समाचार मध्यप्रदेश नीमच 10 अगस्त 2026 सोमवार

/////////////////////////////
प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के नीमच आगमन पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया आत्मीय स्वागत
नीमच, 09 अगस्त 2026। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा नीमच जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के रविवार को नीमच आगमन पर विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक नीमच श्री दिलीप सिंह परिहार, विधायक मनासा श्री अनिरुद्ध मारू,कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने आत्मीय स्वागत किया।
===========
जिले में अब तक औसत 351.1 मि.मी. वर्षा दर्ज
नीमच 9 अगस्त 2026, जिले में चालू वर्षाकाल के दौरान अब तक औसत 351.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में जिले में औसत 724.3 मि.मी. वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।
अधीक्षक भू-अभिलेख, नीमच से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 से 9 अगस्त 2026 की प्रातः 8 बजे तक जिले की चारों तहसीलों में वर्षा का विवरण इस प्रकार है- नीमच में 416.5 मि.मी., जावद में 278.0 मि.मी., मनासा में 321.0मि.मी. तथा सिंगोली में 389.1 मि.मी. तथा मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इसी अवधि में नीमच में 659.0 मि.मी., जावद में 736.0 मि.मी., मनासा में 538.0 मि.मी. तथा सिंगोली में 964.3 मि.मी. तथा वर्षा दर्ज की गई थी।
इसी प्रकार, 9 अगस्त 2026 को प्रातः 8 बजे तक बीते 24 घंटों में जिले में औसतन 3.0 मि.मी.वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान नीमच तहसील में 12.0 मि.मी., वर्षा दर्ज की गई तथा जावद, मनासा तथा सिंगोली में वर्षा दर्ज नही हुई।
==========
घी की गुणवत्ता जांच के लिए खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई, 2.32 लाख का घी जप्त
नीमच, 9 अगस्त 2026। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश भोपाल तथा कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार एवं खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा शनिवार को वीर पार्क रोड स्थित अग्रवाल संस घी डीलर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में मानव उपभोग के लिए विक्रय हेतु श्रीमूल ब्रांड के विभिन्न पैकिंग में शुद्ध घी एवं गाय का घी भंडारित पाया गया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानक स्तर की जांच के लिए टीम द्वारा श्रीमूल ब्रांड के घी के कुल 8 नमूने लिए गए। लिए गए नमूनों में श्रीमूल गाय का घी एवं शुद्ध घी की 1 लीटर, 500 एमएल, 200 एमएल तथा 15 किलोग्राम टीन पैकिंग सहित 5 किलोग्राम पैकिंग के नमूने शामिल हैं।
नमूना कार्रवाई के उपरांत शेष घी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत अधिग्रहित कर जप्त किया गया तथा विधिवत सीलबंद किया गया। जप्त किए गए घी की कुल मात्रा लगभग 179 लीटर एवं 302 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 32 हजार रुपये है।
खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा लिए गए सभी 8 नमूने मानक स्तरों की जांच के लिए खाद्य विश्लेषक, राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक संबंधित खाद्य पदार्थ का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। विगत कुछ दिनों में घी के कुल 15 नमूने लिए जा चुके हैं तथा लगभग 5 लाख रुपये से अधिक मूल्य का घी जप्त किया गया है।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानकों की जांच के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजू सोलंकी, श्री यशवंत कुमार शर्मा एवं खाद्य सुरक्षा टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
===============



