नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 30 मई 2026 शनिवार

///////////////////////////////////////

स्वास्थ्य अमला ड्यूटी से नदारद रहे तो रुकेगा वेतन: सार्थक एप पर हाजिरी अनिवार्य, कलेक्टर के सख्त निर्देश

गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष अभियान: सोम-मंगल को होगा हीमोग्लोबिन व बीपी परीक्षण

जिला स्वास्थ्य समिति बैठक में मातृ-शिशु सेवाओं की गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर

नीमच, 29 मई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि समस्त चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी सार्थक एप पर प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज करना सुनिश्चित करें। उपस्थिति दर्ज न करने वाले अधिकारी-कर्मचारी का वेतन आहरण नहीं किया जाएगा। सभी को निर्धारित समयावधि में ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।

कलेक्टर के प्रमुख निर्देश: सोमवार एवं मंगलवार को विशेष अभियान चलाकर जिले की प्रत्येक गर्भवती महिला का हीमोग्लोबिन एवं ब्लड प्रेशर परीक्षण किया जाए। प्रसव पूर्व दी जाने वाली सभी सेवाएं गुणवत्तापूर्ण हों। ग्राम स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं ताकि जिला चिकित्सालय पर अनावश्यक रेफरल की स्थिति न बने। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की बैक ट्रैकिंग कर सामुदायिक स्तर पर सेवाओं की पुष्टि करें। समग्र आईडी के अभाव में लंबित गर्भावस्था पंजीयन हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी, पीओ डूडा से समन्वय कर समग्र बनवाना सुनिश्चित करें। प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को सीएमएचओ एवं डीपीओ ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस पर संयुक्त भ्रमण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करें।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने बाल एवं शिशु मृत्यु समीक्षा, गृह आधारित नवजात देखभाल, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, आयुष्मान भारत अभियान, टीबी नियंत्रण, एड्स नियंत्रण, गैर संचारी रोग, मलेरिया, अंधत्व निवारण, कुष्ठ नियंत्रण एवं परिवार कल्याण कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, डीपीओ सुश्री अंकिता पंड्या, सीएमएचओ डॉ. दिनेश प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र पाटील, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.एम. मांगरिया सहित समस्त बीएमओ, मेडिकल ऑफिसर एवं नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

==========

हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष विषय पर व्याख्यान आज

नीमच। कृति (साहित्यिक, सांस्कृतिक, सामाजिक) संस्था, नीमच द्वारा कोलकाता से प्रकाशित प्रथम हिंदी समाचार पत्र ‘‘उदंत मार्तण्ड‘‘ की 200 वीं जयंती एवं हिंदी पत्रकारिता दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन 30 मई 2026 को रात 8.30 बजे से परशुराम मंदिर सभागृह, एल.आई.सी.रोड पर किया गया है। इस संवाद कार्यक्रम में हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष विषय पर श्री हेमंत चतुर्वेदी क्षेत्रीय संपादक – पंजाब केसरी (डिजिटल), म.प्र./छत्तीसगढ़ अपने विचार व्यक्त करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं कवि श्री धर्मेंद्र शर्मा करेंगे। यह जानकारी देते हुए कृति के अध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी और सचिव रघुनंदन पाराशर ने शहर और आस पास के सभी मीडिया से जुड़े मित्रों, सहयोगियों और हिंदी प्रेमियों से अनुरोध किया है कि आप सपरिवार एवं मित्रों सहित पधारकर हिंदी पत्रकारिता की ऐतिहासिक विचार यात्रा के साक्षी अवश्य बने।

==========

अल्ट्राटेक सीमेंट द्वारा 58 वर्ष में की जा रही सेवानिवृत्ति अवैध
औद्योगिक न्यायालय इंदौर का अहम निर्णय

