नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 23 अप्रैल 2026 गुरुवार

जल गंगा संवर्धन अभियान जल स्त्रोत सेवा समागम

कलश यात्रा, जल स्त्रोत एवं वृक्ष पूजन कर किया श्रमदान

जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल स्त्रोत सेवा समागम कार्यक्रम के द्वितीय चरण में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखण्‍ड नीमच के सेक्‍टर महुडिया की नवांकुर संस्था द फर्स्ट गोल सोशल वेलफेयर फाउंडेशन नीमच और ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बमोरी द्वारा ग्राम बमोरी में कलश यात्रा एवं तालाब घाट पर जल स्त्रोत पूजन, वृक्ष पूजन एवं श्रमदान कार्यक्रम किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्री शिव बैरागी, कंवरलाल मेघवाल, राधेश्याम पुरी, बंसीलाल, प्रेम पुरी, शंभू लाल सेन, प्रस्फुटन समिति बमोरा अध्यक्ष द्वारकादास बैरागी, सामाजिक कार्यकर्ता की विशेष उपस्थिति में किया गया। पूजन उपरांत तालाब पर सामूहिक श्रमदान के माध्यम से घाट की साफ सफाई की जिसमे उपस्थित अतिथियों के साथ प्रस्फुटन समिति सदस्यों, समाज कार्य पाठ्यक्रम विद्यार्थियों और ग्रामवासियों ने स्वच्छता श्रमदान कर घाट को स्वच्छ किया इस दौरान सामाजिक, संस्था अध्यक्ष जहीन भसीन, निकिता जाट, परामर्शदाता राजकुमारी चौधरी, मुख्‍यमंत्री सामुदायिक नेतृत्‍व क्षमता विकास पाठयक्रम के संगीता मालवीय, राहुल कुमार, केसर देवी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, विद्या देवी, आशा चंद्रकला, पूजा, धापू बाई, सुगन भाई, निर्मला बाई, श्याम लता बाई, कोमल अहीर, शिवानी अहीर, धापू बाई का विशेष सहयोग रहा।

========

ग्राम जयसिंहपुरा में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया

अतिक्रमण स्थल पर सामुदायिक भवन निर्माण हेतु भूमि ग्राम पंचायत को सुपुर्द की

नीमच 22 अप्रैल 2026, एसडीएम नीमच श्री संजीव साहू ने सोशल मीडिया में प्रसारित ग्राम जयसिंहपुरा, तहसील नीमच नगर में अतिक्रमण हटाने के दौरान आगजनी की घटना के संबंध में वस्तुस्थिति स्पष्ट की है। एसडीएम नीमच श्री संजीव साहू ने बताया कि न्यायालय नायब तहसीलदार तहसील नीमच नगर के प्रकरण क्रमांक 0002/अ-68/2024-25, आदेश दिनांक 22.11.2024 द्वारा ग्राम जयसिंहपुरा के सर्वे नंबर 384/1/1 रकबा 1.997 हे. मद बर्डी शासकीय भूमि में अतिक्रमित रकबा 0.061 हे. पर अतिक्रमणकर्ता गोपाल जाटव पिता प्रमुलाल जाटव के विरुद्ध बे-दखली आदेश पारित किया गया था। तद्समय स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासनिक टीम द्वारा उक्त आदेश के पालन में अतिक्रमण हटाया गया था।

उक्त आदेश के विरुद्ध अनुविभागीय अधिकारी राजस्व उपखण्ड नीमच के न्यायालय में अपील प्रस्तुत की गई, जिसके अपीलीय प्रकरण क्रमांक 0164/अपील/2024-25 पर पंजीबद्ध होकर नायब तहसीलदार नीमच नगर के आदेश को स्थिर रखा गया। न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के अपीलीय प्रकरण के विरुद्ध न्यायालय अपर कलेक्टर जिला नीमच के न्यायालय में निगरानी प्रस्तुत की गई, जो प्रकरण क्रमांक 003/निगरानी/2025-26 पर पंजीबद्ध होकर न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी नीमच व नायब तहसीलदार नीमच नगर के आदेश को यथावत रखा गया। अतिक्रमणकर्ता द्वारा एक बार अतिक्रमण हटाए जाने के उपरांत पुनः अतिक्रमण करने से सिविल जेल की कार्यवाही की गई, किंतु अतिक्रमण नहीं हटाया गया।

