नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 02 अगस्त 2026 रविवार

//////////////////////////////////

जनसुनवाई में प्राप्त रास्ता विवाद शिकायत का मौके पर कराया गया शांतिपूर्ण निराकरण

नीमच, 1 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण की दिशा में राजस्व विभाग द्वारा सतत कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम विश्‍निया में आवागमन के रास्ते से संबंधित विवाद का मौके पर ही उभय पक्षों की आपसी सहमति से सफलतापूर्वक समाधान कराया गया।

अतिरिक्त तहसीलदार, नीमच ग्रामीण के न्यायालय में प्रकरण क्रमांक 0004/अ-13/2026-27 के अंतर्गत ग्राम विश्‍निया निवासी विष्णु पिता नारायण एवं नारायण पिता रामलाल, दोनों जाति दमामी, द्वारा प्रस्तुत आवेदन के आधार पर ग्राम विश्‍निया स्थित सर्वे नंबर 861, रकबा 0.21 हेक्टेयर की भूमि पर आवागमन के मार्ग से संबंधित विवाद के निराकरण हेतु राजस्व विभाग का दल गठित किया गया।

गठित दल ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर भूमि का निरीक्षण, सीमांकन एवं आवश्यक राजस्व कार्रवाई की। इसके पश्चात दोनों पक्षों से चर्चा कर आपसी सहमति बनाई गई और रास्ते से संबंधित विवाद का सर्वसम्मति से शांतिपूर्ण समाधान कराया गया।

मौके पर हुए इस समाधान से संबंधित कृषकों के लिए आवागमन का मार्ग सुगम हो गया। साथ ही, न्यायालय में लंबित प्रकरण का भी सौहार्दपूर्ण निराकरण सुनिश्चित हुआ। यह कार्रवाई जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के संवेदनशील, समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

=======

मनोकामना महादेव मंदिर उद्यान में विद्यार्थियों द्वारा  पौधोंरोपण कर लिया  सुरक्षा का संकल्प


नीमच 31 जुलाई (केबीसी न्यूज़)। सावन मास के पावन उपलक्ष्य में   168 वर्ष पुराने प्राचीन मनोकामना महादेव मंदिर परिसर में पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से शनिवार सुबह 9 बजे मुक्तिधाम स्थित मनोकामना महादेव उद्यान में स्प्रिंग वुड विद्यालय के 50 से अधिक विद्यार्थियों द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किया  । कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान मनोकामना महादेव के शिवलिंग पर पुष्प अर्पीटकर दीपक प्रज्वलित कर जलाभिषेक किया गया आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया।मनोकामना महादेव के शिव माहेश्वरी दिलीप चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर पूरे सावन माह में प्रत्येक सावन सोमवार को फूलों , रुद्राक्ष  , तिरंगे  एवं अन्य प्रेरणादाई पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न झांकियां का श्रृंगार भी किया जाएगा सभी धर्म प्रेमी श्रद्धालु प्रत्येक सावन सोमवार को झांकी श्रंगार दर्शन एवं जल अभिषेक में सहभागी बनकर पुण्य आशीर्वाद ग्रहण कर सकते हैं।
इस अवसर पर आंवला
नीम औषधि सहित विभिन्न पौधे लगाए गए और उनके संरक्षण  सुरक्षा का संकल्प भी दिलाया  । विद्यार्थियों को  औषधि युक्त पौधों की सिंचाई,खाद कीटनाशक दवाइयां के बारे में विस्तार से जानकारी भी प्रदान की गई। इस अवसर पर व्रहत पौधारोपण व वृक्षारोपण से हमें ऑक्सीजन प्राण वायु मिलती है और हमारा जीवन स्वस्थ रहता है। पेड़ हमें जीवन में सब कुछ देते हैं हम भी तो कुछ देना सीखें इसलिए पर्यावरण संरक्षण करना हमारा नैतिक कर्तव्य है। कार्यक्रम के में संरक्षक शिव माहेश्वरी अध्यक्ष दिलीप छाजेड़ ,उपाध्यक्ष रमेश जायसवाल, डॉक्टर विनोद शर्मा ,चंपालाल पाटीदार, अखिल भारतीय जायसवाल सर्व वर्गीय महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी  डॉक्टर अर्जुन सिंह जायसवाल, पंडित डॉक्टर लोकेश जोशी मीरा जोशी,गाईड कैप्टन सुनीता चौधरी,एन सी सी अधिकारी कुलदीप सिंह चंद्रावत, सहित बड़ी संख्या में  विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित थे। इस अवसर पर स्प्रिंग वुड स्कूल के स्काउट गाइड द्वारा स्काउट गाइड स्कार्फ दिवस के उपलक्ष्य में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

