गांजे की अवैध खेती का खुलासा: खाचरौद पुलिस ने 14 पौधे सहित 26 किलो 96 ग्राम गांजा किया जब्त

गांजे की अवैध खेती का खुलासा: खाचरौद पुलिस ने 14 पौधे सहित 26 किलो 96 ग्राम गांजा किया जब्त
असलम खान – संस्कार दर्शन न्यूज, खाचरौद जिला उज्जैन
कुटिया के पास अन्य पेड़-पौधों की आड़ में उगा रखे थे गांजे के पौधे, इंदौर निवासी आरोपी गिरफ्तार
खाचरौद। मध्यप्रदेश शासन, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान एवं अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई के तहत खाचरौद पुलिस ने गांजे की अवैध खेती करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14 नग गांजे के पौधे एवं 1 किलो 626 ग्राम सूखी गांजे की पत्तियां, कुल 26 किलो 96 ग्राम वजनी, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 60 हजार 960 रुपये है, जब्त की हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक उज्जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करणदीप सिंह एवं एसडीओपी आकांक्षा बेछोटे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया एवं पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर दी दबिश
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को थाना खाचरौद पर मुखबिर से सूचना मिली थी कि बुरानाबाद जंगल में सगस बाबजी मंदिर के पास बनी एक टापरी के आसपास आरोपी ने अपने कब्जे वाली जमीन पर अन्य पेड़-पौधों की आड़ में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रखे हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर तत्काल मौके पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान आरोपी की टापरी से 1 किलो 626 ग्राम सूखी गांजे की पत्तियां तथा जमीन पर लगे 14 नग गांजे के पौधे बरामद किए गए। जब्त मादक पदार्थ की कुल मात्रा 26 किलो 96 ग्राम बताई गई है, जिसकी कीमत करीब 2,60,960 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।
इंदौर का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल सौराष्ट्रीय पिता राजेन्द्र सिंह सौराष्ट्रीय, उम्र 38 वर्ष, निवासी सागर विहार कॉलोनी, सुखलिया, थाना हीरानगर, जिला इंदौर, हाल मुकाम सगस बाबजी मंदिर के पास बनी कुटिया, ग्राम बुरानाबाद जंगल, थाना खाचरौद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड निरंक है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक धनसिंह नलवाया, उप निरीक्षक अमित डामर, उप निरीक्षक ईश्वर जोशी, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह बैस, महेन्द्र राडोदिया, जितेन्द्र दिवाकर, आरक्षक मनीष विश्वकर्मा, संजय राणा, नारायण सरा, प्रवीण कुशवाह, जितेन्द्र सिंह सेंगर, ईश्वरसिंह, रवि बैरागी एवं राजेश सोयल की विशेष भूमिका रही।
खाचरौद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की खेती, संग्रहण एवं तस्करी करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।