चूंकि अतिक्रमित स्थल पर पंचायत के सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है तथा विगत एक वर्ष से अधिक समय से अतिक्रमणकर्ता गोपाल जाटव एवं उनके परिवार द्वारा बार-बार अतिक्रमण किए जाने से निर्माण में विलंब हो रहा था। अतः 22. अप्रैल2026 को तहसीलदार नीमच नगर, नायब तहसीलदार नीमच नगर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नीमच, थाना प्रभारी बघाना, पंचायत एवं राजस्वकर्मी की टीम को अतिक्रमण हटाने हेतु भेजा गया। टीम की उपस्थिति में मौके से शांतिपूर्ण तरीके से अतिक्रमणकर्ता का सामान हटाकर भूमि अतिक्रमण मुक्त करवाई गई। यह भी पाया गया कि अतिक्रमण की गई भूमि से लगकर गोपाल जाटव का पी.एम. आवास निर्मित है तथा परिवार निवासरत है, जिसे नहीं हटाया गया है।

मौके पर प्रशासनिक टीम द्वारा अतिक्रमण स्थल पर निर्मित झोपड़ी के सभी सामान को बाहर निकालकर सुरक्षित रखा गया तथा झोपड़ी खाली करवाई गई। झोपड़ी खाली करवाने के पश्चात अचानक गोपाल जाटव की बेटी ममता द्वारा पीछे से खाली झोपड़ी में आग लगा दी गई। चूंकि झोपड़ी पॉलीथिन से निर्मित थी, जिसके कारण पूरी झोपड़ी ने तत्काल आग पकड़ ली, किंतु प्रशासकीय अमले द्वारा तत्परतापूर्वक आग बुझा दी गई। मौके पर किसी प्रकार के सामान नुकसानी अथवा अन्य कोई नुकसानी की घटना कारित नहीं हुई व उक्त भूमि को सामुदायिक भवन निर्माण हेतु ग्राम पंचायत को सुपुर्दगी में दे दी गई हैं।

एसडीएम नीमच श्री संजीव साहू ने बताया कि मीडिया के माध्यम से यह तथ्य संज्ञान में आया है कि श्री नानुराम जाटव की मृत्यु को अतिक्रमण हटाने की घटना से जोड़ा जा रहा है। किंतु मौके पर अतिक्रमण हटाने के दौरान श्री नानुराम जाटव उपस्थित नहीं थे, प्राप्त जानकारी अनुसार उनकी मृत्यु ग्राम झांझरवाड़ा में स्वास्थ्य खराब होने से हुई, जिसका अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही से कोई संबंध नहीं है।

=========

जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्‍णव ने किया नशामुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण

नीमच 22 अप्रैल 2026, जिला पंचायत सीईओ एवं प्रशासक भारतीय रेडक्रास सोसायटी श्री अमन वैष्‍णव ने बुधवार को रेडक्रास नशामुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री वैष्‍णव ने नशामुक्ति केंद्र द्वारा संधारित अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्‍होने केंद्र में उपचाररत नशे के आदि व्‍यक्तियों से चर्चा की तथा उपस्थित कर्मचारियों को सफाई व्‍यवस्‍था सुधारने एवं केंद्र में आवश्‍यक कम्‍प्‍यूटर, रेक, अलमारी, भवन की पुताई आदि कार्य करवाने एवं केंद्र की सुरक्षा व्‍यवस्‍था हेतु सीसीटीवी केमरे दुरस्‍त करवाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर डिप्‍टी एवं सहायक प्रशासक श्री पराग जैन, नि:शक्‍तजन कल्‍याण के श्री विनीत दुबे एवं नशामुक्ति केंद्र के कर्मचारी उपस्थि‍त थे।

=============

बगैर ई-टोकन के उर्वरक विक्रय करने पर दो विक्रेताओं के पंजीयन निल‍ंबित

नीमच 22 अप्रेल 2026, कृषि विभाग द्वारा ई-टोकन के बिना उर्वरक विक्रय/वितरण करने पर दो संस्‍थानों के खुदरा उर्वरक पंजीयन तत्‍काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए है। उपसंचालक कृषि श्री दिनेश मण्‍डलोई ने बताया, कि 21 अप्रेल 2026 को लाठी बीज भण्‍डार मनासा एवं पाटीदार कृषि सेवा केंद्र मनासा द्वारा बगैर ई-टोकन के उर्वरक विक्रय/वितरण करना पाए जाने पर उक्‍त दोनो उर्वरक विक्रेताओं के पंजीयन निलम्बित कर दिए गये है।