==========

अवैध खनन एवं परिवहन के चार मामलों में कलेक्टर ने 1.62 लाख रुपये से अधिक की शास्ति अधिरोपित की

अवैध उत्खनन एवं निर्धारित मात्रा से अधिक खनिज परिवहन पर सख्त कार्रवाई

नीमच, 1 अगस्त 2026। जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के अंतर्गत चार अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन मालिकों एवं अवैध उत्खननकर्ता पर कुल 1 लाख 62 हजार 64 रुपये की शास्ति अधिरोपित की है। सभी प्रकरण जिला खनिज अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर निराकृत किए गए हैं।

जिला खनिज अधिकारी के प्रतिवेदन के अनुसार 30 जुलाई 2026 को भोलियावास, तहसील नीमच में जांच के दौरान डम्पर क्रमांक RJ09GB1128 में खनिज निर्धारित रॉयल्टी पास में अंकित मात्रा से अधिक पाया गया। इस प्रकरण में वाहन मालिक बद्रीलाल पिता नानुराम नायक, निवासी सुवाखेडा, तहसील जावद, जिला नीमच पर रॉयल्टी की 15 गुना राशि 5,400 रुपये तथा 40 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 45 हजार 400 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई है।

इसी प्रकार 25 जुलाई 2026 को ग्राम चेनपुरा, तहसील नीमच में जांच के दौरान ट्रैक्टर क्रमांक MP44ZG3267 (इंजन क्रमांक E2496286) से खण्डा पत्थर का निर्धारित मात्रा से अधिक परिवहन पाया गया। इस मामले में वाहन मालिक सूरजसिह पिता राजेन्‍द्र शक्‍तावत, निवासी दारू, तहसील नीमच पर 2,460 रुपये रॉयल्टी की 15 गुना राशि एवं 16 हजार 79 रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 18 हजार 539 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई है।

एक अन्य प्रकरण में 23 जुलाई 2026 को ग्राम लोडकिया, तहसील मनासा में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान जेसीबी एवं ट्रैक्टरों के माध्यम से लगभग 45 घनमीटर मुरम का अवैध उत्खनन पाया गया। जांच में लगभग 15 मीटर लंबाई, 3 मीटर चौड़ाई तथा 1 मीटर औसत गहराई का उत्खनन क्षेत्र मिला। इस प्रकरण में सत्यानारायण पिता भंवरलाल राठौर, निवासी महागढ़, तहसील मनासा, जिला नीमच पर 33 हजार 750 रुपये अधिशास्ति राशि एवं 33 हजार 750 रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 67 हजार 500 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई है।

वहीं 22 जुलाई 2026 को रामपुरा दरवाजा, तहसील जावद में जांच के दौरान ट्रैक्टर क्रमांक RJ09RE6732 से बिना वैध रॉयल्टी पास के रेत का परिवहन करते पाए जाने पर वाहन मालिक संजय पिता मांगीलाल कुम्‍हार, निवासी बागेरडा मामादेव, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) पर रॉयल्टी की 15 गुना राशि 5,625 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 30 हजार 625 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई है।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सभी प्रकरणों में निर्देश दिए हैं कि अधिरोपित शास्ति राशि निर्धारित अवधि में शासकीय कोष में जमा कराई जाए। राशि जमा होने के उपरांत नियमानुसार जब्त वाहन मुक्त किए जाएंगे। यदि निर्धारित समयावधि में राशि जमा नहीं की जाती है, तो संबंधितों के विरुद्ध प्रचलित प्रावधानों के अनुसार भू-राजस्व की भांति वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

