खाचरौद में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का भव्य आयोजन, धूमधाम से निकला जुलूस

खाचरौद में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का भव्य आयोजन, धूमधाम से निकला जुलूस

खाचरौद। शहर में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व बड़े ही उत्साह, उमंग और धार्मिक माहौल के बीच धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शहर में भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। जुलूस के दौरान पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
जुलूस की शुरुआत सात सवार क्षेत्र से हुई। इसके बाद जुलूस जुना शहर, पुराना थाना, चबूतरा चौराहा होते हुए रतलाम रोड के रास्ते बागपुर पहुंचा। यहां से जुलूस पुनः पुराना थाना होते हुए रावत पथ पहुंचा, जहां जुलूस का समापन किया गया।
जुलूस में बैंड बाजे के साथ मोटरसाइकिल, कार, बग्गी सहित विभिन्न वाहन शामिल रहे। वाहनों पर सवार समाजजन उत्साह के साथ जुलूस में शामिल हुए। जुलूस के गुजरने के दौरान शहर के बाजार और प्रमुख मार्गों पर लोगों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से स्वागत किया और जगह जगह खाने पीने की चीजें भी बाटी गई। स्वागत के दौरान आपसी भाईचारे और सौहार्द की भावना दिखाई दी।
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के इस जुलूस में शहर के काजी गुलजार मोइनुद्दीन साहब भी शामिल हुए, जिससे आयोजन में धार्मिक गरिमा और बढ़ गई। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण शहर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस बल ने पूरे जुलूस मार्ग पर निगरानी बनाए रखी और यातायात तथा सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित रखने में भूमिका निभाई।
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर आयोजित इस भव्य जुलूस ने शहर में धार्मिक उत्साह, आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।



