समाचार मध्यप्रदेश नीमच 15 जुलाई 2026 बुधवार

===============
12 सितम्बर को आयोजित होगी वर्ष 2026 की तीसरी नेशनल लोक अदालत
नीमच,14 जुलाई 2026। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण,नई दिल्ली के निर्देशानुसार वर्ष 2026 की तीसरी नेशनल लोक अदालत का आयोजन 12 सितम्बर 2026 (शनिवार) को किया जाएगा। जिला मुख्यालय नीमच सहित तहसील मुख्यालय मनासा,जावद एवं रामपुरा स्थित न्यायालय परिसरों में आयोजित होने वाली इस नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री वीरेन्द्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
नेशनल लोक अदालत में नीमच, मनासा, जावद एवं रामपुरा न्यायालयों में लंबित समझौता योग्य प्रकरणों का आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण किया जाएगा। इनमें दाण्डिक, सिविल, विविध, मोटर दुर्घटना दावा, विद्युत अधिनियम से संबंधित प्रकरणों के साथ ही नगर पालिका एवं नगर पंचायत, श्रम, बैंक तथा अन्य समझौता योग्य प्रकरण शामिल रहेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित पक्षकारों से अपील की है, कि वे अपने समझौता योग्य प्रकरणों के निराकरण हेतु अपने अभिभाषकों से संपर्क कर, संबंधित न्यायालय अथवा कार्यालय में आवश्यक सहमति प्रस्तुत करें, ताकि नेशनल लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों का शीघ्र, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
===========
कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनीं 161 आवेदकों की समस्याएं
अधिकारियों को दिए यथाशीघ्र निराकरण करने के निर्देश
नीमच, 14 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 161 आवेदकों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदन का परीक्षण करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का त्वरित,गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में बिसलवास सोनिगरा निवासी मोहनलाल ने नालियों की साफ-सफाई एवं जल निकासी की व्यवस्था कराने, धनेरिया कला की कविता ने मकान निर्माण एवं पट्टा उपलब्ध कराने, चीकली विकासखंड के सत्यनारायण ने कृषि भूमि तक पहुंचने का रास्ता खुलवाने, चीताखेड़ा के रामसिंह बंजारा ने प्रधानमंत्री आवास निर्माण से संबंधित समस्या तथा चम्पी के भागीरथ मकवाना ने मजदूरी की बकाया राशि दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए। वहीं भदाना के बगदीराम ने बंद रास्ता खुलवाने की मांग की।
इसी प्रकार ग्राम बनी की संगीताबाई मेघवाल ने भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई, उम्मैदपुरा के हेमराज ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मजदूरी की राशि का भुगतान, ग्वालदेविया के कालूराम ने बंद हुई वृद्धावस्था पेंशन पुनः प्रारंभ कराने तथा देवरीखवासा के मोहनलाल ने भूमि पर अवैध कब्जा हटाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सुवाखेड़ा के हाबूलाल, रातड़ी तलई के बगदीराम, बरूखेड़ा के गणपतलाल, नई आबादी दाता के मांगीलाल, सेमली जागीर के शिवराम, नयागांव के हीरानाथ एवं नंदीबाई, जीरन के नारायण, बिहारगंज नीमच की जेबुन, झालरी के हेमंत सिंह तथा ग्राम दशानी के नारायण सिंह सहित अन्य आवेदकों ने भी अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
========
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
नीमच, 14 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रक (टीएल) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन, अनुकंपा नियुक्ति, निर्माण कार्यों तथा विभिन्न प्रशासनिक विषयों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुकंपा नियुक्ति के समस्त लंबित प्रकरणों का संवेदनशीलता एवं सहानुभूतिपूर्वक परीक्षण कर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र हितग्राही का प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए।
कलेक्टर ने जिले के शासनाधीन मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए संबंधित मंदिर प्रबंधकों से कहा कि जहां सीसीटीवी कैमरे स्थापित नहीं हैं, वहां शीघ्र कैमरे लगाए जाएं तथा जो कैमरे बंद हैं, उन्हें तत्काल चालू कराकर इसकी प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी निर्माण विभागों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में अंतर-विभागीय समन्वय के अभाव में कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है, ऐसे प्रकरण तत्काल उनके संज्ञान में लाए जाएं, ताकि आवश्यक समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को शीघ्र गति प्रदान की जा सके।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों की रैंकिंग में सुधार लाने, 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने तथा जिन विभागों में अत्यधिक लंबित प्रकरण पाए गए हैं, उन्हें कारण बताओ सूचना-पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को आंगनवाड़ी केंद्रों तथा स्वास्थ्य संस्थाओं का नियमित निरीक्षण करें। साथ ही अपने अधीनस्थ मैदानी अमले से भी नियमित निरीक्षण कराते हुए व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
बैठक में कलेक्टर ने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निराकृत रास्ता विवाद, अतिक्रमण हटाने तथा अन्य राजस्व प्रकरणों का मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन करें तथा इस प्रकार की मैदानी कार्रवाई निरंतर जारी रखें, जिससे शासन की कार्यवाही का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव,अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश,एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धारवे सहित जिले के समस्त विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
=========
आईएफएमआईएस संबंधी तकनीकी समस्याओं के निराकरण हेतु विशेष कैंप 16 एवं 17 जुलाई को
नीमच, 14 जुलाई 2026। जिला कोषालय, नीमच द्वारा आईएफएमआईएस केयर्स थीम के अंतर्गत आईएफएमआईएस सॉफ्टवेयर से संबंधित तकनीकी समस्याओं के निराकरण के लिए 16 एवं 17 जुलाई 2026 को जिला कोषालय परिसर में विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा।
जिला कोषालय अधिकारी ने बताया कि जिले के समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारी विभिन्न प्रकार के वित्तीय संव्यवहारों के लिए आईएफएमआईएस सॉफ्टवेयर का उपयोग करते हैं। सॉफ्टवेयर के उपयोग के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष कैंप आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों से अनुरोध किया है कि वे अपने कार्यालय के संबंधित शासकीय सेवकों को आईएफएमआईएस सॉफ्टवेयर से संबंधित समस्याओं एवं आवश्यक विवरण के साथ 16 एवं 17 जुलाई को आयोजित विशेष कैंप में उपस्थित होना सुनिश्चित करें, ताकि उनकी समस्याओं का मौके पर ही प्रभावी निराकरण किया जा सके।
==========


