरी (झोपड़ी) में जा घुसे। चोट आने के कारण उससे मौत हो हुई है। घायल के जो भी तथ्य होंगे उन बिंदुओं पर जांच की जाएगी।