========

नीलकंठ महादेव मंदिर एवं कावड़ यात्रा का दृश्य
विजिया मित्र मंडल द्वारा नीमच से नीलकंठ महादेव तक 25वीं पैदल कावड़ यात्रा 16 अगस्त को

हर-हर महादेव एवं ब जयम-बम भोले के जयकारों से गूंजेगा नीमच, श्रद्धालु भक्ति भाव से होंगे पवित्र यात्रा में शामिल

नीमच, 1 अगस्त 2026, (केबीसी न्यूज़)। श्रावण मास के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विजिया मित्र मंडल द्वारा 25वीं  पैदल कावड़ यात्रा का आयोजन रविवार, 16 अगस्त 2026 को किया जाएगा। यह यात्रा नीमच से प्रारंभ होकर नीलकंठ महादेव (बोरखेड़ी) तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयकारों, बैंड-बाजों एवं मधुर शिव भजनों के साथ भक्तिमय वातावरण में शामिल होंगे।

कार्यक्रम के अनुसार सुबह 7 बजे बावड़ी वाले बालाजी (खाटूश्याम) मंदिर में पवित्र गंगाजल एवं कावड़ का पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात सुबह 8बजे कावड़ यात्रा का शुभारंभ होगा।

यात्रा का मार्ग श्रीराम मंदिर (जाजू बिल्डिंग), घंटाघर, बड़े बालाजी मंदिर, बारादरी चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, नीमच सिटी, पिपली चौक एवं स्वामी विवेकानंद कॉलेज होते हुए लक्ष्मी मंगल वेयरहाउस तक रहेगा, जहां श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार एवं प्रसाद की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद यात्रा ग्राम गिरदौड़ा, रेवली-देवली मार्ग से होते हुए नीलकंठ महादेव, बोरखेड़ी पहुंचेगी।

मंदिर परिसर में दोपहर 12:15 बजे भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं विशेष पूजन होगा। इसके उपरांत शिव भजन संध्या आयोजित की जाएगी तथा दोपहर 1 बजे महा प्रसादी का वितरण किया जाएगा। आरती के पश्चात यात्रा का समापन एवं विश्राम होगा।

उल्लेखनीय है कि विजिया मित्र मंडल पिछले 24 वर्षों से निरंतर इस धार्मिक परंपरा का निर्वहन कर रहा है और इस वर्ष यात्रा का 25वां आयोजन किया जा रहा है। यात्रा की विशेषता यह है कि विभिन्न कावड़िए अपनी-अपनी कावड़ों को शिवलिंग, धनुष-बाण, तिरंगा, मंदिर एवं गंगाजल की आकर्षक झांकियों से सजाकर देशभक्ति एवं शिवभक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत करते हैं।

विजिया मित्र मंडल सामाजिक एवं धार्मिक सेवा कार्यों में भी निरंतर सक्रिय है। मंडल पिछले 25 वर्षों से हरिद्वार लावारिस अस्थि कलश यात्रा का संचालन कर रहा है। अब तक लगभग 750 लावारिस अस्थि कलशों का हरिद्वार में मां गंगा के पावन तट पर पूर्ण वैदिक विधि-विधान से विसर्जन एवं तर्पण कराया जा चुका है।

इसके अतिरिक्त मंडल द्वारा पिछले 8 वर्षों से पक्षी आहार केंद्र का संचालन किया जा रहा है, जहां प्रतिदिन लगभग 50 किलोग्राम मक्का कबूतरों एवं अन्य पक्षियों के लिए उपलब्ध कराया जाता है। धार्मिक सेवा के साथ-साथ जीव सेवा के इन कार्यों के कारण विजिया मित्र मंडल क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान बना चुका है।

