बावड़ी उत्सव एवं दीपदान के माध्यम से दिया जल संरक्षण का संदेश

बावड़ी उत्सव एवं दीपदान के माध्यम से दिया जल संरक्षण का संदेश
मल्हारगढ़। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विकासखंड मल्हारगढ़ के सेक्टर पिपलिया मंडी के ग्राम बही पार्श्वनाथ स्थित बावड़ी पर नवांकुर संस्था मंदसौर सुख समृद्धि वेलफेयर सोसायटी द्वारा “बावड़ी उत्सव एवं दीपदान” ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा जल संरक्षण का सामूहिक संदेश देना था।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बावड़ी परिसर में दीप प्रज्वलित कर “जल है तो कल है” का संदेश दिया तथा बावड़ियों के संरक्षण एवं संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बावड़ियां केवल जल का स्रोत नहीं हैं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर भी हैं। इनका संरक्षण भविष्य की जल सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर मंदसौर सुख समृद्धि वेलफेयर सोसायटी (संकल्पित मंदसौर) के संस्थापक दिलीप धनराज गुप्ता, जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक विनोद गौड़, सरपंच मनमोहन पाराशर, सांसद प्रतिनिधि रमेश पाटीदार, राधेश्याम जाट, मुकेश पाटीदार, बद्रीलाल चौहान, कमल बैरागी, दिनेश चावड़ा सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्था के सचिव प्रांजल गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए जल संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया।



