विधायक चंदरसिंह सिसोदिया ने मुख्यमंत्री डॉ यादव व विधानसभा अध्यक्ष तोमर से की आत्मीय भेंट

UCC विधेयक को बताया सामाजिक न्याय की ऐतिहासिक पहल
गरोठ। गरोठ-भानपुरा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक चंदरसिंह सिसोदिया ने मध्यप्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आत्मीय भेंट कर गरोठ विधानसभा क्षेत्र के विकास, जनकल्याण एवं भावी योजनाओं पर चर्चा की। इस अवसर पर विधायक सिसोदिया ने दोनों वरिष्ठ नेताओं को गरोठ विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण का आमंत्रण भी दिया तथा विकास कार्यों को लेकर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।इसी दौरान मध्यप्रदेश विधानसभा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पारित होने पर लोकप्रिय विधायक चंदरसिंह सिसोदिया ने इसे सामाजिक समरसता, समान अधिकार और न्याय की दिशा में एक ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि यह विधेयक संविधान की उस मूल भावना को सशक्त करता है, जिसमें प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, समान अवसर और समान न्याय उपलब्ध कराने का संकल्प निहित है।विधायक सिसोदिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रारंभ से ही समान कानून और समान न्याय व्यवस्था की पक्षधर रही है। उनके अनुसार यह विधेयक किसी धर्म, पंथ या समुदाय के विरुद्ध नहीं है, बल्कि सभी नागरिकों के अधिकारों की समान सुरक्षा तथा न्यायपूर्ण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश संवैधानिक मूल्यों को व्यवहारिक रूप देने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सुशासन, विकास और न्याय के नए आयाम स्थापित कर रहा है। विधानसभा में यूसीसी विधेयक का पारित होना इसी दूरदर्शी सोच और प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
विधायक सिसोदिया ने विश्वास व्यक्त किया, कि यह कानून विशेष रूप से महिलाओं, बेटियों तथा समाज के वंचित वर्गों को अधिक सुरक्षा, सम्मान और न्याय प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विवाह, तलाक, उत्तराधिकार एवं पारिवारिक अधिकारों से जुड़े मामलों में समानता सुनिश्चित होने से सामाजिक भेदभाव कम होगा और न्याय व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनेगी।उन्होंने मध्यप्रदेश विधानसभा के सभी सदस्यों को इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए बधाई देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अभिनंदन किया। साथ ही कहा कि यह दिन प्रदेश के इतिहास में सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों को सशक्त करने वाले महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में याद रखा जाएगा। विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष से हुई भेंट को गरोठ-भानपुरा विधानसभा क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है, कि विधायक चंद्रसिंह सिसोदिया लगातार क्षेत्र के विकास, जनहित के मुद्दों और शासन की नीतियों को प्रभावी ढंग से विधानसभा में उठाते रहे हैं तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
भाजपा नेता सुंदरलाल परमार ने बताया कि लोकप्रिय विधायक चंद्ररसिंह सिसोदिया का उद्देश्य क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देना, शासन की जनहितकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ जनता तक पहुंचाना तथा प्रदेश के विकास में गरोठ विधानसभा की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना है।



