रीवा के भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के विवादित बोल, वायरल वीडियो देखकर किसान हुए आगबबूला

रीवा के भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के विवादित बोल, वायरल वीडियो देखकर किसान हुए आगबबूला
✍🏻 विकास तिवारी
रीवा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में वह किसानों को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं।
किसान 3 महीने ही मेहनत करता है
वीडियो में सांसद कहते हैं कि किसान 3 महीने ही मेहनत करता है और 9 महीने ताश खेलता है, राजश्री खाता है, बोतल से पीता है, चोंगी पीता है और जय भोले करता है। उक्त वीडियो जबलपुर और रीवा सहित पूरे विंध्य क्षेत्र में आग की तरह फैल रहा है।
सफेद कुर्ता, बेज रंग की जैकेट और चश्मा
सोशल मीडिया में सांसद भाषण देते दिख रहे हैं। सफेद कुर्ता, बेज रंग की जैकेट और चश्मा लगाए जनार्दन मिश्रा किसानों की जीवनशैली पर सवाल उठाते हुए यह बात कह रहे हैं।
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
वीडियो सामने आते ही कमेंट सेक्शन में गुस्से का सैलाब आ गया। किसानों ने लिखा कि खेती कोई 3 महीने का काम नहीं है। बीज बोने से लेकर फसल काटने, सिंचाई, खाद, कीटनाशक, मंडी में बेचने और कर्ज चुकाने तक किसान 365 दिन परेशान रहता है। कई यूजर्स ने सांसद को चुनौती दी कि वह एक दिन धूप में खेत में काम करके दिखाएं।
पहले भी विवादों में रहे हैं सांसद
जनार्दन मिश्रा अपने बेबाक और विवादित बयानों के लिए जाने जाते हैं। लेकिन इस बार मामला अन्नदाता से जुड़ा होने के कारण ज्यादा गंभीर हो गया है।
राजनीतिक बवाल शुरू
कांग्रेस और किसान संगठनों ने इस बयान को किसानों का अपमान बताया है और सांसद से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। विपक्ष ने कहा कि यह भाजपा की किसान विरोधी सोच को दर्शाता है।
किसान संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी
अभी तक भाजपा संगठन या सांसद की ओर से कोई सफाई नहीं आई है। फिलहाल वीडियो लगातार वायरल हो रहा है और किसान संगठनों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।