मंडल ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कावड़ यात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।

=========

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत अगस्त माह में जिले में चार शिविर होंगे आयोजित

नीमच, 1 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने अगस्त माह में आयोजित किए जाने वाले शिविरों का रोस्टर जारी किया है। अभियान के तहत विभिन्न नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा।

जारी रोस्टर के अनुसार 7 अगस्त को नगर पालिका मनासा में शिविर आयोजित होगा, जिसमें नगर पालिका मनासा सहित ग्राम पंचायत नलखेड़ा, चुकनी, अरनिया माली, कचौली, आंकली, शेषपुर, बरडिया, लोडकिया, ढाकनी एवं दुरगपुरा, अचलपुरा क्षेत्र शामिल रहेंगे। 14 अगस्त को हरवार में आयोजित शिविर में अरनिया बोराना, बामनिया, बमोरी, भंवरासा, चल्‍दू, छाछखेड़ी, हरवार, केलूखेडा, कोठड़ी ईस्‍तमुरार, कुचडौद, पालासोडा, फोफलिया, तालखेडा, विश्‍निया दलपतपुरा एवं संबंधित ग्राम पंचायतों के नागरिक लाभान्वित होंगे। 21 अगस्त को झांतला में शिविर आयोजित होगा, जिसमें झांतला, शहनातलाई, रेतपुरा, राजपुरा झंवर, महुपुरापुरण, डाबडा कला, बाणदा, उमर, काकरियातलाई, बोरदिया, किशनपुरा एवं पलासिया क्षेत्र शामिल रहेंगे। वहीं 27 अगस्त को नगर पालिका नीमच में शिविर आयोजित किया जाएगा।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने निर्देश दिए हैं, कि शिविरों के सफल आयोजन की सभी तैयारियां संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं संबंधित एसडीएम के मार्गदर्शन में समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही सभी जिला अधिकारी अपने अधीनस्थ मैदानी अमले के साथ शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

===========

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के सफल संचालन हेतु कलेक्टर ने जारी किए विस्तृत दिशा-निर्देश

अभियान के चार प्रमुख आधार संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी

प्रत्येक शुक्रवार लगेंगे जन-समस्या समाधान शिविर

नीमच, 1 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का संचालन 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार को निर्धारित नगर परिषद, नगर पालिका एवं क्लस्टर पंचायत मुख्यालयों पर शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं का लाभ तथा विभागीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

अभियान के दौरान प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगे। प्रत्येक विभाग को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने तथा शिविरों से पूर्व लंबित कार्यों का शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान आमजन संवाद के साथ उद्योग संवाद भी आयोजित होगा, जिसमें लघु, मध्यम एवं कुटीर उद्योगों से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

शिविरों में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशुपालन तथा राजस्व सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इनमें टीकाकरण, आयुष्मान, लाड़ली लक्ष्मी, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, टेक होम राशन, प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा, पेयजल व्यवस्था, पशु टीकाकरण, किसान एवं राजस्व संबंधी सेवाओं सहित अन्य योजनाओं के प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। साथ ही सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों के शत-प्रतिशत निराकरण पर विशेष जोर रहेगा।

आदेश में यह भी निर्देशित किया गया है कि शिविरों के आयोजन में सादगी अपनाई जाए, सार्वजनिक स्थलों एवं पूर्व से उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग किया जाए तथा अनावश्यक व्यय से बचा जाए। अभियान के चार प्रमुख आधार संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी निर्धारित किए गए हैं।

============

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में बैठक सम्पन्न

कलेक्टर ने विभागवार जिम्मेदारियां की निर्धारित

नीमच, 1 अगस्त 2026। आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समारोह की सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा कर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं। बैठक में मुख्य समारोह से लेकर परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण, सुरक्षा, चिकित्सा, आमंत्रण, फोटोग्राफी तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत कार्ययोजना निर्धारित की गई।

बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी विभागीय कार्यालय 15 अगस्त को प्रातः निर्धारित समय पर ध्वजारोहण करेंगे तथा अधिकारी-कर्मचारी मुख्य समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। मुख्य जिला स्तरीय समारोह शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, नीमच में आयोजित होगा, जहां मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण एवं संदेश वाचन किया जाएगा। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी शासन के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में आयोजन स्थल पर मंच, बेरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, साफ-सफाई, पेयजल, बैठक व्यवस्था, जनरेटर, पार्किंग, पुष्प सज्जा एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कानून-व्यवस्था, अग्निशमन, चिकित्सा दल, एम्बुलेंस तथा आवश्यक प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतर्गत परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया। परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास 13 अगस्त को आयोजित होगा, जबकि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के चयन के लिए निर्धारित समिति द्वारा विद्यालयों के कार्यक्रमों का परीक्षण कर अंतिम चयन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना पर आधारित होंगे तथा उनकी समय-सीमा भी निर्धारित की गई है।

बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित किए जाने की प्रक्रिया भी तय की गई। विभागों को निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित प्रारूप में पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रस्ताव अनिवार्य रूप से समय पर प्रस्तुत करें। प्रस्तावों के परीक्षण एवं अंतिम चयन के लिए समिति का गठन भी किया गया है।

इसके अलावा समारोह में पुरस्कार वितरण, विद्यार्थियों के लिए मिष्ठान वितरण, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, आमंत्रण-पत्रों का मुद्रण एवं वितरण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों का सम्मान, मुख्य अतिथियों के भोजन की व्यवस्था तथा समारोह में भाग लेने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां भी विभागवार निर्धारित की गईं।

बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए तथा 13 अगस्त को होने वाले अंतिम पूर्वाभ्यास एवं 15 अगस्त के मुख्य समारोह में सभी संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, जिससे राष्ट्रीय पर्व का आयोजन गरिमा एवं अनुशासन के साथ संपन्न हो सके।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री श्रुति भयड़िया सहित जिले के समस्त विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

===========

राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी ने किया एनआरएलएम गतिविधियों का निरीक्षण

समूहों के सुदृढ़ संचालन एवं आजीविका संवर्धन पर दिया मार्गदर्शन

नीमच, 31 जुलाई 2026। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत सहायक राज्य परियोजना प्रबंधक एवं राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी श्री नेमिचन्द जादव ने 30 एवं 31 जुलाई को जिले के विभिन्न ग्रामों एवं मिशन गतिविधियों का भ्रमण कर स्व-सहायता समूहों की कार्यप्रणाली, आजीविका गतिविधियों तथा मिशन की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिला एवं विकासखंड स्तरीय टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

भ्रमण के प्रथम दिवस 30 जुलाई को श्री जादव ने जिला एवं विकासखंड टीम के साथ लोक अधिकार केंद्र, विकासखंड नीमच का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में प्राप्त होने वाले प्रकरणों की जानकारी लेते हुए उनके दस्तावेजों के सुव्यवस्थित संधारण एवं समयबद्ध निराकरण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

इसके उपरांत उन्होंने ग्राम कराड़िया महाराज का भ्रमण कर स्व-सहायता समूहों की दीदियों से संवाद किया। उन्होंने समूहों की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए समूह संचालन से जुड़े 13 सूत्रों का नियमित पालन करने के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही नियमित समूह बैठकें आयोजित करने, अभिलेखों के संधारण तथा वित्तीय अनुशासन बनाए रखने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।