==================

नीमच में प्‍लेसमेंट ड्राईव सम्‍पन्‍न  22 युवाओं को मिले आफर लेटर

नीमच 22 अप्रेल 2026, जिला रोजगार कार्यालय नीमच में बुधवार को प्‍लेसमेंट ड्राईव आयोजित किया गया। प्‍लेसमेंट ड्राइव में क्रेडिट एक्‍सीस ग्रामीण लिमिटेड कंपनी ने सहभागिता की। ड्राइव में कुल 33 आकांक्षी युवाओं ने पंजीयन कराया, जिनमें से चयन प्रक्रिया उपरांत 22 युवओं को कंपनी द्वारा आफर लेटर प्रदान किए गए है। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी श्री दिनेश परमार ने दी हैं।

==============

ग्राम देवरिया में पेयजल कुएं की साफ-सफाई करवाई

पेयजल स्रोतों की सफाई

नीमच 22 अप्रैल 2026, जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत एक दिन ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई के अभियान के क्रम में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में गत दिवस ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई का कार्य ग्राम पंचायतों द्वारा संपादित किया गया। ग्राम देवरिया, ग्राम पंचायत बधावा, जनपद पंचायत जावद में स्थित ग्राम के पेयजल कुएं की साफ-सफाई कर जाली लगाने का कार्य पूर्ण करवाया गया।

==============

“पोषण पखवाड़ा” के तहत जिले में पाँच स्थानों पर

निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर एवं मातृ-शिशु पोषण जागरूकता कार्यक्रम सम्‍पन्‍न

कुल 238 हितग्राहियों ने स्वास्थ्य लाभ लिया

नीमच 22 अप्रैल 2026 “पोषण पखवाड़ा” के तहत नीमच जिले में पाँच स्थानों पर निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर एवं मातृ एवं शिशु पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिविरों का आयोजन आयुष्मान आरोग्य मंदिर चिताखेड़ा द्वारा ग्राम रामनगर, आयुष्मान आरोग्य मंदिर थडोद द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2, शासकीय आयुर्वेद औषधालय हरवार द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2, शासकीय आयुर्वेद औषधालय नीमच सिटी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-71 एवं शासकीय आयुर्वेद औषधालय मनासा द्वारा ग्राम जमुनिया रावजी के आंगनवाड़ी केंद्र पर किया गया।

इन शिविरों में आमवात, संधिवात, चर्म रोग, श्वास, कास, प्रतिश्याय, उदर रोग, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप, अर्श, अम्लपित्त, अग्निमांद्य, ज्वर, विबंध, साइटिका, प्रमेह आदि रोगों की जांच कर रोगियों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही रक्तचाप की निःशुल्क जांच की गई एवं विभिन्न पौष्टिक आहार सामग्रियों के स्टॉल के माध्यम से उनकी उपयोगिता की जानकारी दी गई।

कार्यक्रमों में गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को संतुलित आहार, सुपोषण, स्तनपान के महत्व एवं जन्म से 2 वर्ष तक के बच्चों के समुचित पोषण के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव, तनाव मुक्ति एवं स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के बारे में आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।

शिविरों में डॉ.तारेन्द्र सिंह सोनगरा, डॉ.आर.पी.वर्मा, डॉ.नीरज भाटी, डॉ.मदनलाल पाटीदार, डॉ. सीमा पाटीदार सहित श्री जगदीश इरवार, श्रीमती संजू भदौरिया, श्री आजाद मंसूरी, श्री दिलीप कुमार टिपण एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं ने सेवाएं एवं सहयोग प्रदान किया। इन शिविरों में कुल 238 हितग्राहियों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया, जिनमें चिताखेड़ा में 41, हरवार में 54, नीमच सिटी में 36 एवं मनासा में 67 हितग्राही सम्मिलित है।

