रतलामआलोट

ध्रुविका झंवर का ISRO के YUVIKA कार्यक्रम में चयन, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में हर्ष का वातावरण

ध्रुविका झंवर का ISRO के YUVIKA कार्यक्रम में चयन, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में हर्ष का वातावरण

 

किशनगढ़ ताल

ठा शंभू सिंह तंवर

भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत संचालित , पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, खामरिया आलोट (रतलाम-2) की मेधावी छात्रा ध्रुविका झंवर का चयन (ISRO) द्वारा संचालित प्रतिष्ठित युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम (YUVIKA) में होना पूरे विद्यालय, क्षेत्र एवं जिले के लिए गर्व और खुशी का विषय है। यह कार्यक्रम देशभर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रारंभिक स्तर पर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।

ध्रुविका झंवर वर्तमान में कक्षा 10 की एक होनहार एवं परिश्रमी छात्रा हैं, जिन्होंने अपनी निरंतर मेहनत, अनुशासन और विज्ञान के प्रति गहरी रुचि के माध्यम से इस राष्ट्रीय स्तर के चयन में सफलता प्राप्त की है। YUVIKA कार्यक्रम के अंतर्गत उन्हें सतीश धवन स्पेस सेंटर, श्रीहरिकोटा में 10 मई 2026 से प्रारंभ होने वाले लगभग दो सप्ताह के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा, जिसमें उन्हें रॉकेट, उपग्रह, अंतरिक्ष मिशन, वैज्ञानिक प्रयोगों एवं आधुनिक तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी, साथ ही देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों के साथ संवाद का भी अवसर मिलेगा।

विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने के लिए अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। यहाँ शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिसके परिणामस्वरूप विद्यार्थी निरंतर विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियाँ प्राप्त कर रहे हैं।

विद्यालय के प्राचार्य शांतिलाल तेली एवं उप प्राचार्य श्रीमती सुचिता खुराना सहित समस्त शिक्षकों व स्टाफ ने ध्रुविका की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ध्रुविका की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और भविष्य में और भी विद्यार्थी इस प्रकार के प्रतिष्ठित कार्यक्रमों में चयनित होकर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने भी ध्रुविका झंवर को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}