मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 16 अप्रैल 2026 गुरुवार

///////////////////////////////////

बोर्ड परीक्षा परिणाम में जिले ने हायर सेकेंडरी में प्रदेश में 11वां एवं हाई स्कूल में प्रदेश में 19वां स्थान प्राप्त किया

हायर सेकेंडरी परीक्षा में प्रदेश मेरिट में जिले के 3 एवं हाई स्कूल के 2 बच्चों ने स्थान पाया

हाईस्कूल परीक्षा में 18 एवं हायर सेकेंडरी में 6 शासकीय शालाओं का परिणाम शत प्रतिशत रहा

मंदसौर 15 अप्रैल 26/ जिला शिक्षा अधिकारी जिला मन्दसौर द्वारा बताया गया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश भोपाल द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम अनुसार मंदसौर जिले का हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम शासकीय शालाओं का नियमित परीक्षार्थियों का 87.53% रहा है, वहीं अशासकीय शालाओं के नियमित परीक्षार्थियों का परिणाम 80.86% रहा | संपूर्ण जिले का नियमित परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम 84.89% रहा एवं स्वाध्यायी परीक्षार्थियों का परिणाम 28.90 रहा है। हायर सेकेंडरी परीक्षा में जिले का प्रदेश स्तर पर 11 वां स्थान रहा है। गतवर्ष 2025 के हायर सेकेंडरी परीक्षा में जिले का परिणाम 83.16% रहा था, इस वर्ष इसमें 4% की वृद्धि हुई है। इस वर्ष हायर सेकेंडरी परीक्षा में संपूर्ण जिले में 10527 नियमित परीक्षार्थी एवं 980 स्वाध्याय परीक्षार्थी 11507 परीक्षार्थी दर्ज हुए थे। हायर सेकेंडरी परीक्षा में राज्य मेरिट सूची में जिले के 3 परीक्षार्थियों ने स्थान बनाया है।

इसी प्रकार हाई स्कूल परीक्षा का परिणाम शासकीय शालाओं के नियमित परीक्षार्थियों का 80.92% एवं शासकीय शालाओं के नियमित परीक्षार्थियों का 73.30% रहा | संपूर्ण जिले के नियमित परीक्षार्थियों का 77.95% रहा एवं स्वाध्यायी परीक्षार्थियों का 18.42% रहा है। हाई स्कूल परीक्षा में राज्य स्तर पर जिले का 19वां स्थान रहा है। गतवर्ष हाई स्कूल परीक्षा परिणाम 83.55% रहा था एवं प्रदेश में जिले को 13वां स्थान प्राप्त हुआ था। हाई स्कूल परीक्षा में इस वर्ष 14758 नियमित 1227 स्वाध्यायी मिलाकर कुल 15985 विद्यार्थी दर्ज हुए थे। हाई स्कूल परीक्षा की रजिस्टर मेरिट सूची में जिले के दो परीक्षार्थियों को स्थान प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि संपूर्ण प्रदेश का हायर सेकेंडरी का नियमित परीक्षार्थियों का परिणाम 86.01% एवं हाई स्कूल का परिणाम 73.42% रहा है। दोनों परीक्षाओं में जिले का प्रदर्शन राज्य स्तरीय परीक्षा परिणाम से अच्छा रहा है।

==============

मंदसौर में एनसीसी ट्रेनिंग सेंटर को लेकर उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

मंदसौर 15 अप्रैल 26/ कमान अधिकारी कर्नल ज्योति प्रकाश (भारतीय सेना) 5 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी मंदसौर द्वारा बताया गया कि मेजर जनरल जे.पी. सिंह, एडीजी, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एनसीसी, ब्रिगेडियर संजीव कुमार तथा कर्नल ज्योति प्रकाश 5 मध्य प्रदेश एनसीसी बटालियन, मंदसौर ने इस परियोजना के संबंध में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री श्री जगदीश देवड़ा से मुलाकात की।

बैठक के दौरान मंदसौर में एनसीसी ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना पर विस्तृत चर्चा हुई। इस पहल को लेकर मंत्री श्री देवड़ा ने सिद्धांततः सहमति प्रदान की। साथ ही, मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ एनसीसी डायरेक्टरेट द्वारा परियोजना के लिए शीघ्र ही विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया।

यह पहल इंदौर और उज्जैन संभाग के क्षेत्रों के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगा, इससे उन्हें उच्च स्तरीय एनसीसी प्रशिक्षण प्राप्त होगा, जो न केवल उनके कौशल विकास को बढ़ावा देगा, बल्कि उन्हें राष्ट्र की मुख्यधारा में बेहतर रोजगार और करियर के अवसर भी प्रदान करेगा।

=======

कुमारी शालिनी सिंह का राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में हुआ चयन

मंदसौर। हॉकी मंदसौर की प्रतिभाशाली खिलाड़ी कुमारी शालिनी सिंह का राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में चयन हुआ।शालिनी ने मंदसौर के हॉकी मैदान पर वर्षों तक निरंतर मेहनत और लगन से अभ्यास किया। अपनी इसी मेहनत के दम पर उनका चयन मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी, ग्वालियर में हुआ, जहां से उन्होंने अपने खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।आज उनका यह राष्ट्रीय स्तर पर चयन न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे मंदसौर और मध्य प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

===========

श्रीराम विद्यालय के छात्र संजय सिंह ने 12 वी वाणिज्य संकाय में 83 प्रति. के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया

सीतामऊ।माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा धोषित कक्षा 10वीं व कक्षा 12वीं का परिणाम में श्री राम उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीतामऊ का 10 वीं परीक्षा परिणाम 70 प्रतिशत व कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 68 प्रतिशत एवं संकायवार वाणिज्य का 75 विज्ञान 80 कला 56 प्रतिशत रहा। छात्र संजयसिंह पिता मुकेशसिह ने कक्षा 12 वी वाणिज्य संकाय में 83 प्रतिशत के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर प्राचार्य व सभी शिक्षको ने छात्रो को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दी।

========

दो माह बाद भी नहीं मिले चोरी हुवे पशु फरियादि भटक रहा दर दर

भैंस चोरी का खुलासा कब,दो माह बाद भी खाली हाथ नाहरगढ़ पुलिस, फरियादी परेशान

मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिल्लोद में पशु चोरी की घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दो माह बीत जाने के बाद भी चोरी हुई भैंसों का कोई सुराग नहीं लग पाया है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बिल्लोद निवासी केशुराम पिता गौतमलाल मालवीय ने बताया कि 13-14 फरवरी की दरमियानी रात को बिल्लोद-नापाखेड़ा रोड स्थित उसके खेत के कुएं पर बंधी तीन भैंसें व दो बछड़े अज्ञात चोर चुरा ले गए। फरियादी द्वारा नाहरगढ़ थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, लेकिन लंबे समय बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।

पीड़ित का आरोप है कि जब वह मामले की जानकारी लेने थाने पहुंचा तो पुलिस ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद उसने CM Helpline में शिकायत दर्ज कराई (क्रमांक 36883541)। आरोप है कि शिकायत के बाद थाने बुलाकर पुलिसकर्मियों ने दबाव बनाकर हेल्पलाइन शिकायत बंद करवा दी।

इधर, इसी गांव में अप्रैल माह की शुरुआत में एक और किसान के खेत से भैंस चोरी होने की घटना सामने आई है, जिसका भी अब तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।

इनका कहना है:जांच अधिकारी एएसआई कन्हैयालाल यादव ने बताया कि भैंस गुमशुदगी का मामला दर्ज है, जांच जारी है।

========

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}