समाचार मध्यप्रदेश नीमच 22 सितंबर 2025 सोमवार

///////////////////////////////////////////
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से नीमच के मछुआरों की बढ़ी आमदनी
मोटरसाइकिल विथ आइस बॉक्स, पेन कैचर और केज कल्चर से मछुआरा समितियां हो रहीं आर्थिक रूप से सक्षम
नीमच 21 सितम्बर 2025, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) देशभर में मछुआरों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और मत्स्य व्यवसाय को नई दिशा देने का काम कर रही है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश के नीमच जिले की विभिन्न मत्स्य सहकारी समितियां इस योजना का सीधा लाभ उठा रही हैं। इस योजना के तहत छोटे मछुआरों को मत्स्य परिवहन के लिए मोटरसाइकिल, तीन पहिया रिक्शा और साइकिल विथ आइस बॉक्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। केंद्र सरकार इन साधनों पर 40 से 60 प्रतिशत तक अनुदान देती है। इससे मछुआरे ताजा मछलियों को सुरक्षित रखकर बाजार में बेहतर दामों पर विक्रय कर पा रहे हैं। साथ ही बंद ऋतु के दौरान “बचत सह राहत योजना” के अंतर्गत पात्र मछुआरों को प्रतिवर्ष ₹3000 की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खातों में दी जा रही है।
नीमच जिले के रतनगढ़ क्षेत्र के नया पुराना डेम पर जय जोगणिया मत्स्य सहकारी समिति को इस योजना का बड़ा लाभ मिला है। समिति ने यहां पहली बार 2 पेन कैचर स्थापित किए हैं, वहीं जिले में नवाचार करते हुए 4 नए केज कल्चर की भी शुरुआत की गई है। इनसे न सिर्फ मछली उत्पादन बढ़ा है बल्कि समितियों की आय और सदस्यों की आजीविका भी सुदृढ़ हुई है।
जिला मत्स्य विभाग अधिकारी देवचंद शाह इनवाती ने बताया कि जिले के मछुआरों को योजना अंतर्गत मोटरसाइकिल और रिक्शा विथ आइस बॉक्स उपलब्ध कराए गए हैं। इससे मछुआरे मछलियों को सुरक्षित रखकर बाजार तक पहुंचा रहे हैं और अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार कर पा रहे हैं। साथ ही, पहली बार दो पेन कैचर इकाई और चार केज कल्चर की स्थापना कर जिले में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने की दिशा में कदम उठाया गया है।
जय जोगणिया मत्स्य सहकारी समिति, मानपुरा के सचिव गोपाल दास ने बताया कि उन्हें 10 वर्षों के लिए नया पुराना तालाब मत्स्याखेट हेतु आवंटित हुआ है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना अंतर्गत 2 हेक्टर क्षेत्र में पेन कैचर इकाई के लिए ₹3.60 लाख का अनुदान मिला। साथ ही केज कल्चर इकाइयों की स्थापना भी हुई है। इससे समिति को आर्थिक मजबूती मिली है। समिति के सदस्य मोतीलाल और शांतिलाल ने भी बताया कि उन्हें मोटरसाइकिल विथ आइस बॉक्स उपलब्ध कराया गया है। इसकी मदद से वे मछलियों का परिवहन व विक्रय आसानी से कर पा रहे हैं और मछलियां अच्छे दाम पर बिक रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से उन्हें प्रत्यक्ष लाभ मिला है।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के जरिए नीमच सहित देशभर के मछुआरों को आधुनिक संसाधन, परिवहन सुविधा और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि इस योजना से मत्स्य उत्पादन, आय और रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।
==============
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) हेतु ऑनलाइन डैशबोर्ड का शुभारम्भ
