डॉ. रघुवीर सिंह महाविद्यालय सीतामऊ में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह आयोजित: सामूहिक शपथ ग्रहण और लघु फिल्म का प्रदर्शन

डॉ. रघुवीर सिंह महाविद्यालय सीतामऊ में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह आयोजित: सामूहिक शपथ ग्रहण और लघु फिल्म का प्रदर्शन
सीतामऊ ।लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पावन जयंती के उपलक्ष्य में डॉ. रघुवीर सिंह शासकीय महाविद्यालय, सीतामऊ में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रभारी प्राचार्य श्री राजेश बारिया ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं महाविद्यालय स्टाफ को देश की एकता, सुरक्षा और संप्रभुता को बनाए रखने की सामूहिक शपथ दिलवाई। इसके पश्चात सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रेरक जीवन तथा 562 रियासतों के ऐतिहासिक एकीकरण पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री (लघु फिल्म) का प्रदर्शन किया गया।
इस संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संयोजन भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ प्रभारी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपिका रायकवार द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के स्वयंसेवक विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा, जिनमें कुमकुम कल्याणे, सपना, नागेश्वर एवं नरेंद्र प्रमुख रहे।
इस अवसर पर IQAC (आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ) प्रभारी डॉ. संजय प्रजापत सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर सरदार पटेल के सपनों के सशक्त, समर्थ और संगठित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।