इस अवसर पर समूहों को रिवॉल्विंग फंड, सामुदायिक निवेश निधि एवं बैंक ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया, समय पर ऋण पुनर्भुगतान तथा सीआईएफ राशि के पुनर्भुगतान संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी गई। उन्होंने समूहों को ऋण प्राप्त करने से पूर्व माइक्रो क्रेडिट प्लान तैयार करने तथा उसी के आधार पर ऋण लेने के लिए प्रेरित किया। भ्रमण के दौरान समूहों के अभिलेखों का परीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। इसके पश्चात समूह सदस्यों द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण किया गया।

इसके उपरांत ग्राम चिताखेड़ा में भी समूह सदस्यों से संवाद कर मिशन की गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा क्षेत्रीय स्टाफ को आवश्यक मार्गदर्शन एवं निर्देश दिए गए।

भ्रमण के दूसरे दिवस 31 जुलाई को श्री जादव ने ग्राम सुवाखेड़ा में समूह सदस्यों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण किया। इसके पश्चात सीटीसी भरभड़िया का भ्रमण कर जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिशन के विभिन्न विषयों की लक्ष्य के विरुद्ध स्टाफवार एवं विकासखंडवार विस्तृत समीक्षा की।

समीक्षा बैठक में उन्होंने अगस्त माह के दौरान जिन विषयों में प्रगति अपेक्षाकृत कम या संतोषजनक नहीं है, उनमें सुधार लाने के लिए आवश्यक रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। साथ ही मिशन के सभी लक्ष्यों की समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

============

विश्व स्तनपान सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्तनपान के महत्व की दी जानकारी

नीमच 1 अगस्त 2026,विश्व स्तनपान सप्ताह 1 से 7 अगस्त के शुभारंभ अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुभारंभ समारोह एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवजात शिशुओं की माताओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मनीष यादव, एसएनसीयू इंचार्ज डॉ. प्रशांत राठौर एवं डॉ. संगीता भारती अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने माताओं को नवजात शिशुओं के लिए स्तनपान के महत्व, इसके लाभ तथा शिशु के स्वस्थ विकास में इसकी भूमिका के संबंध में जानकारी दी।

इस अवसर पर माताओं को बताया गया कि जन्म के बाद शीघ्र स्तनपान शुरू करना तथा शिशु को उचित एवं पर्याप्त स्तनपान कराना उसके पोषण, रोग प्रतिरोधक क्षमता एवं स्वस्थ विकास के लिए महत्वपूर्ण है। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्यकर्मियों से स्तनपान के प्रति समुदाय में जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित माताओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा स्तनपान से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं एवं समुदाय को स्तनपान के प्रति जागरूक कर स्वस्थ शिशु एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

=====

विप्र सेना की जिला कार्यकारिणी घोषित

नीमच। जिला विप्र सेना की कार्यकारिणी का गठन जिला प्रभारी श्री उमेशजी शर्मा एवं जिलाध्यक्ष श्री प्रमोदजी व्यास द्वारा एक आवश्यक बैठक आयोजित कर जिला संरक्षक मण्डल में राकेश भारद्वाज, डाॅ. एल.एन.शर्मा, गजेन्द्र शर्मा, देवीलाल शर्मा, ओमप्रकाश पुरोहित, महेश शर्मा, जगदीश शर्मा को लिया गया एवं जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिला कार्यकारिणी में जिला उपाध्यक्ष भागीरथ शर्मा, महेश नागदा, पंकज तिवारी, सुरेश शर्मा, भेरूलाल शर्मा, गिरीश व्यास एवं सचिव पर पद सत्यनारायण शर्मा, एडवोकेट जावद, नीलेश शर्मा, मुकेश नागदा, पुष्कर नागदा, प्रमोद पाण्डे एवं जिला मंत्री पद पर घनश्याम त्रिवेदी, जगदीश नागदा, सुनील शर्मा, विष्णुकुमार जोशी, पवन शर्मा, शिवम राजपुरोहित एवं जिला महामंत्री पद पर शिव शंकर शर्मा, डाॅ. जुगल शर्मा, दिनेश मनावत, एवं कार्यालय मंत्री पद पर गौरव आचार्य, दीपेश शर्मा, हेमंत पुरोहित एवं कोषाध्यक्ष पद पर नरेन्द्र नागदा, कन्हैयालाल शर्मा, दिनेश शर्मा एवं मिडिया प्रभारी पद पर संजय नागदा, सह मिडिया पद पर शिवनारायण नागदा को नियुक्ति प्रदान की गई। एवं सभी को बधाई शुभकामनाऐं प्रेषित की गई।

