खाद्य विभाग की सुस्ती पर उठे सवाल, सुवासरा मे नकली दूध-घी के बड़े कारखाने का भंडाफोड़, 48 घंटे बाद भी आरोपी फरार

खाद्य विभाग की सुस्ती पर उठे सवाल, सुवासरा मे नकली दूध-घी के बड़े कारखाने का भंडाफोड़, 48 घंटे बाद भी आरोपी फरार
सुवासरा। क्षेत्र में नकली दूध और देसी घी बनाने वाले एक बड़े कारखाने का भंडाफोड़ होने के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। हालांकि, इतनी बड़ी मात्रा में मिलावटी सामग्री की जब्ती को क्षेत्र में प्रशासन की बड़ी सफलता माना जा रहा है, लेकिन इतने बड़े अवैध कारोबार के उजागर होने के बावजूद खाद्य सुरक्षा विभाग की निष्क्रियता पर स्थानीय नागरिकों में भारी रोष है।
नगर की डेयरियों पर जांच न होने से बढ़ा संशय-
इतने बड़े पैमाने पर चल रहे मिलावट के काले कारोबार के खुलासे के बाद भी खाद्य विभाग की टीम ने नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित दूध डेयरी संस्थानों की पड़ताल करना मुनासिब नहीं समझा। सुवासरा नगर के विभिन्न मोहल्लों में जगह-जगह दूध डेयरियों का संचालन धड़ल्ले से किया जा रहा है, लेकिन विभाग ने आज तक इनकी गुणवत्ता और मानकों की जांच नहीं की है। कारखाने से भारी मात्रा में जब्त केमिकल और नकली सामग्री के बाद अब आमजन इस बात को लेकर बेहद चिंतित हैं कि जो दूध वे रोज़ सुबह अपने परिवार और बच्चों के लिए खरीद रहे हैं, वह असली है या धीमा ज़हर।
क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन
नगर में इस बात की भी चर्चा जोरों पर है कि जब इतने बड़े कारखाने का खुलासा हो चुका है, तब भी प्रशासन मोहल्लों में चल रही डेयरियों पर जांच-पड़ताल क्यों नहीं कर रहा है? स्थानीय निवासियों का सवाल है कि क्या खाद्य विभाग और प्रशासन किसी गंभीर जनस्वास्थ्य संकट का इंतजार कर रहा है? नागरिकों ने मांग की है कि नगर की सभी डेयरी संस्थाओं में दूध की गुणवत्ता और स्वच्छता की समय-समय पर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पुलिस का दावा: जल्द गिरफ्त में होंगे आरोपी
मामले में सुवासरा थाना प्रभारी बी. डी. बीरा ने बताया कि पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



