समस्यामंदसौर जिलासीतामऊ

12 महीने बाद भी पूरा नहीं हुआ बाजखेड़ी विद्युत ग्रिड, घटिया निर्माण के आरोपों ने खोली पोल, सरिये और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर उठे सवाल

ठेकेदार की मनमानी से ग्रामीण परेशान, शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी

सीतामऊ। तहसील क्षेत्र के ग्राम बाजखेड़ी में निर्माणाधीन विद्युत वितरण केंद्र (ग्रिड) का काम ठेकेदार की कथित लापरवाही और निर्माण में अनियमितताओं के आरोपों के चलते सवालों के घेरे में है। टेंडर जारी हुए करीब 12 महीने और निर्माण कार्य शुरू हुए 10 महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक ग्रिड का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। ग्रिड चालू नहीं होने से बाजखेड़ी सहित आसपास के गांवों के किसानों और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा मनमानी की जा रही है। निर्धारित तकनीकी मापदंडों को नजरअंदाज कर निर्माण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे सरिये की गुणवत्ता से लेकर अन्य सामग्री और कार्य की मजबूती तक पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में तय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे भविष्य में ग्रिड की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

शिकायतों के बाद भी नहीं हुई जांच

ग्रामीणों के अनुसार निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक न तो निर्माण स्थल का कोई प्रभावी निरीक्षण हुआ और न ही गुणवत्ता की जांच को लेकर ठोस कार्रवाई सामने आई है। अधिकारियों की इस चुप्पी से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का सवाल है कि जब निर्माण कार्य में गड़बड़ी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं तो जिम्मेदार विभागीय अधिकारी जांच करने से क्यों बच रहे हैं?

ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

बताया जा रहा है कि ग्रिड निर्माण का कार्य देवास के रामनगर निवासी ठेकेदार विपुल जैन द्वारा करवाया जा रहा है। निर्माण में हो रही देरी और गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों का खामियाजा क्षेत्र के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। समय पर ग्रिड तैयार नहीं होने से विद्युत व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों की उम्मीदें भी अधूरी बनी हुई हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों से जांच कराने की मांग

ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण स्थल का वरिष्ठ तकनीकी अधिकारियों की टीम से तत्काल निरीक्षण करवाया जाए। निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे सरिये सहित सभी सामग्री के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही टेंडर की शर्तों, स्वीकृत तकनीकी मापदंडों और निर्माण की समय-सीमा की भी जांच हो। यदि जांच में लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि केवल कागजों में निर्माण पूरा दिखाने के बजाय गुणवत्तापूर्ण काम करवाकर जल्द ग्रिड चालू किया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}