शामगढ़ तहसील में शिक्षक पर गंभीर आरोप: जनगणना व निर्वाचन कार्यों में पद का दुरुपयोग और भ्रष्टाचार की शिकायत

शामगढ़ तहसील में शिक्षक पर गंभीर आरोप: जनगणना व निर्वाचन कार्यों में पद का दुरुपयोग और भ्रष्टाचार की शिकायत
✍️पंकज बैरागी
सुवासरा-जिला मंदसौर की शामगढ़ तहसील में पदस्थ एक प्राथमिक शिक्षक पर लंबे समय से अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में कलेक्टर महोदय को एक विस्तृत शिकायत पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
क्या हैं मुख्य आरोप?
शिकायत के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय मकडावन में पदस्थ शिक्षक संजय शर्मा पिछले लगभग 5 वर्षों से विद्यालय नहीं जाकर तहसील कार्यालय शामगढ़ में कार्य कर रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने बिना शिक्षा विभाग की अनुमति के स्वयं को तहसील में “अटैच” बताया और अपने मूल पद के बजाय माध्यमिक शिक्षक के रूप में प्रस्तुत किया।
निर्वाचन कार्य के दौरान स्वयं को सुपरवाइजर नियुक्त कराया ,जनगणना एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों में सक्रिय रहकर आर्थिक लाभ लेने के आरोप, कर्मचारियों पर दबाव और डर का माहौल बनाने की शिकायत, महिला आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं BLO कर्मचारियों के साथ अनुचित व्यवहार,
रिश्तेदारों को लाभ पहुंचाने का आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि संजय शर्मा ने अपने रिश्तेदारों को नियम विरुद्ध तरीके से जनगणना कार्य में लाभ पहुंचाया:पत्नी आशु शर्मा (प्राथमिक शिक्षक) को माध्यमिक शिक्षक दर्शाकर सुपरवाइजर बनाया गया बहन रेखा शर्मा को भी इसी प्रकार प्रगणक के स्थान पर सुपरवाइजर नियुक्त कराया गया
जबकि कई वरिष्ठ माध्यमिक शिक्षक वर्ग-2 कर्मचारियों को प्रगणक बनाया गया और जूनियर कर्मचारियों को सुपरवाइजर नियुक्त किया गया, जो कर्मचारी नियमों के विपरीत बताया गया है।
लेन-देन और ड्यूटी में हेरफेर के आरोप
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि:
निर्वाचन कार्य के दौरान BLO और सुपरवाइजरों को कथित रूप से लेन-देन कर हटाया गया
जनगणना कार्य में कर्मचारियों की ड्यूटी पैसे लेकर बदली गई
कई कर्मचारियों की ड्यूटी निरस्त कर अन्य को नियुक्त किया गया
कर्मचारी संगठनों की मांग
शामगढ़ ब्लॉक के कर्मचारी एवं शिक्षक संगठनों ने मांग की है कि:
पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो
जनगणना कार्य में वरिष्ठता का पालन किया जाए
गलत तरीके से नियुक्त सुपरवाइजरों को तत्काल हटाया जाए
संबंधित कर्मचारी को तहसील कार्यालय से हटाकर विभागीय कार्रवाई की जाए
किसे भेजी गई शिकायत?
इस मामले की प्रतिलिपि निम्न अधिकारियों को भी भेजी गई है:
राज्य निर्वाचन आयोग
जनगणना निदेशालय, भोपाल
कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी, मंदसौर
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), गरोठ-सीतामऊ
तहसीलदार, शामगढ़



