शामगढ़ नगर के विकास को गति विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन संपन्न

शामगढ़ नगर के विकास को गति विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन संपन्न
शामगढ़। नगर में विकास कार्यों को गति देते हुए आज विभिन्न वार्डों में महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमि पूजन कार्यक्रम गरिमा के साथ संपन्न हुआ। नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई।
विकास की इस कड़ी में सर्वप्रथम वार्ड क्रमांक 1 में महत्वपूर्ण निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। यहाँ खेड़ापति हनुमान मंदिर गेट से लेकर मुख्य खेड़ापति हनुमान मंदिर तक अत्यंत प्रतीक्षित सी सी (CC) रोड एवं नाली निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। इस मार्ग के निर्माण से मंदिर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय निवासियों को भी आवागमन में बड़ी सुगमता होगी और जल निकासी की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 14 में भी विकास कार्य का शुभारंभ किया गया। यहाँ बलि भाई के मकान से लेकर टोनी भाई के मकान तक नाला निर्माण एवं पेवर ब्लॉक लगाने के कार्य का भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस निर्माण कार्य से क्षेत्र में स्वच्छता की स्थिति सुदृढ़ होगी और वार्ड वासियों को कीचड़ व जल जमाव की समस्या से स्थाई रूप से निजात मिल सकेगी।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नगर परिषद उपाध्यक्ष डाली बाई जोशी, सभापति बंटी अश्क, गोपाल जोशी नवीन फ़रक्या, एल्डरमैन मुकेश दानगढ़ राजू खाती पटेल तथा युवा नेता अंकित यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में पूजा-अर्चना कर एवं गैंती चलाकर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) सुरेश कुमार यादव, पवन बड़ोदिया, मनोज जैन ओम प्रकाश मालू धीरज संघवी श्याम वेद गोपाल मालवीय भूपेंद्र जैन कालूराम राठौर सहित नगर परिषद के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वार्ड के गणमान्य नागरिक भाई-बहन और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे, जिन्होंने इस विकास परक पहल का हर्षध्वनि के साथ स्वागत किया।