नीमच दिनांक 28 मई 2026। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन सीटू के प्रदेश सचिव कामरेड शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि दिनांक 13 मई 2026 माननीय औद्योगिक न्यायालय इंदौर द्वारा दो मामलों में अल्ट्राटेक सीमेंट खोर, तहसील जावद जिला नीमच के प्रबंधन द्वारा 58 वर्ष की उम्र में फैक्ट्री श्रमिकों टेक्नीशियनों और कर्मचारीयों की की जा रही सेवानिवृत्ति को अवैध और अनुचित माना है।
फैक्ट्री में कार्यरत दीपक कुलश्रेष्ठ एवं उद्यमी राम जाट की 58 वर्ष की आयु में की गई सेवानिवृत्ति को दोनों श्रमिकों ने औद्योगिक न्यायालय में चुनौती दी थी। प्रकरण की पूर्ण सुनवाई के पश्चात माननीय औद्योगिक न्यायालय द्वारा इन दोनों की सेवानिवृत्ति को न्यायालय ने अनुचित और अवैध माना है।
कामरेड ठाकुर ने बताया कि याद रहे यूनियन के लंबे संघर्ष के पश्चात मध्य प्रदेश सरकार ने 28 जून 20 14 में मध्य प्रदेश मानक स्थाई आदेश में औद्योगिक श्रमिकों की सेवानिवृत्ति की आयु को 58 वर्ष के स्थान पर 60 वर्ष किया था। 25 अक्टूबर 2014 में मध्य प्रदेश सरकार के राजपत्र में भी अधिसूचना जारी कर दी गई थी। किंतु अल्ट्राटेक सीमेंट द्वारा मध्य प्रदेश सरकार के उपरोक्त राजपत्र को न मानते हुए मनमानी कार्रवाई करते हुए अपने यहां के तमाम श्रमिकों को लगातार 58 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्ति किया जा रहा है ।
इस संबंध में पूर्व में भी कई श्रमिक औद्योगिक न्यायालय, श्रम न्यायालय एवं माननीय उच्च न्यायालय इंदौर खंडपीठ डबल बेंच से भी अपने प्रकरण जीत चुके हैं। किंतु अल्ट्राटेक सीमेंट प्रबंधन का मनमाना रवैया अभी तक जारी है। हाईकोर्ट से जीते हुए प्रकरणों के विरुद्ध अपील करने सीमेंट प्रबंधन सुप्रीम कोर्ट पहुंचा है ।इस संबंध में हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने सर्वोच्च न्यायालय लोक अदालत जो की नीमच में विधीक प्राधिकरण में दिनांक 21, 22, 23 मई 2026 को आयोजित की गई थी। यह मामला समझौते हेतु भेजा था। किंतु प्रबंधन प्रबंधन का रुख संतोषजनक नहीं था। दीपक कुलश्रेष्ठ एवं उद्यमी राम जाट के मामले में औद्योगिक न्यायालय ने इन दोनों के पूर्व के सेवाकाल का पूरा वेतन दोनों श्रमिकों को प्रबंधन द्वारा दिए जाने का एवं 1 जून 2026 से बचे हुए सेवाकाल हेतु फैक्ट्री में ज्वाइन करने का आदेश दिया है। न्यायालय में मामले की पैरवी श्री बीएस शेखावत ने की। सेवानिवृत्ति के मामले में न्यायालय के इस निर्णय से अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिकों में हर्ष है। और अन्य 58 वर्ष की आयु में सेवानिवृत कर्मचारियों के लिए न्यायालय जाने का मार्ग प्रशांत हुआ है।

==========

मंत्री नारायण सिंह कुशवाह का 30 मई को नीमच दौरा, कुकड़ेश्वर में करेंगे सम्मान समारोह में शिरकत