नीमच 21 सितम्बर 2025, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली द्वारा आज “Online Dashboard for Claimant Reimbursement & Deposit System for Motor Accident Claims Tribunal (MACT)” का शुभारम्भ किया गया। इसका उद्घाटन न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत, न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय एवं कार्यकारी अध्यक्ष, NALSA द्वारा किया गया। इस अवसर पर न्यायमूर्ति श्री जे.के.माहेश्वरी, माननीय न्यायमूर्ति श्री आलोक अराधे उपस्थित रहे। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय से मुख्य न्यायाधिपति श्री संजीव सचदेवा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय से न्यायमूर्ति श्री अतुल श्रीधरन, श्री विवेक रूसिया एवं श्री आनंद पाठक ने भी सहभागिता की।
इस पोर्टल के माध्यम से मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) से संबंधित क्षतिपूर्ति राशि के जमा एवं भुगतान की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन हो सकेगी। अब पीड़ित पक्ष सीधे अपने दावे की स्थिति देख सकेंगे और क्षतिपूर्ति राशि समयबद्ध तरीके से सीधे बैंक खाते में प्राप्त कर सकेंगे। यह पहल न्याय प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं जनसुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उक्त उद्घाटन समारोह में नीमच ज़िला एवं तहसील स्तर पर पदस्थ सभी न्यायिक अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की और इस नयी प्रणाली को अत्यंत महत्वपूर्ण व उपयोगी पहल बताया।
नीमच जिला मुख्यालय पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत की अध्यक्षता में समस्त न्यायाधीशगण जिला न्यायालय परिसर स्थित सभाकक्ष में इस कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से जुड़े। इसके साथ ही तहसील न्यायालयों में पदस्थ न्यायाधीशगण भी ऑनलाइन माध्यम से इस कार्यक्रम में उपस्थित थे। यह जानकारी जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री प्रवीण कुमार ने दी।
===============
सेवा पखवाड़ा के तहत अंकुर उपवनों की साफ सफाई
नीमच 21 सितम्बर 2025,सेवा पखवाड़ा के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के नेतृत्व एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 के तहत रविवार को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में वृक्षारोपण स्थलों ,अंकुर उपवनों की साफ सफाई और पौधों की निंदाई गुड़ाई कर एवं गैप फिलिंग के तहत पौधारोपण का कार्य किया गया।=============
सेवा पखवाड़ा के तहत पौधा रोपण किया
नीमच 21 सितंबर 2025, वनमण्डलाधिकारी, नीमच श्री एस.के.अटोदे के निर्देशन में नीमच जिले में वन विभाग द्वारा सेवा पखवाड़ा के तहत वनपरिक्षेत्र जावद की नीमच सिंगोली मार्ग पर, गौशाला के समीप स्थित बीट केवडिया के कक्ष क. पी-72 में रविवार को पौधा रोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया वन विभाग द्वारा 2 अक्टूबर 2025 तक 2000 पौधा रोपण का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सखलेचा वह अन्यजन प्रतिनिधि गण उपस्थित थे।विधायक श्री सखलेचा, जनप्रतिनिधियों, उपवनमण्डलाधिकारी नीमच श्री दशरथ अखण्ड एवं रेंजर श्री विपुल प्रभात करोरिया एवं टीम ने पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर वन विभाग की ओर से श्री अंतिम हरित, परिक्षेत्र सहायक रतनगढ़, एवं वनरक्षक श्री दुर्लभसिंह राठौर बीट प्रभारी केवडिया, तथा अन्य स्टॉफ रेंज जावद तथा वनसमिति अध्यक्ष श्री रामदेव गुर्जर एवं समिति सदस्य श्री पप्पुलाल जी गुर्जर एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।
विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा, कि “पर्यावरण को स्वच्छ और हरित बनाने में जनभागीदारी आवश्यक हैं। गौरतलब हैं, कि सेवा पखवाडा 2 अक्टूबर तकआयोजित किया जा रहा है। वन विभाग द्वारा सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत पौधा रोपण किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने वृक्ष लगाओं, जीवन बचाओं” और “वृक्ष लगाओं, प्रकृति बचाओं का संदेश दिया और पर्यावरण सुरक्षा की शपथ ली।
===================
सिंगोली में आयुष चिकित्सा शिविर सपन्न ,107 मरीजों का किया उपचार
नीमच 21 सितंबर 2025, स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा स्वस्थ नारी एवं सशक्त परिवार अभियान के तहत आयुष विभाग द्वारा शासकीय आयुर्वेद औषधालय थड़ोद द्वारा सिंगोली मे जिला आयुष अधिकारी डॉ.आशीष बोरना के निर्देशन में निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमवात, संधिवात, चर्म रोग उदर रोग,विबंध, श्वास,कास,प्रति शय, रक्त अल्पता, रक्तचाप, अर्श गैस अम्लपित्त साइटीका, हृदय प्रमेह, आदि बीमारियों की जांच कर नि:शुल्क औषधियां वितरित की गई।
शिविर में बीपी, की निशुल्क जांच कर आवश्यक परामर्श के साथ औषधियां उपलब्ध कराई गई शिविर में कुल 107 रोगियों ने स्वास्थ्य का लाभ लिया। शिविर में डॉ.आर.पी.वर्मा, श्रीमति संजू कुमारी एवं श्री गोविन्द दास स्वामी ने अपनी सेवाएं दी।
================
आदि शक्ति को समर्पित “शक्ति पर्व” कल*
माँ भादवा माता मंदिर प्रांगण में लोकगायन और नृत्य नाटिका की होंगी प्रस्तुतियाँ
*नीमच 21 सितंबर 2025।* संस्कृति विभाग, म.प्र. शासन द्वारा शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर “शक्ति पर्व” का आयोजन 22 सितंबर, 2025 को सायं 6.30 बजे से माँ भादवा माता मंदिर में किया जाएगा। इस प्रदेश स्तरीय महोत्सव में लोक-भक्ति गायन और आदि शक्ति को समर्पित नृत्य नाटिका के माध्यम से देवी के वैभव और महिमा को विभिन्न कला रूपों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
माँ भादवा की भक्ति में डूबे कलारसिकों के मध्य शाजापुर के दिनेश कुमार धौलपुरे लोकगायन की प्रस्तुति देकर सभा का आगाज करेंगे। इसके पश्चात उज्जैन की गार्गी आचार्य एवं साथी नृत्य नाटिका “महिषासुरमर्दिनी” के माध्यम से माता के शक्ति स्वरूप और धर्म की स्थापना की कथा को मंच पर जीवंत करेंगी। इस सुमधुर शाम का समापन भोपाल के शिवम नागर भक्ति गायन की प्रस्तुति देकर करेंगे।
==========
कॉंग्रेस का एक एक कार्यकर्ता पार्टी की ताकत है- नंदकिशोर पटेल
कॉंग्रेसजनों ने पूर्व विधायक के नीमच पहुंचने पर किया स्वागत
नीमच। कॉंग्रेस का एक एक कार्यकर्ता पार्टी की ताकत है रीढ़ है। नेताओं का महाबल होता है कार्यकर्ता, एक कार्यकर्ता पार्टी की ताकत तो होता है ही वहीं वो उसे नेता के लिये भी उतना ही महत्व रखता है जिनकी मेहनत से वो जनप्रतिनिधि बनता है। कॉंग्रेस के कार्यकर्ताओं में उत्साह व जोश निरंतर बना रहता है। सत्ता आती जाती रहती है लेकिन कॉंग्रेस के कार्यकर्ताओं में जोश कभी कम नहीं होता है। मुझे हमेशा से कॉंग्रेस के कार्यकर्ताओं का नेताओं को साथियों को निरंतर प्रेम स्नेह तो मिलता रहता है ही वही उनका सहयोग भी हमेंशा मिलता है। आज यहां मुझे जो सम्मान दिया है उसे सम्मान से मैं अभिभूत हॅू।
