रूपारेल से आशापुरा माताजी तक निकली 151 फीट की चुनर यात्रा

नवरात्रि पर सर्वधर्म समाज की मातृशक्तियों ने लिया भाग, केसरिया और गुलाबी वेशभूषा में दिखी धर्म और आस्था की झलक
पंकज बैरागी
सुवासरा। तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत गोवर्धनपुरा के ग्राम रूपारेल में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नवरात्रि के पावन पर्व पर माता अन्नपूर्णा मंदिर से 151 फीट की भव्य चुनर यात्रा निकाली गई। यात्रा में सर्वधर्म समाज के समाजजनों एवं मातृशक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और धर्म जागृति का संदेश दिया।
चुनर यात्रा ग्राम रूपारेल से प्रारंभ होकर धामनिया, राठौर कॉलोनी सुवासरा, पेट्रोल पंप चौराहा स्थित चौराहे वाले बालाजी मंदिर, सुवासरा नगर, न्यू बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, ओल्ड पलासिया, तहसील रोड, रुणीजा रोड एवं टुकड़ा होते हुए ग्राम गलना स्थित आशापुरा माताजी मंदिर पहुंची। यहां नवरात्रि के पावन अवसर पर 151 फीट की चुनरी माता आशापुरा के चरणों में श्रद्धापूर्वक अर्पित की गई।
केसरिया और गुलाबी वेशभूषा में शामिल हुईं मातृशक्तियां
चुनर यात्रा में ग्राम रूपारेल की मातृशक्तियां विशेष रूप से केसरिया एवं गुलाबी रंग की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर शामिल हुईं। पूरे मार्ग में धार्मिक उत्साह और माता रानी के प्रति श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। मातृशक्तियों की सहभागिता ने यात्रा को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया।
धर्म जागृति और सामाजिक एकता का दिया संदेश
151 फीट की चुनर यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने सनातन धर्म के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। इस आयोजन ने धार्मिक परंपराओं के संरक्षण, सामाजिक समरसता तथा मातृशक्ति की सहभागिता का संदेश दिया। नवरात्रि के पावन पर्व पर माता आशापुरा के चरणों में चुनरी अर्पित कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।



