मंदसौरमंदसौर जिला
युवाओं, किसानों और प्रदेश की जनता के मुद्दों पर कांग्रेस का चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू होगा – श्री गुर्जर

युवाओं, किसानों और प्रदेश की जनता के मुद्दों पर कांग्रेस का चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू होगा – श्री गुर्जर
मंदसौर।जिला कांग्रेस कमेटी मंदसौर के अध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह गुर्जर ने आज पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर प्रदेशभर में युवाओं के भविष्य, किसानों की समस्याओं, उज्जैन भूमि प्रकरण, भ्रष्टाचार तथा जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर चरणबद्ध जनआंदोलन प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन प्रदेश की जनता के अधिकारों की रक्षा, लोकतांत्रिक जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा जनविरोधी नीतियों के विरोध का अभियान है।
श्री गुर्जर ने कहा कि प्रदेश के लाखों युवाओं का भविष्य लगातार संकट में डाला जा रहा है। नीट एवं सीबीएसई परीक्षाओं से जुड़े विवादों और विद्यार्थियों की शिकायतों ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। प्रभावित विद्यार्थियों को समय पर न्याय नहीं मिला। कांग्रेस पार्टी प्रारंभ किए जा रहे “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से प्रदेशभर के विद्यार्थियों के बीच जाकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और न्याय की मांग करेगी।
उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान प्रदेश का किसान भारी संकट से गुजर रहा है। किसानों को समय पर डीएपी, यूरिया एवं अन्य उर्वरक उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। अनेक स्थानों पर खाद की कमी, कालाबाजारी, अधिक दामों पर बिक्री तथा पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं होने से बुवाई प्रभावित हो रही है। वहीं मूंग खरीदी में कोटा कम किए जाने और समर्थन मूल्य पर सीमित खरीदी के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। कांग्रेस किसानों के इन मुद्दों को लेकर गांव-गांव तक संघर्ष करेगी।
श्री गुर्जर ने कहा कि उज्जैन भूमि प्रकरण को लेकर राष्ट्रीय समाचार पत्रों में प्रकाशित तथ्यों के बाद प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से स्पष्ट जवाब चाहती है। यदि सरकार और मुख्यमंत्री निर्दोष हैं तो पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराकर सभी तथ्य सार्वजनिक किए जाने चाहिए। लोकतंत्र में जनता के सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि महाकाल लोक परियोजना सहित सार्वजनिक परियोजनाओं में उठे प्रश्नों तथा सार्वजनिक धन के उपयोग को लेकर भी सरकार को जवाब देना चाहिए।
श्री गुर्जर ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े चंदे और वित्तीय अनियमितताओं के संबंध में सार्वजनिक रूप से सामने आए आरोप करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े विषय हैं। कांग्रेस का मानना है कि भगवान श्रीराम देश की आस्था के केंद्र हैं और उनके नाम पर प्राप्त प्रत्येक दान का उपयोग पूर्ण पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता के आरोप सामने आते हैं तो उनकी निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सत्य सामने आए और श्रद्धालुओं का विश्वास अक्षुण्ण बना रहे।
श्री गुर्जर ने सरकार से प्रश्न करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री उज्जैन भूमि प्रकरण पर सार्वजनिक रूप से जवाब कब देंगे? सरकार पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने को तैयार है या नहीं? किसानों को समय पर खाद, पर्याप्त बिजली एवं कृषि आदान उपलब्ध कराने में सरकार विफल क्यों रही? खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए क्या कार्रवाई की गई? विद्यार्थियों को न्याय दिलाने एवं परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने अब तक कौन-से ठोस कदम उठाए? महाकाल लोक सहित अन्य सार्वजनिक परियोजनाओं में उठे सवालों की निष्पक्ष जांच कब होगी?
उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस शीघ्र ही एक विशेष डिजिटल पोर्टल प्रारंभ करेगी, जहां प्रदेश का कोई भी नागरिक भ्रष्टाचार, सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग अथवा कथित अवैध संपत्तियों से संबंधित जानकारी एवं दस्तावेज गोपनीय रूप से साझा कर सकेगा। जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः सुरक्षित रखी जाएगी तथा तथ्यों के सत्यापन के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
श्री गुर्जर ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस द्वारा प्रदेशभर में पत्रकार वार्ताएं, “छात्रों की गूंज” अभियान, 14 एवं 15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक Gen Z Cyclothon, 15 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव, जुलाई के अंतिम सप्ताह में उज्जैन में भूमि प्रकरण के विरोध में विशाल जनआंदोलन तथा विधानसभा सत्र में इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
अंत में श्री महेन्द्र सिंह गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस का यह संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य, किसानों के अधिकार, पारदर्शी शासन, लोकतांत्रिक जवाबदेही और प्रदेश की जनता के हितों की रक्षा के लिए है। जब तक विद्यार्थियों को न्याय, किसानों को राहत, जनता को जवाब तथा भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं होती, तब तक कांग्रेस का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। इसअवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष प्रकाश रातड़ीया, जिला संगठन महासचिव अजय लोढ़ा, शहर ब्लाकं अध्यक्ष इष्ठा भाचावत, जिला काग्रेंस प्रवक्ता प्रवीण मांगरिया भी उपस्थित हुए ।

