सुवासरा में सड़क निर्माण को लेकर बढ़ा तनाव: एक तरफ चक्काजाम, दूसरी तरफ एफआईआर की मांग

सुवासरा में सड़क निर्माण को लेकर बढ़ा तनाव: एक तरफ चक्काजाम, दूसरी तरफ एफआईआर की मांग
सुवासरा- नगर के तहसील रोड से पुराने बस स्टैंड मार्ग पर प्रस्तावित सीसी रोड निर्माण को लेकर स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब मोहर्रम के पारंपरिक जुलूस मार्ग पर निर्माण कार्य का विरोध शुरू हो गया। प्रशासन द्वारा आयोजित बैठक में मुस्लिम समाज को निर्माण कार्य की जानकारी देते हुए वैकल्पिक मार्ग अपनाने का सुझाव दिया गया था। हालांकि, वर्षों पुराने पारंपरिक रूट से ही जुलूस निकालने की मांग पर अड़े समाज के लोगों ने इस सुझाव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया, जिससे विवाद गहरा गया।सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी, एक घंटे ठप रहा यातायात
सोमवार को मोहर्रम मार्ग में आ रहे अवरोधों से नाराज मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुराना बस स्टैंड पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रिंस सूर्यवंशी और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल जैन के समर्थन से स्थिति और गरमा गई।
करीब 1 घंटे तक चले प्रदर्शन से पुराना बस स्टैंड पर चक्काजाम के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रशासनिक मध्यस्थता से हटे अवरोध, आवागमन बहाल
चक्काजाम की सूचना मिलते ही सुवासरा थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह बघेल और तहसीलदार सुनील पिडियार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रशासन की कार्रवाई: अधिकारियों ने प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सामाजिक व राजनीतिक प्रतिनिधियों से सीधी वार्ता की। मोहर्रम मार्ग में बाधा बन रही सड़क निर्माण की मशीनों व अवरोधकों को तुरंत हटाने के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त किया और आवागमन सुचारू हो सका।
सर्व हिंदू समाज ने घेरा थाना, ज्ञापन सौंपा।
चक्काजाम की इस घटना के विरोध में सर्व हिंदू समाज ने कड़ा रुख अपनाते हुए सुवासरा थाने का घेराव किया और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। सर्व हिंदू समाज ने पुलिस-प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखीं:
निर्माण कार्य चालू हो: शासकीय मार्ग पर चल रहे सीसी रोड निर्माण को बिना रुकावट तत्काल शुरू कराया जाए।
शासकीय कार्य में बाधा डालने और सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने वालों पर सख्त एफआईआर दर्ज हो।
निर्माण कार्य को पर्याप्त पुलिस सुरक्षा के बीच पूरा कराया जाए।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि मार्ग अवरुद्ध होने से आम नागरिकों के साथ-साथ वर्तमान में जारी कांवड़ यात्रा के श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
चेतावनी: सर्व हिंदू समाज ने स्पष्ट किया कि यदि शासकीय कार्य में अड़चन डालने वाले दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज द्वारा उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रशासन की मुस्तैदी से टला बड़ा विवाद
स्थानीय राजनीति और कुछ गैर-जिम्मेदाराना बयानों के कारण नगर का माहौल बिगड़ने की पूरी आशंका थी। हालांकि, समय रहते पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सतर्कता, समझाइश और त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में आ गई और एक बड़ा विवाद टल गया।
क्या कहते हे जिम्मेदार
मुस्लिम समाज के मोहर्रम पर्व के कारण फिलहाल रोड़ बनाने वाली मशीन मार्ग से हटवा दी हे। वरिष्ठ अधिकारियो को मामले के बारे मे अवगत करवा दिया गया हे। अब आगे से जैसे भी निर्देश मिलेंगे। वैसी कार्यवाहि की जाएगी।
– सुनील परिहार तहसीलदार सुवासरा


