पालसोड़ा के किसानों को वर्ष 2025 खरीफ फसल (सोयाबीन) की बीमा राशि दिलाने हेतु सरपंच ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

पालसोड़ा के किसानों को वर्ष 2025 खरीफ फसल (सोयाबीन) की बीमा राशि दिलाने हेतु सरपंच ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
पालसोड़ा- ग्राम पंचायत पालसोड़ा (जनपद पंचायत नीमच) की सरपंच श्रीमती संगीता रामनारायण जाट ने नीमच विधायक श्रीमान् दिलीपसिंह जी परिहार को एक आवेदन पत्र सौंपकर वर्ष 2025 की खरीफ फसल (सोयाबीन) की बीमा राशि किसानों को शीघ्र दिलाए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत पालसोड़ा के पटवारी हल्का नंबर 18 क्षेत्र में वर्ष 2025 में खरीफ की सोयाबीन फसल को भारी नुकसान पहुंचा था। शासन द्वारा इसका आंकलन भी कराया गया था, जिसमें किसानों को बेहद कम पैदावार प्राप्त हुई थी। तत्पश्चात शासन द्वारा राहत राशि का वितरण भी किया गया था और यह आश्वासन दिया गया था कि भारी नुकसान के चलते सभी पीड़ित किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा।
सरपंच श्रीमती संगीता जाट एवं ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में बीमा कंपनियों द्वारा पटवारी हल्का नंबर 18 के सभी पात्र किसानों को फसल बीमा के लाभ से वंचित कर दिया गया है, जिससे किसानों में गहरी निराशा और रोष व्याप्त है।
ग्राम पंचायत द्वारा विधायक जी से पुरजोर निवेदन किया गया है कि वे इस विषय में संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों एवं बीमा कंपनी से बात करें तथा पटवारी हल्का नंबर 18 के सभी प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द फसल बीमा का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।

