डॉक्टर से 5 लाख की रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार, एक महीने से था फरार

डॉक्टर से 5 लाख की रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार, एक महीने से था फरार
मंदसौर। डॉक्टर के घर और अस्पताल में घुसकर 5 लाख रुपए की कथित अवैध मांग करने तथा रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब एक महीने से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को डॉ. योगेन्द्र कोठारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि लोकेश पिता दशरथ भांभी, निवासी ग्राम रलायता, उनके घर और अस्पताल में जबरन घुसा और 5 लाख रुपए की मांग की। रुपए नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने और गाली-गलौज करने का भी आरोप है।
मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। करीब एक माह तक फरार रहने के बाद पुलिस को मुखबिर से आरोपी के 10 नंबर नाके क्षेत्र में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।