उक्त विचार पूर्व विधायक नंदकिशोर पटेल ने व्यक्त किये। वे कॉंग्रेसजनों से मिलन समारोह में बोल रहे थे। ज्ञात रहे पूर्व विधायक नंदकिशोर पटेल तीन माह की लम्बी लंदन यूके की यात्रा करके नीमच लौटे है। उनके नीमच आने पर कॉंग्रेसजनो ने मिलन समारोह के रूप में कार्यक्रम का आयोजन कर उनका सम्मान किया। जेतपुरा से आगे मंदसौर रोड़ बायपास पर एक रेस्टोरंेट में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ो की संख्या में उपस्थित कॉंग्रेसनेताओं व कार्यकर्ताओं ने नंदकिशोर पटेल का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत सम्मान किया। इस अवसर पर उनके अनुभव को साझा करते हुए कई कॉंग्रेसजनों ने कहा कि नंदकिशोर पटेल जैसा नेता बहुत कम देखने को मिलते है। नंदकिशोर पटेल का कार्यकर्ताओं के प्रति उनकी नेतृत्व शैली व कार्यकरने का तरीका ही समर्थकों को अपनी और खीचे रखता है। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष अरविन्द चौपड़ा, अनिल चौरसिया, बृजेश मित्तल, राकेश अहीर, सत्यनारायण पाटीदार, रमेश राजोरा, हरीश दुआ, मधु बंसल, संजीव पगारिया, गजेन्द्र यादव, हिदायतउल्ला खान, सईदभाई काले, इकराम पहलवान, शराफत खान,महेश वीरवाल, भूपेन्द्र बोहरा बाबा सहित सैकड़ो की संख्या में कॉग्रेसजन व अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।
इन्दिरा नगर में दशहरा उत्सव समिति की बैठक सम्पन्न, लिये निर्णय
नीमच। इन्दिरा नगर में इस वर्ष से रावण के पुतले के दहन की नई परंपरा प्रारंभ होगी। 05 अक्टूबर रविवार को दशहरा मेला लगेगा एवं रावण के पुतले का दहन होगा।
कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने एवं दशहरा उत्सव से आमजन को बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देने हेतु मॉर्निंग क्लब इन्दिरा नगर द्वारा गठित मॉ शीतलातामाताजी दशहरा उत्सव समिति के सदस्यों की एक बैठक आहुत हुई जिसमें विभिन्न निर्णय लिये गये। वहीं क्षेत्र में पहली बार हो रहे दशहरा उत्सव में आमजन की सुविधाओं को देखते हुए काम किया जा रहा है।
दशहरा उत्सव को लेकर संपूर्ण इंदिरा नगर सहित आसपास क्षेत्रों के रहवासियों में उत्साह देखते ही बन रहा है। मॉर्निंग क्लब के सदस्य स्वयं सहभागिता निभाते हुए इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने हेतु निरंतर तन, मन धन से जुटे हुए है। वहीं नगरपालिका के सहयोग से दशहरा उत्सव वाली जगह खेल मैदान में साफ सफाई करवाकर यहां लगे खम्बो पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाईटें सुधवाकर नई लाईटें भी लगवाई गई जिससे दशहरा उत्सव खैल मेदान जगमगाने लगा है।
कार्यक्रम में मंच व्यवस्था, पांडाल व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, व आमजन की सुरक्षा के संबंध आवश्यक निर्णय लिए।
ज्ञात रहे इस वृहद आयोजन में सम्पूर्ण इन्दिरा नगर, न्यू इन्दिरा नगर, विस्तार, एस एल क्वार्टर, भगवानुपरा, त्रिमूर्ति नगर, गणपति नगर, सांईनाथ नगर, क्लासिक क्राउन कॉलोनी, शगुन रेसीडेंसी, एकता नगर, तिलक नगर, आंजना कॉलोनी, ग्वालटोली, नई आबादी, बरूखेड़ा रोड़, बरूखेड़ा, कॉलेज रोड़, स्कीम नं.10, यादव मंडी आदि क्षेत्रों के रहवासी बडी संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लंेगे।
कॉंग्रेसजनों ने पूर्व विधायक के नीमच पहुंचने पर किया स्वागत