==================

नवीन सड़कों के प्रांक्‍कलन में सड़क सुरक्षा मानकों को शामिल करें- श्री वैष्‍णव

वाहनों पर ब्‍लेक फिल्‍म पाए जाने पर सख्‍त कार्यवाही की जाए-जिला पंचायत सीईओ

जिला स्‍तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्‍पन्‍न

नीमच 22 अप्रेल 2026, जिले में वाहनों पर काली फिल्‍म लगाकर वाहन उपयोग करने वालों, हेलमेट का उपयोग नहीं करने वाले, दो पहिया वाहन चालकों के विरूद्ध चालानी कार्यवाही निरंतर जारी है। प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों, ओव्‍हरलोड एवं लगेज का परिवहन करने वाले यात्री वाहनों के विरूद्ध भी कार्यवाही निरंतर जारी रहे। यह निर्देश जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्‍णव की अध्‍यक्षता में बुधवार को कलेक्‍टोरेट सभाकक्ष नीमच में आयोजित जिला स्‍तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में परिवहन अधिकारी एवं यातायात थाना प्रभारी को दिए गये। बैठक में एडीएम श्री बी.एस.कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू, एसडीओपी श्री अमित राठौर, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण श्री अमित नार्गेश, मुख्‍य चिकित्‍सा अधिकारी डॉ.दिेनेश प्रसाद सहित अन्‍य जिला अधिकारी एवं समिति के सदस्‍यगण उपस्थित थे।

बैठक में बताया गया, कि परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा काली फिल्‍म लगे वाहनों की जांच कर 127 वाहनों पर 68500 रूपये की चालानी कार्यवाही की गई। बिना नम्‍बर प्‍लेट लगे 172 वाहनों पर 86 हजार रूपये की चालानी कार्यवाही की गई।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया, कि वे शाला प्रधानो को पाबंद करें कि उनके शाला परिसर में 16 वर्ष से कम उम्र के कोई भी छात्र-छात्रा बगैर ड्रायविंग लायसेंस के वाहन से स्‍कूल ना आए। संस्‍था प्रमुख शाला परिसर एवं शाला के बाहर भी देखे, कि कोई नाबालिक विद्यार्थी दो पहिया वाहन से स्‍कूल तो नही आ रहा है। अभिभावकों को भी प्रेरित करें, कि कम उम्र के विद्यार्थी वाहन ना चलाए।

बैठक में निर्देश दिए गये, कि मण्‍डी सचिव सुनिश्चित करें, कि नवीन मण्‍डी के बाहर हाईवे पर मण्‍डी में आने वाला कोई भी वाहन पार्किंग ना हो, खड़ा ना रहे।

सड़क निर्माण विभागों के अधिकारियों को नवीन सड़कों के प्रांक्‍कलन तैयार करते समय सड़क सुरक्षा के मानको, प्रावधानों का विशेष ध्‍यान रखने के निर्देश दिए गए।

================

दोपहर के समय अनावश्‍यक घर से बाहर नही निकले डॉ.प्रसाद

लू व तापघात से बचाव के लिये एडवायजरी जारी

नीमच 22 अप्रेल 2026, वर्तमान मैासम में गर्मी का प्रभाव बढने लगा है तथा आगामी दिवस में इसमें और बढोतरी की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए आमजनों को एडवायरी जारी कर सलाह दी गई है, कि इस मौसम में अनावश्‍यक दोपहर के समय घर से बाहर नही निकले। माह अप्रेल मई एवं जून में तापमान की अधिकता के कारण गर्म हवाओ के रूप में लू चलती है, जिससे आमजनों को भी लू लगने की समस्या हो सकती है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया, कि अत्याधिक गर्मी एवं तेज धूप के सम्पर्क में आने से शरीर में पानी एवं नमक (लवण) की कमी हो जाती है जिससे लू लगने की संभावना बढ जाती है। ऐसी स्थिति में आवश्‍यक सावधानियां अपनाना अत्यंत आवश्‍यक है। अनावश्‍यक धूप में निकलने से बचना चाहिये, यदि आवश्‍यक हो, तो सिर पर कपडे या गमछे का उपयोग करे। आखों पर चश्‍मा पहन कर चले। घर से बाहर निकलने से पहले कुछ खाकर निकले जरूरी कार्य सुबह जल्दी या सायंकाल को करे।

