गुराडिया प्रताप में आंगन मिलन सेवा एवं पोषण माह कार्यक्रम आयोजित

जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार ने की सहभागिता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का किया सम्मान
रिपोर्टर : पंकज बैरागी, सुवासरा ✍️
सुवासरा। समीपस्थ ग्राम पंचायत गुराडिया प्रताप में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम एवं पोषण माह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा डॉ. विजय पाटीदार ने सहभागिता की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार ने माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य तथा सुपोषित समाज के निर्माण को लेकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली और उनके साथ संवाद किया। उन्होंने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए सामूहिक प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों की उपस्थिति में उन्हें पोषण आहार किट वितरित की गई तथा उनके स्वस्थ एवं सुपोषित भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर सुनीता आर्य, सरपंच प्रतिनिधि सुभाष पाटीदार, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, आशा कार्यकर्ता, मातृशक्ति तथा बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।



