पंजाब के ‘बंटी-बबली’ का मंदसौर में बड़ा खेला, पोस्तदाना खरीदने और भारी मुनाफा कमाने का झांसा देकर लोगों से लेते रहे नगद राशि लाखों लेकर हो गए रफूचक्कर..

पंजाब के ‘बंटी-बबली’ का मंदसौर में बड़ा खेला,पोस्तदाना खरीदने और भारी मुनाफा कमाने का झांसा देकर लोगों से लेते रहे नगद राशि लाखों लेकर हो गए रफूचक्कर..
दलौदा।फिल्म ‘बंटी और बबली’ की तर्ज पर ठगी करने वाले एक शातिर दम्पति ने मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के दलौदा क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। दलौदा के वीआईपी इलाके पद्मिनी विहार में पिछले करीब 18 महीनों से किराए के मकान में रह रहे पति-पत्नी रातों-रात गायब हो गए हैं.।
जानकारी अनुसार दलौदा के पद्मिनी विहार में करीब 18 माह से किराए के मकान में निवासरत पति-पत्नी पर लोगों से पैसे लेने और पोस्तदाना खरीदने के नाम पर लाखों रुपये की चपत लगाने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि दोनों मंडी में व्यापार करने की बात कहकर लोगों से रकम लेते थे। अब दोनों के अचानक गायब होने के बाद लोगों ने दलौदा थाने पहुंचकर आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
आरोप है कि यह दम्पति स्थानीय लोगों और व्यापारियों को करीब 80 से 90 लाख रुपये का तगड़ा चूना लगाकर रफूचक्कर हो गया है। जैसे ही दोनों के भागने की खबर फैली, इलाके में हड़कंप मच गया और पीड़ितों की भीड़ दलौदा थाने पर जमा हो गई।
जेल काट चुके हैं दोनों, साख बनाकर जाल में फंसाया:-
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, फरार पति-पत्नी मूल रूप से पंजाब के रहने वाले हैं और पिछले 2-3 साल से दलौदा क्षेत्र में अपने पैर पसार रहे थे। चौंकाने वाली बात यह है कि यह दम्पति पहले भी किसी मामले में जेल की हवा खा चुका है।
जेल से छूटने के बाद इन्होंने दलौदा को अपना नया ठिकाना बनाया। यहां के स्थानीय लोगों और कृषि उपज मंडी के व्यापारियों में पैठ बनाने के लिए इन्होंने खुद को बड़ा कारोबारी दिखाना शुरू किया। शुरुआत में लेन-देन सही रखकर लोगों का भरोसा जीता और फिर शुरू हुआ ठगी का असली खेल।
पोस्तदाना के नाम पर झोंकी आंखों में धूल:-
– वे कहते थे कि मंडी में पोस्तदाना (खसखस) का बड़ा व्यापार करना है। भारी मुनाफे का लालच देकर उन्होंने हमसे लाखों रुपये ऐंठ लिए। अब न उनका फोन लग रहा है और न ही घर पर कोई है।
— एक पीड़ित व्यापारी (नाम न छापने की शर्त पर)
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, दोनों पति-पत्नी मंडी में पोस्तदाना खरीदने और भारी मुनाफा कमाने का झांसा देकर लोगों से नकद रकम उठाते थे। दलौदा और आसपास के कई लोगों ने इनके झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई इनके हवाले कर दी। जब रकम 80 से 90 लाख रुपये के पार पहुंच गई, तो बंटी-बबली ने अपना बोरिया-बिस्तर समेटा और रफूचक्कर हो गए।
थाने पहुंचे पीड़ित, पुलिस जांच में जुटी:-
दम्पति के अचानक गायब होने और मोबाइल बंद आने के बाद पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ। आनन-फानन में भारी संख्या में लोग दलौदा थाने पहुंचे और लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पुलिस का क्या कहना है:–
दलौदा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें लाखों रुपये की धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं। पंजाब के इस दम्पति के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, हालांकि पूरी स्थिति विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
अब देखना यह है कि खाकी इन शातिर ठगों के गिरेबां तक कब तक पहुंच पाती है, या फिर यह ‘बंटी-बबली’ पुलिस की आंखों में भी धूल झोंकने में कामयाब रहेंगे।


