नीमचमध्यप्रदेश
घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर चोरी, किसान ने थाने में दिया आवेदन

*नीमच – मनासा*
मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम भाटखेड़ी में एक किसान का ट्रैक्टर घर के बाहर से चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित गोपाल पिता राधेश्याम जी पाटीदार ने थाना मनासा में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, किसान का महिंद्रा 575 डीआई मॉडल का लाल रंग का ट्रैक्टर (पंजीयन क्रमांक MP-44-ZC-1701) 28 जून 2026 की रात घर के बाहर खड़ा था। सुबह उठकर देखा तो ट्रैक्टर गायब मिला। काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका।

पीड़ित ने बताया कि ट्रैक्टर के साथ बीज बोने की सीड ड्रिल भी लगी हुई थी, जो ट्रैक्टर के साथ ही चोरी हो गई। इसके बाद किसान ने थाना मनासा पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए ट्रैक्टर की तलाश एवं आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। किसान को उम्मीद है कि जल्द ही उसका ट्रैक्टर बरामद होगा और चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा।



