धर्म, सेवा और संस्कार का संगम : समाजसेवी जगदीश अग्रवाल के नेतृत्व में निकलेगी विशाल वाहन शोभायात्रा

गरोठ नगर में मंदिरों के जीर्णोद्धार से लेकर धार्मिक चेतना जागृत करने तक निभा रहे अग्रणी भूमिका
— सतीश शर्मा
गरोठ- धर्मनगरी के रूप में अपनी पहचान बना रहे गरोठ नगर में एक बार फिर धार्मिक आस्था और सनातन संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिलेगा। श्री खेड़ापति बालाजी मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में 11 मई 2026 सोमवार को विशाल वाहन शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जो श्री मृत्युंजय महादेव मंदिर चौराहा से प्रारंभ होकर बोलिया रोड स्थित श्री खेड़ापति बालाजी मंदिर पर समापन करेगी। शोभायात्रा सायं 5 बजे प्रारंभ होगी।
इस धार्मिक आयोजन के केंद्र में समाजसेवी एवं धर्मप्रेमी जगदीश अग्रवाल की प्रेरणादायी भूमिका विशेष रूप से चर्चा का विषय बनी हुई है। वर्षों से गरोठ नगर में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक चेतना को सशक्त बनाने में अग्रणी भूमिका निभा रहे जगदीश अग्रवाल ने केवल आयोजन ही नहीं किए, बल्कि नगर की धार्मिक धरोहरों को नई पहचान दिलाने का कार्य भी किया है।
मंदिरों के जीर्णोद्धार से बदली धार्मिक पहचान
गरोठ नगर के प्रसिद्ध श्री मृत्युंजय महादेव मंदिर एवं श्री गुप्तेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य में जगदीश अग्रवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके प्रयासों से इन प्राचीन मंदिरों को नया स्वरूप मिला और धार्मिक गतिविधियों को नई ऊर्जा प्राप्त हुई।
इसके साथ ही “हारे के सहारे” के रूप में प्रसिद्ध श्री खाटू श्याम मंदिर की स्थापना कर उन्होंने नगरवासियों को भक्ति का नया केंद्र प्रदान किया। अब श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर के कायाकल्प एवं विकास कार्यों के माध्यम से धार्मिक आस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है।
धर्मप्रेमियों से सहभागिता का आह्वान
शोभायात्रा में भगवान श्रीराम दरबार एवं पवित्र कलशों का पूजन एवं स्वागत किया जाएगा। समिति द्वारा नगरवासियों एवं धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया गया है।
धार्मिक उत्साह और भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन को लेकर नगर में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है।आयोजन समिति के अनुसार शोभायात्रा में आकर्षक वाहन, भगवा ध्वज,भजन-कीर्तन और धार्मिक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
समिति के पदाधिकारी एवं सहयोगी–आयोजन को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल के साथ ओमप्रकाश पाटीदार “काका”, कैलाश जागरी, पूरालाल मालवीय, पंकज शर्मा, दिनेश धनोतिया, सचिन अग्रवाल, गोकुलसिंह चौहान, जगदीश पटेल, रामगोपाल कोटवाल, रविन्द्र पाटीदार, बालाराम चौधरी, पं. श्याम बैरागी सहित श्री खेड़ापति बालाजी मंदिर सेवा समिति के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
*गरोठ नगर में धार्मिक नवजागरण और सांस्कृतिक एकता की यह भावना समाजसेवी जगदीश अग्रवाल के सतत प्रयासों का जीवंत उदाहरण बनती जा रही है।



