जिला कारागार गोरखपुर में बंदियों के मानसिक व व्यक्तित्व विकास हेतु छह दिवसीय ‘प्रिजन स्मार्ट’ योग शिविर का शुभारंभ

जिला कारागार गोरखपुर में बंदियों के मानसिक व व्यक्तित्व विकास हेतु छह दिवसीय ‘प्रिजन स्मार्ट’ योग शिविर का शुभारंभ
गोरखपुर जिला कारागार गोरखपुर में निरुद्ध बंदियों के कल्याण, मानसिक तनाव से मुक्ति तथा उनके सकारात्मक व्यक्तित्व निर्माण के उद्देश्य से आर्ट ऑफ लिविंग (गोरखपुर चैप्टर) के तत्वावधान में छह दिवसीय विशेष ‘प्रिजन स्मार्ट’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह शिविर परम पूज्य रविशंकर के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।शिविर का संचालन प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक डॉ. रुचि दहिया द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान बंदियों को प्राणायाम, सुदर्शन क्रिया, ध्यान व विभिन्न योगाभ्यास कराए जा रहे हैं। डॉ. दहिया ने बताया कि इस पाठ्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बंदियों के भीतर छिपे तनाव, अवसाद और नकारात्मक प्रवृत्तियों को दूर कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। योग एवं सुदर्शन क्रिया के माध्यम से बंदियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक संतुलन का विकास हो रहा है।जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में कारागार केवल सजा काटने का स्थान नहीं, बल्कि सुधार गृह के रूप में विकसित हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य में सुधार लाने के साथ-साथ उनके व्यवहार एवं जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनेगी।जेलर अरुण कुमार कुशवाहा ने कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक एवं योग आधारित शिविर बंदियों में आत्मचिंतन, अनुशासन और आत्म-सुधार की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम तनावपूर्ण जेल वातावरण से बाहर निकलकर स्वस्थ मानसिक चेतना के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे।शिविर के पहले दिन बंदियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। जेल प्रशासन ने आर्ट ऑफ लिविंग गोरखपुर चैप्टर व रविशंकर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि कार्यक्रम के समापन के बाद बंदियों के दृष्टिकोण एवं जीवन जीने की शैली में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।इस अवसर पर जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय, जेलर अरुण कुमार कुशवाहा, उप जेलर विजय कुमार, आदित्य कुमार, कृष्णा कुमारी,अमिता श्रीवास्तव सहित कारागार के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



