नगर परिषद के कथित भ्रष्टाचार और सांदीपनी विद्यालय के बस प्रकरण को लेकर 8 दिवसीय लोटन यात्रा शुरू

नगर परिषद के कथित भ्रष्टाचार और सांदीपनी विद्यालय के बस प्रकरण को लेकर 8 दिवसीय लोटन यात्रा शुरू
मंदसौर/मल्हारगढ़। नगर परिषद से जुड़े कथित भ्रष्टाचार एवं निर्माण कार्यों में अनियमितताओं के आरोप और सांदीपनि विद्यालय मल्हारगढ़ की बसों से जुड़े लंबित प्रकरण में कार्रवाई की मांग को लेकर पत्रकार गोपाल मालेचा ने 8 दिवसीय लोटन यात्रा शुरू की है। यात्रा की शुरुआत 29 सितंबर को गांधी चौराहा मंदसौर से की गई।
लोटन यात्रा की शुरुआत से पहले गांधी चौराहे पर सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद प्रशासन को सद्बुद्धि देने तथा नगर परिषद और सांदीपनि विद्यालय से जुड़े लंबित मामलों में कार्रवाई की प्रार्थना करते हुए लोटन यात्रा प्रारंभ की गई।
लोटन यात्रा के दौरान नगर परिषद के कथित भ्रष्टाचार से जुड़े निर्माण कार्यों, पूर्व में की गई शिकायतों और लंबित मांगों को प्रमुख मुद्दा बनाया गया है। मालेचा का कहना है कि नगर परिषद से संबंधित निर्माण कार्यों एवं अन्य मामलों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
इसके साथ ही सांदीपनि विद्यालय मल्हारगढ़ की बसों से जुड़े मामले को भी यात्रा में प्रमुखता से उठाया जा रहा है। मालेचा के अनुसार, इस संबंध में शिकायत किए जाने के बावजूद करीब छह माह से कार्रवाई लंबित है। उनका आरोप है कि विद्यालय से अटैच कुछ बसें विद्यालय परिसर में खड़ी होने के बजाय अन्य स्थानों पर खड़ी की जा रही हैं और उनका अन्य प्रयोजनों में उपयोग किया जा रहा है। मामले में जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जा रही है।
पहले दिन सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ के बाद शुरू हुई लोटन यात्रा पुलिस सहायता केंद्र, सरदार पटेल चौराहे पर पहुंचकर समाप्त हुई। अब दूसरे दिन की यात्रा की शुरुआत इसी स्थान से की जाएगी। दूसरे दिन भी सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ के बाद लोटन यात्रा आगे बढ़ाई जाएगी।
पत्रकार गोपाल मालेचा के अनुसार, यह यात्रा आठ दिनों तक चलेगी और गांधी चौराहे से कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचकर नगर परिषद के कथित भ्रष्टाचार एवं निर्माण कार्यों तथा सांदीपनि विद्यालय की बसों से जुड़े लंबित प्रकरणों में कार्रवाई की मांग प्रशासन के समक्ष रखी जाएगी।
अब देखना होगा कि आठ दिवसीय लोटन यात्रा के बाद प्रशासन की ओर से नगर परिषद से जुड़े आरोपों और सांदीपनि विद्यालय के बस प्रकरण में क्या कार्रवाई की जाती है।



