प्रतिनियुक्त शिक्षकों को तत्काल मूल संस्था में लौटने के निर्देश, अनुपस्थित रहने पर वेतन रोकने की चेतावनी-जि शि अ सुश्री सूर्यवंशी

प्रतिनियुक्त शिक्षकों को तत्काल मूल संस्था में लौटने के निर्देश, अनुपस्थित रहने पर वेतन रोकने की चेतावनी-जि शि अ सुश्री सूर्यवंशी
ताल ब्यूरो चीफ शिवशक्ति शर्मा
रतलाम जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री सिमरन सूर्यवंशी ने प्रतिनियुक्ति पर विभिन्न कार्यालयों एवं विभागों में कार्यरत शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से उनकी मूल शैक्षणिक संस्थाओं में कार्यमुक्त कर लौटाने के निर्देश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल द्वारा 13 जुलाई 2026 को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्वाचन, जनगणना अथवा अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों सहित विभिन्न कार्यालयों एवं विभागों में संलग्न सभी शिक्षकों को 14 जुलाई 2026 से उनकी मूल संस्था में कार्यभार ग्रहण कराना सुनिश्चित किया जाए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने समस्त शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे ऐसे शिक्षकों की तत्काल मूल संस्था में उपस्थिति सुनिश्चित करें। यदि कोई शिक्षक मूल संस्था में उपस्थित नहीं होता है तो उसका वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, यदि किसी शिक्षक की किसी भी कार्यालय, संस्था अथवा विभाग में प्रतिनियुक्ति नहीं है, तो संबंधित जानकारी का प्रमाणित विवरण तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि निर्धारित समय-सीमा में वरिष्ठ कार्यालय को प्रतिवेदन भेजा जा सके।
यह आदेश जिला शिक्षा अधिकारी रतलाम द्वारा 14 जुलाई 2026 को जारी किया गया है।




