समाचार मध्यप्रदेश नीमच 16 अगस्त 2026 रविवार

/////////////////////////////////////
मशाल की रोशनी से जगमगाया नीमच, विहिप बजरंग दल ने निकाली मशाल यात्रा अखंड भारत बनाने का लिया संकल्प
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल द्वारा नीमच जिले के जिला मुख्यालय नीमच प्रखंड पर विशाल मशाल यात्रा निकाली, जानकारी देते हुए नीमच प्रखंड मंत्री नितिन बागड़ी ने बताया कि मशाल यात्रा बारादरी से शुरू होकर घंटाघर, जाजू बिल्डिंग, पुस्तक बाजार, भारत माता चौराहा, प्लैटिनम चौराहा से घूमकर कमल चौक फवारा चौक होती हुई पुनः बारादरी पर पहुंची ।कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने ध्वजारोहण कर ली भव्य परेड की सलामी
गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में नीमच जिले में समारोहपूर्वक मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
नीमच, 15 अगस्त 2026। देश एवं प्रदेश के साथ ही नीमच जिले में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में समारोहपूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालय नीमच स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के साथ खुली सफेद जिप्सी में सवार होकर भव्य परेड का निरीक्षण किया तथा परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल से प्रदेश की जनता के नाम दिए गए संदेश का सीधा प्रसारण मुख्य समारोह स्थल पर चार बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंच से जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बधाई संदेश का वाचन किया तथा जिले की उपलब्धियों और विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।
आकर्षक मार्चपास्ट ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में सीआरपीएफ एवं जिला पुलिस के बैंड की मधुर राष्ट्रीय धुनों के बीच तीन हर्ष फायर किए गए। परिवीक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षक एवं परेड कमांडर सुश्री दिव्या चंद्रवंशी तथा उप कमांडर सूबेदार श्री सुरेंद्र सिसोदिया के नेतृत्व में मार्चपास्ट परेड ने मुख्य अतिथि को सलामी दी।
परेड में उप निरीक्षक श्री अंकित के नेतृत्व में सीआरपीएफ प्लाटून, उप निरीक्षक श्री बलराम सेनार्थी के नेतृत्व में एसएएफ प्लाटून, उप निरीक्षक श्री प्रभु दयाल डोडियार के नेतृत्व में जिला पुलिस बल पुरुष, उप निरीक्षक श्रीमती सपना राठौर के नेतृत्व में जिला महिला पुलिस बल, सहायक उप निरीक्षक श्री दीपक कुमार बैरसी के नेतृत्व में होमगार्ड प्लाटून, वन रक्षक श्री कोमल सिंह चंद्रावत के नेतृत्व में वन विभाग प्लाटून तथा सीनियर अंडर ऑफिसर सुश्री लकी पारवानी के नेतृत्व में एन.सी.सी. सीनियर दल ने कदम से कदम मिलाकर आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। स्काउट, गाइड, रेडक्रॉस एवं शौर्य दल की प्लाटून ने भी परेड में सहभागिता की।
परेड एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के विजेता हुए सम्मानित
सशस्त्र समूह में सीआरपीएफ प्लाटून को प्रथम, जिला पुलिस बल पुरुष प्लाटून को द्वितीय तथा जिला पुलिस बल महिला प्लाटून को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। गैर-सशस्त्र समूह में शौर्य दल को प्रथम, शासकीय उत्कृष्ट उमावि क्रमांक-2 रेडक्रॉस नीमच एवं सांदीपनि विद्यालय गाइड दल को संयुक्त रूप से द्वितीय तथा सांदीपनि विद्यालय एनसीसी दल को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता दलों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नीमच को प्रथम, सांदीपनि विद्यालय नीमच को द्वितीय तथा स्प्रिंगवुड स्कूल नीमच को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्मेल कान्वेंट स्कूल, सांदीपनि विद्यालय, शासकीय उत्कृष्ट उमावि, स्प्रिंगवुड स्कूल एवं हेमंत मूकबधिर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। हेमंत मूकबधिर विद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘देश रंगीला’ देशभक्ति गीत पर विशेष प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा। विभिन्न विद्यालयों के करीब 500 विद्यार्थियों ने सामूहिक पीटी प्रदर्शन भी किया।
94 उत्कृष्ट प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
समारोह में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास एवं विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार ने जिला प्रशासन की ओर से लोकतंत्र रक्षकों एवं उनके परिजनों को ताम्रपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उत्कृष्ट कार्यों के लिए कुल 94 अधिकारी-कर्मचारियों, पुलिस जवानों, छात्र-छात्राओं एवं खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में देहदान एवं अंगदान करने वाले महानुभावों के परिजनों को भी शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य समारोह की शुरुआत में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों को जिले में हुए नवाचारों एवं विकास कार्यों पर आधारित विकास पुस्तिका भी वितरित की गई।
शहीद स्मारक पर अर्पित की पुष्पांजलि
मुख्य समारोह से पूर्व कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सखलेचा, मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जनसिंह चौहान, जनपद अध्यक्ष श्रीमती शारदाबाई धनगर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा, श्रीमती वंदना खंडेलवाल, पार्षदगण, डीएफओ श्री एस.के. अटोदे, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन सहित जिला अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण, गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश पाटीदार एवं सुश्री मंजूला धीर ने किया।
==========
स्वतंत्रता दिवस पर विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए विशेष भोज आयोजित
विधायक, कलेक्टर एवं एसपी ने संदीपनी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ किया भोजन
नीमच, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विशेष भोज का आयोजन किया गया। विशेष भोज में विद्यार्थियों को पूरी, सब्जी, खीर एवं लड्डू परोसे गए।
नीमच कैंट स्थित संदीपनी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विशेष भोज में नीमच विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए।
अतिथियों ने विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ बैठकर विशेष भोज का भोजन ग्रहण किया और विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद भी किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं उल्लास देखने को मिला।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में नोडल जिला अधिकारियों की उपस्थिति में विशेष भोज आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन ग्रहण किया। विशेष भोज के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा करना तथा उनमें राष्ट्रीय पर्व के प्रति उत्साह एवं सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना रहा।
=========
कलेक्ट्रेट नीमच में कलेक्टर श्री चंद्रा ने किया ध्वजारोहण
नीमच, 15 अगस्त 2026। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थाओं, नगरीय निकायों, जनपदों एवं ग्राम पंचायतों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित शासकीय कार्यालय भवनों, सार्वजनिक भवनों एवं राष्ट्रीय स्मारकों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। कलेक्टोरेट भवन, नीमच में आयोजित समारोह में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। पुलिस की टुकड़ी ने कलेक्टर श्री चंद्रा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बी.एस.कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री मयूरी जोक, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री श्रुति भयड़िया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के तहसील एवं जनपद मुख्यालयों, नगरीय निकायों तथा ग्राम पंचायतों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए और राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई।
========



