
जावरा के पैराडाइज वैली में दर्दनाक हादसा, दो शिक्षक और एक छात्र की डूबने से मौत..
जावरा। रविवार दोपहर रतलाम शहर से करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित पैराडाइज वैली पिकनिक स्पॉट पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। पानी में डूबने से दो शिक्षकों और एक छात्र की मौत हो गई, जबकि एक छात्रा को सुरक्षित बचा लिया गया। छात्रा को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार जावरा के त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल से जुड़े शिक्षक प्रिंस मोदी, शिक्षक विजय सिंह राठौर और कक्षा 7वीं के छात्र हर्षित पाटीदार पैराडाइज वैली में हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि पानी में डूबने के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अमले ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला गया और जानकारी के मुताबिक हादसे में एक बच्ची घायल हुई, जिसे मौके पर मौजूद पत्रकार साथियों द्वारा बाइक से तत्काल जिला अस्पताल रतलाम पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रिंस मोदी (22), विजय सिंह राठौर (42) और हर्षित पाटीदार (12) को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में एक छात्रा को बचा लिया गया, जिसका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल परिवार में भी मातम पसरा हुआ है। एक साथ दो शिक्षकों और एक छात्र की मौत की घटना से पूरे जावरा क्षेत्र में गहरा दुख और सदमा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया और मामले की जानकारी जुटाई और जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ तथा तीनों पानी में कैसे डूबे, इसकी विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।