डॉ.प्रसाद ने बताया, कि तेज बुखार, सिसदर्द , चक्कर आना, उल्टी , मुहं का सुखना, अत्यधिक प्यास लगना, कमजोरी, पूरे शरीर में दर्द, पसीना नही आना, पेशाब कम आना या पीले गहरे रंग का आना, भूख नही लगना एवं बैहोसी जैसे लक्षण लू के संकेत हो सकते है, ऐसे लक्षण दिखाई दे, तो संबन्धित व्यक्ति को तुरंत छायादार एवं ठंडे स्थान पर लिटाकर प्राथमिक उपचार प्रदान करना चाहिए तथा तुरंत ही नजदिकी स्वास्थ्य केन्द्र पर चिकित्सक को दिखाना चाहिये। लू से बचाव के लिये अत्याधिक मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थो का सेवन करना चाहिए, सूती वस्त्र पहनें एंव ओ.आर.एस.का घोल का सेवन करना चाहिए। धूप में लंबे समय तक कार्य करने से बचना चाहिए। साथ ही दोपहर के समय किचन भट्टी पर कार्य को भी टालना चाहिये। तरल पेय पदार्थ जैसे पानी, छांछ, नींबू का रस, फलों का रस, तरल पेय पदार्थो का उपयोग निरंतर करते रहना चाहिए। डॉ.प्रसाद ने बताया, कि अधीनस्थ चिकित्सकों को इसके लिये निर्देश जारी कर दियें है तथा पर्याप्त मात्रा में ओ.आर.एस. एवं अन्य दवाईयां की व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए गए है।

============

वयवंदना योजना में वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड बनाने विशेष शिविरों का आयोजन

27 अप्रेल से 2 मई तक सघन आयुष्मान अभियान

नीमच 22 अप्रेल 2026, आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाए उपलब्ध कराने के लिए आयुष्‍मान भारत योजना के तहत पात्र हितग्राहि‍यों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिये विशेष शिविरों का आयोजन 27 अप्रेल से किया जा रहा है। एक सप्ताह तक चलने वाले उक्त शिविरों का आयोजन जिले के प्रत्येक सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द पर किया जावेगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद ने बताया, कि इन शिविरों में विशेष रूप आयुष्मान भारत वय वंदना कार्ड बनाने पर जोर दिया जावेगा, जिससे जिले के बुजुर्गो को अधिकतम लाभ मिल सके। डॅा.प्रसाद ने बताया, कि जिले में अभी तक 17000 से अधिक वय वंदना कार्ड बनाए जा चुके है, जिससे वृद्धजन आवश्‍यकता होने पर अनुबंधित अस्पताल में पहुचॅ कर सेवाए प्राप्त कर रहे है। डॅा.प्रसाद ने बताया, कि जिस व्यक्ति के पास पूर्व से आयुष्मान कार्ड है और वह वर्तमान में 70 वर्ष से अधिक का हो गया है, तो उसे आयुष्मान भारत वयवंदना के तहत 5 लाख रू. तक के उपचार की अतिरिक्त पात्रता होगी तथा वह व्यक्ति 10 लाख तक का निःशुल्क उपचार करवा सकेगा। कई ऐसे बुजुर्ग है, जो संतान विहीन है या जिनका परिवार में कोई देखरेख करने वाला नही है और महंगे अस्पताल में ईलाज की राशि नही है उनके लिये यह योजना वरदान साबित हो रही है, ऐसे दंपति मंहगा ईलाज भी अनुबंधित अस्पतालों में करवा कर, सरकार को धन्यवाद कर रहे है। डॅा.प्रसाद ने जिले के सम्मानित बुजुर्गो से अपील की है, कि जिन भी बुजुर्गो का अभी तक कार्ड नही बना है, वे अपने निकट के स्वास्थ्य केन्द्र पर पहुचकर, कार्ड अवश्‍य बनवाए, जिनके मोबाईल नम्‍बर अपडेट नही है या फिंगर प्रिन्ट मैच नही हो रहे है, वे एक बार आधार केन्द्र जाकर, अपना डेटा ठीक करवा ले, जिससे उनका आधार कार्ड आसानी से बनाया जा सके।

========

जिला स्‍वास्‍थ्‍य समिति की बैठक 24 अपेल को

नीमच 22 अप्रेल 2026, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्‍यक्षता में जिला स्‍वास्‍थ्‍य समिति की कार्यकारी समिति की बैठक 24 अप्रेल 2026 को सांय 4 बजे कलेक्‍टोरेट सभाकक्ष नीमच में आयोजित की जा रही है। सभी सदस्‍यों से इस बैठक में उपस्थित होने का आगृह मुख्‍य चिकित्‍सा अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद ने किया है।

=======

जल गंगा संवर्धन अभियान जल स्त्रोत सेवा समागम

पोस्टर डिजाइन से जल संरक्षण जागरूकता का संदेश

जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल स्त्रोत सेवा समागम कार्यक्रम के द्वितीय चरण में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखण्‍ड नीमच द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के विद्यार्थियों द्वारा पोस्टर डिजाइन से जल संरक्षण जागरूकता का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}