सुबह 9:15 बजे नीमच आगमन

कुकड़ेश्वर में छात्र-छात्राओं व सेवानिवृत्त कर्मियों का करेंगे सम्मान

नीमच, 29 मई 2026। मंत्री, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग, म.प्र. शासन एवं प्रभारी मंत्री जिला शाजापुर, श्री नारायण सिंह कुशवाह 30 मई 2026 को नीमच जिले के प्रवास पर रहेंगे। दौरा कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा: रात्रि 12:20 बजे* रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से ट्रेन नं. 17605 भगत की कोठी एक्सप्रेस से नीमच के लिए प्रस्थान। प्रातः 9:15 बजे नीमच रेलवे स्टेशन आगमन एवं सर्किट हाउस नीमच के लिए कार द्वारा प्रस्थान। प्रातः 9:20 बजे सर्किट हाउस नीमच आगमन एवं आरक्षित। प्रातः 11:00 बजे नीमच से कुकड़ेश्वर, मनासा के लिए प्रस्थान। प्रातः 11:40 बजे कुकड़ेश्वर आगमन। यहां हनुमंतिया रोड स्थित कुशवाह धर्मशाला में सकल कुशवाह समाज (कुश कल्याण मंच) द्वारा आयोजित छात्र-छात्राओं तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान समारोह में सम्मिलित होंगे। तत्पश्चात श्री कुशवाहा दोपहर 3:00 बजे कुकड़ेश्वर से श्री सांवरिया जी मण्‍डफिया धाम, जिला चित्तौड़गढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे।

===========

सिंगोली मे मिष्ठान भंडार से 3 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

व्यावसायिक उपयोग पर तहसीलदार ने की कार्रवाई

नीमच/सिंगोली, 29 मई 2026। तहसीलदार श्री प्रेम शंकर पटेल एवं टीम द्वारा शुक्रवार को सिंगोली स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार पर छापामार कार्रवाई की गई। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में घरेलू गैस के 3 सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग करते पाए गए। तहसीलदार श्री पटेल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर लिए। जब्त किए गए सिलेंडर दिनेश पिता वक्तावर सिंह की सुपुर्दगी में दिए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग दंडनीय अपराध है और इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

=============

पोषण में नीमच का परचम: कुपोषण सुधार व FRS में प्रदेश में प्रथम, कलेक्टर ने दी बधाई

जिला पोषण समिति बैठक में कलेक्टर ने की महिला एवं बाल कल्याण कार्यक्रमों की समीक्षा

नीमच, 29 मई 2026 कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव की उपस्थिति में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित हुई। जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या ने पीपीटी के माध्यम से प्रगति प्रस्तुत की।

नीमच की उपलब्धियां: कलेक्टर श्री चंद्रा ने FRS व आंगनवाड़ी संचालन में न्यूनतम 21 दिवस, अति गंभीर कुपोषित बच्चों के श्रेणी सुधार में प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहने पर टीम को बधाई दी। साथ ही आभा आईडी में प्रदेश में तीसरा, अपार आईडी में चौथा, गर्म पका भोजन वितरण में पांचवां, टेक होम राशन वितरण में दूसरा तथा शाला पूर्व शिक्षा में प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर सराहना की। संभाग में जिला सभी मानकों पर प्रथम रहा।

कलेक्टर के प्रमुख निर्देश: 15 जून 2026 तक FRS, आभा आईडी, अपार आईडी का शेष कार्य पूर्ण करें। कोई भी बच्चा वजन से वंचित न रहे। सभी आंगनवाड़ियों में पोषण वाटिका तैयार करें व नियमित संचालन सुनिश्चित करें। सैम, मैम व अतिकम वजन के बच्चों का नामवार चिन्हांकन कर हॉट स्पॉट केंद्रों पर माह में एक बार स्वास्थ्य कैंप लगाएं।

एडॉप्ट एन आंगनवाड़ी के तहत समुदाय के सहयोग से कुपोषण दूर करें। NRC में बच्चों की नियमित भर्ती हो। सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों में सुविधाओं का विस्तार करें। लापरवाह कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करें। गर्म पके भोजन व टेक होम राशन की नियमित निगरानी हो। वितरण न करने वाले समूहों पर कार्रवाई हो।

बैठक में सीएमएचओ डॉ. दिनेश प्रसाद, सहायक संचालक श्री वैभव बैरागी, समस्त बीएमओ, परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं ब्लॉक समन्वयक उपस्थित थे।

==============

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}