तीतरोद में कथित अवैध सट्टे का कारोबार

तीतरोद में कथित अवैध सट्टे का कारोबार
तीतरोद -सीतामऊ क्षेत्र में लंबे समय से कथित रूप से चल रहे अवैध सट्टे के कारोबार को लेकर सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों में चिंता बढ़ती जा रही है। आरोप है कि कस्बे के मुख्य बाजार, आजाद चौक, बस स्टैंड एवं मंदसौर रोड सहित कुछ क्षेत्रों में खुलेआम सट्टा गतिविधियां संचालित हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सट्टे के कारण युवा पीढ़ी के साथ-साथ बुजुर्ग भी आर्थिक नुकसान की चपेट में आ रहे हैं। कई परिवारों की जमीन-जायदाद एवं लाखों रुपये तक दांव पर लगने की बातें सामने आ रही हैं। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि राजनीतिक संरक्षण और कुछ स्थानीय प्रभावशाली लोगों की मिलीभगत के चलते अवैध सट्टे एवं अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संगठन ने पुलिस एवं प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि यदि अवैध सट्टा एवं शराब के संबंध में फोटो, वीडियो या अन्य ठोस प्रमाण सामने आते हैं, तो उन्हें जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जाएगी। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने युवाओं से भी अपील की है कि वे जाति और धर्म भेद भाव से ऊपर उठकर शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय, भाईचारे और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाएं इस देश में सभी को पूरी आजादी है तथा सट्टा, अवैध शराब एवं अन्य नशे जैसी गतिविधियों से दूर रहें। संगठन ने जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से सीतामऊ और तीतरोद में कथित अवैध सट्टे तथा अवैध शराब के कारोबार की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।