========

आगर-मालवा के अपर कलेक्टर श्री आर.पी. वर्मा 42 वर्ष की सफलतम सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त

नीमच 01 अगस्‍त 2026, आगर मालवा जिले के अपर कलेक्टर श्री आर.पी. वर्मा 31 जुलाई 2026 को सफलतम सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। नीमच जिले के ग्राम दूधलाई निवासी श्री वर्मा किसान परिवार से हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा ग्राम दूधलाई एवं लसूडिया में तथा स्नातक की शिक्षा रामपुरा कॉलेज में हुई। उन्होंने इतिहास विषय में स्नातकोत्तर शिक्षा विक्रम विश्वविद्यालय से प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की।

श्री वर्मा ने 01 दिसम्बर 1984 को शिक्षक के रूप में शासकीय सेवा प्रारंभ की। वर्ष 1988 में पीएससी परीक्षा के माध्यम से नायब तहसीलदार के पद पर चयनित होकर जिला सतना से राजस्व सेवा की शुरुआत की। इसके पश्चात उन्होंने रतलाम, मंदसौर, नीमच, जावद, जावरा एवं सीतामऊ में तहसीलदार के रूप में कार्य किया।

एसडीएम के रूप में उन्होंने मल्हारगढ़, सैलाना, जावरा, गरोठ एवं उज्जैन में सेवाएं दीं। वर्ष 2017 में जावरा एसडीएम रहते हुए किसान आंदोलन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका सराहनीय रही।

श्री वर्मा ने 3 वर्ष अपर कलेक्टर मंदसौर एवं गत 3 वर्षों से अपर कलेक्टर आगर-मालवा के पद पर रहकर जनहित के कार्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ किया।

कुशल प्रशासक होने के साथ-साथ श्री वर्मा कवि, लेखक एवं राम कथा प्रवक्ता भी हैं। प्रशासन में स्पष्टवादिता एवं सख्त निर्णयों के लिए उनकी अलग पहचान रही है।

सेवानिवृत्ति के अवसर पर इष्ट मित्रों, साथी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं परिवारजनों ने उन्हें सुखी, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं दीं।

========

जिन शासन की शान परम पूज्य मृदु पूर्णा श्री जी महाराज साहब के जन्मोत्सव पर सजा भक्ति का दरबार,
आदित्य मांत्रिक संकल्प सिद्धि अनुष्ठान से दूर हुई मानसिक शारीरिक वार्षिक उलझने,
संघ में दिखाअपार उत्साह, नीमच 31 जुलाई ।(केबीसी न्यूज़)।जिन शासन की आन बान शान मानी जाने वाली नीमच नगर की लाडली बिटिया जिन्होंने संपूर्ण क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है उनमें से एक परम पूज्य मृदु पूर्णा श्री जी महाराज साहब के पावन जन्मदिन का शुभ अवसर नीमच श्री संघ को प्राप्त हुआ। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर ट्रस्ट नीमच अदित्य मांत्रिक संकल्प सिद्धि अनुष्ठान का आयोजन किया गया। अनुष्ठान परम पूज्य मातृ हर्दया अमित गुणा श्री जी महाराज साहब की सूशिष्या श्रद्धा प्रसन्ना अमि पूर्ण श्रीजी जी महाराज साहब व दर्शा, वर्षा महाराज साहब की पावन निश्रा तथा भीड़ भंजन पार्श्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के तत्वाधान में 1 अगस्त शनिवार सुबह 8:30 बजे जैन भवन पर आयोजित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}